जिला अस्पताल के ओपीडी में मरीज को ताला लगाकर किया बन्द, स्वास्थ्य विभाग ने बयान जारी कर दी सफाई


शहडोल

कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल शहडोल में इलाज कराने पहुंचे अनूपपुर जिले के एक मरीज को कथित तौर पर अस्पताल की ओपीडी में बंद कर दिया गया। मरीज घंटों तक कमरे में कैद रहा और बाहर निकलने के लिए मदद की गुहार लगाता रहा। काफी देर बाद जब सुरक्षा गार्ड की नजर उस पर पड़ी, तब कहीं जाकर कमरा खुला और मरीज को बाहर निकाला गया।

अनूपपुर जिले के बिजुरी निवासी मोहम्मद अमजद इलाज कराने के लिए शहडोल जिला अस्पताल पहुंचे थे। वह अस्पताल की ओपीडी के कमरा नंबर 14 में डॉक्टर को दिखाने गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर ओपीडी में ताला लगा दिया गया और मरीज अंदर ही बंद रह गया, देखते ही देखते इलाज कराने आया मरीज खुद को एक बंद कमरे में कैद पाया। 

बताया जा रहा है कि मरीज ने बाहर निकलने के लिए काफी देर तक आवाज लगाई और मदद की गुहार करता रहा,बंद कमरे में फंसे रहने के दौरान उसकी परेशानी और बढ़ गई। घंटों इंतजार के बाद जब सुरक्षा गार्ड की नजर कमरे में बंद मरीज पर पड़ी, तब ताला खोलकर उसे बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद मरीज ने राहत की सांस ली। इस घटना को अस्पताल में मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।

*प्रशासन ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति*

डॉ. शिल्पी सराफ ने बताया कि ओपीडी का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से कक्ष बंद किए जाने के दौरान एक व्यक्ति ओपीडी क्रमांक 14 में रह गया। सूचना मिलने पर शीघ्र ही उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एक व्यक्ति बिना किसी को सूचित किए बाथरूम में चला गया था। इसकी जानकारी नहीं होने और ओपीडी क्रमांक 14 के खाली होने तथा उसे बंद करने का निर्धारित समय हो जाने के कारण सुरक्षा गार्ड ने कक्ष बंद कर दिया।

राजस्व व खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 190 ट्रॉली अवैध रेत का भंडारण प्रशासन ने किया नष्ट


शहडोल

अवैध रेत भंडारण के खिलाफ खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की है। कलेक्टर के निर्देशन तथा एसडीएम जैतपुर एवं खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में जैतपुर क्षेत्र के रेत उपलब्धता वाले विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर रेत खनिज का अवैध भंडारण मिलने पर संयुक्त टीम ने मौके पर ही रेत का विनष्टीकरण कराया। कार्रवाई में अब तक करीब 190 ट्रॉली रेत का विनष्टीकरण किया गया है। अभियान के तहत अन्य स्थानों पर भी जांच और कार्रवाई जारी है।

संयुक्त जांच दल ने जैतपुर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पहुंचकर रेत भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। कार्रवाई के दौरान ग्राम लुकामपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर लगभग 45 ट्रॉली, खोड़री में 15 ट्रॉली, खोड़री तालाब के पास 20 ट्रॉली, डोंगरीटोला में 10 ट्रॉली, गलहथा में 50 ट्रॉली तथा गाड़ाघाट में लगभग 50 ट्रॉली रेत का भंडारण मिला। इस प्रकार इन छह स्थानों पर कुल लगभग 190 ट्रॉली रेत का भंडारण सामने आया, जिसका टीम द्वारा विनष्टीकरण किया गया।

राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर रेत के भंडारण पर कार्रवाई की। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध रूप से रेत के भंडारण पर अंकुश लगाना और खनिज संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी रेत का भंडारण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर अवैध भंडारण की पहचान की जा रही है।

ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर, युवक की उपचार के दौरान अस्पताल में हुई मौत


अनूपपुर

जिले के बड़हर गांव में ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर होने से 21 वर्षीय युवक टीकम सिंह घायल हो गया, हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल टीकम को परिजन निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, टीकम सिंह करीब 6 बजे बाइक से घर का सामान लेने दुकान जा रहा था। इसी दौरान गांव के मोड़ पर ट्रैक्टर और उसकी बाइक के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में टीकम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और उसके चालक को पकड़ लिया। इसके बाद परिजन घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

बताया गया की घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन अंदरूनी गंभीर चोटों के कारण करीब आधे घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मर्चुरी में रखवाया। सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम किया है। मामले में दुर्घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पुल से नीचे गिरी बाइक, नानी-नाती व पोते सहित तीन की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

*रिश्तेदार के यहाँ कथा आयोजन से वापस आ रहे थे घर*


अनूपपुर

फुनगा चौकी के अंतर्गत वाहन की टक्कर से बाइक पुल के नीचे जा गिरी। इस घटना में बाइक सवार नानी-नाती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पोते ने अस्पताल में दम तोड़ा। बताया जा रहा है कि यह सभी कथा में गए थे। घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। यह घटना ग्राम पंचायत पाली के पास की है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

मृतकों की पहचान आर्यन केवट 21 वर्ष पिता रामस्वरूप केवट, पंकज केवट 22 वर्ष पिता राजेश केवट और देववती केवट 56 वर्ष पति बद्री केवट तीनों निवासी ग्राम बकेली थाना कोतवाली अनूपपुर के रूप में हुई है। रिश्ते में मृतकों में पंकज केवट जो आर्यन केवट का फुफेरा भाई है, जबकि मृतका देववती केवट आर्यन केवट की दादी और पंकज केवट की नानी लगती है। घटना में पंकज केवट और देववती केवट की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आर्यन केवट को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां पहुंचने के दौरान ही आर्यन केवट की मौत हो गई।

मृतक आर्यन केवट का चचेरा भाई दीपक केवट ने बताया कि बिजुरी स्थित रिश्तेदार में एक व्यक्ति तीर्थ यात्रा कर वापस से बिजुरी लौटा था, इसके उपलक्ष्य में कथा का आयोजन किया गया था। बकेली स्थित गांव से कथा में शामिल होने के लिए आर्यन केवट अपने फुफेरे भाई पंकज केवट और दादी के साथ बाइक MP 65 ZC 9444 पर सवार बिजुरी गया था, जहां रात में रुकने के उपरांत सुबह बिजुरी से बकेली घर वापसी लौट रहा था। इसी दौरान पाली ग्राम पंचायत पहुंचते हैं पुल के पास अचानक बाइक पुल पर खड़ी तीन फीट ऊंची दीवाल की रेलिंग को पार करती नीचे गिर गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के पास जब बाइक गुजर रही थी तो सामने से कोई अज्ञात वाहन भी गुजरा, संभवत इसके टक्कर के बाद बाइक पुल से नीचे अनियंत्रित होकर जा गिरी।

जिला अस्पताल में लगी आग, मचा अफरा-तफरी, धुंए से घबराकर मरीज व परिजन भागे बाहर, आग पर पाया काबू

वार्ड बॉय की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी


उमरिया

जिला अस्पताल उमरिया में बिजली के पैनल में अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विद्युत पैनल से उठे धुएं के वार्डों तक पहुंचते ही मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। स्थिति को भांपते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कवायद शुरू की। इस दौरान वार्ड बॉय अमित मिश्रा और महेंद्र मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए मरीजों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के कवर्ड इलेक्ट्रिकल पैनल में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते वहां धुआं फैलने लगा, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच घबराहट की स्थिति पैदा हो गई। आग और धुएं को देखते हुए मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वार्डों से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।

इसी दौरान इमरजेंसी अलार्म बजने पर आरएमओ डॉ. संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। कर्मचारियों की तत्परता और समय पर किए गए प्रयासों से आग पर नियंत्रण पा लिया गया।

आरएमओ डॉ. संदीप सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य जरूरी उपाय किए गए। घटना के दौरान धुआं फैलने के कारण मरीजों को एहतियातन बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी मरीज सुरक्षित बताए गए हैं। आग बुझने के बाद मरीजों को दोबारा वार्डों में पहुंचाने की प्रक्रिया की जानी थी। वहीं, घटना के कारण अस्पताल के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

जिला अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर विद्युत पैनल में आग लगने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पोल खोल दी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विद्युत पैनल और संबंधित उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। 

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में एक ही ईटीपी नम्बर पर दो अलग-अलग वाहनों ने किया रेत परिवहन, तारीख मे 1 माह 3 दिन का अंतर

*ईटीपी दस्तावेज पर उठ रहे सवाल, जाँच में हो सकता है खुलासा*


अनूपपुर

जैतहरी क्षेत्र में रेत परिवहन से जुड़ा मामला दस्तावेजों के सत्यापन और खनिज परिवहन व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है। उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में एक हस्तलिखित उल्लेख के अनुसार, छत्तीसगढ़ से संबंधित टीपी पर वाहन क्रमांक MP 65 ZD 2127 होने की बात कही गई है, जबकि मध्यप्रदेश के खनिज विभाग के ई-खानिज पोर्टल से प्राप्त इंटर-स्टेट ट्रांजिट पास (ISTP) में वाहन क्रमांक MP 65 ZD 8127 दर्ज दिखाई देता है।

ई-टीपी के स्क्रीनशॉट के अनुसार, इसका नंबर 126561736 है। दस्तावेज में परिवहन की तारीख 14 अक्टूबर 2026, समय दोपहर 12:18 बजे, खनिज रेत, मात्रा 3.00 घनमीटर, लोडिंग स्थान मलादांड, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ तथा गंतव्य सीताराम गुंजी बिहार, अनूपपुर, मध्यप्रदेश दर्ज है। दस्तावेज में ई-टीपी की वैधता उसी दिन शाम 3:18 बजे तक दिखाई गई है।

वहीं, उपलब्ध दूसरे दस्तावेज पर 11 मई 2026 की मुहर और हस्तलिखित ISTP संख्या जैसा उल्लेख दिखाई देता है। इन दस्तावेजों के बीच संबंध, जारी होने का उद्देश्य और वाहन संबंधी विवरण संबंधित विभाग से सत्यापित किए जाने आवश्यक हैं।

इस पूरे मामले का केंद्रीय प्रश्न यही है कि क्या वास्तव में एक वाहन के लिए जारी परमिट का उपयोग दूसरे वाहन के परिवहन में किया गया? उपलब्ध तस्वीरों के आधार पर इस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी कि टीपी फर्जी है। इसके लिए छत्तीसगढ़ के संबंधित विभाग से मूल टीपी का सत्यापन, मध्यप्रदेश की ई-टीपी का आधिकारिक रिकॉर्ड और वाहन के पंजीयन विवरण का मिलान जरूरी है।

यदि दस्तावेजों की जांच में वाहन नंबर बदलने, गलत जानकारी देने या परमिट के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो यह गंभीर मामला होगा और नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

14 अक्टूबर 2026 को जैतहरी पुलिस ने रेत परिवहन से जुड़े मामले में कार्रवाई की। कार्रवाई का विस्तृत आधिकारिक विवरण उपलब्ध नहीं था। इसलिए यह स्पष्ट होना बाकी है कि किस वाहन को जब्त किया गया, किन दस्तावेजों की जांच हुई और क्या खनिज विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए सूचना दी गई।

वाहन MP 65 ZD 8127 के साथ प्रस्तुत ई-टीपी नंबर 126561736 का विभागीय सत्यापन कराया गया।  छत्तीसगढ़ की मूल टीपी पर दर्ज वाहन क्रमांक MP 65 ZD 2127 की पुष्टि संबंधित विभाग से की गई। 3 घनमीटर रेत की मात्रा और उसके लोडिंग व गंतव्य संबंधी विवरण की जांच हुई। इस मामले में वाहन मालिक, चालक और परमिट जारी करने की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। पुलिस और खनिज विभाग संयुक्त रूप से जांच के बाद सच सामने आ जायेगा।

करंट लगने से गांव में हाथी की हुई मौत, वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची, जाँच की शुरू


शहडोल

जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे एक मखना हाथी की कथित तौर पर बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बाणसागर इलाके के चंदौली गांव की बताई जा रही है। जहां हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

ब्यौहारी वन परिक्षेत्र में करीब 25 हाथियों का दल मौजूद है। हाथियों का यह दल अक्सर रात के समय भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर आसपास के आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकानों के भीतर रखे अनाज की गंध भी हाथियों को आकर्षित करती है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान दल से बिछड़कर एक हाथी चंदौली गांव के राजस्व क्षेत्र में पहुंच गया, जहां वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया।

घटनास्थल के आसपास घर तक बिजली पहुंचाने के लिए खुली तार का इस्तेमाल किया जा रहा था। आशंका है कि इसी तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। 

डीएफओ ने की हाथी की मौत की पुष्टि करते हुए जानकारी देते हुए बताया कि राजस्व क्षेत्र में करंट लगने से एक मखना हाथी की मौत हुई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि यदि बिजली की खुली तार के कारण हाथी की मौत हुई है, तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

2 छात्रावास अधीक्षक निलंबित, 2 बर्खास्त, 7 को नोटिस, 3 की वेतन रोकी, कार्यपालन यंत्री, प्राचार्य, ठेकेदार को नोटिस जारी


शहडोल

कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, प्राचार्य आईटी आई तथा प्राचार्य पॉलीटेक्निक को सीएम हेल्प लाइन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार शिकायतें नान अटेन्ड रहने पर पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. केपी पनिका एवं सहायक श्रमायुक्त को एक दिन अवैतनिक करने के निर्देश दिए। 

*सड़क निर्माण में धीमी प्रगति, ठेकेदार को नोटिस*

शहडोल नगर पालिका सीएमओ अमित कुमार तिवारी ने निरीक्षण के दौरान लल्लू सिंह चौक से न्यू बस स्टैंड तक डिवाइडर पर गाजर घास एवं गंदगी पाई गई। इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। वही बुढ़ार चौक से न्यू बस स्टैंड तक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में धीमी प्रगति पाए जाने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप समय पर अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया। संचालित छात्रावासों का नियमित निरीक्षण, 100 से अधिक अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी

2 छात्रावास अधीक्षक निलंबित, 2 बर्खास्त, 3 की वेतन रुकी, 7 को नोटिस

शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशानुसार छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कराया जा रहा है। इसके लिए जिला एवं उपखंड स्तर के 100 से अधिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निरीक्षण के माध्यम से छात्रावासों में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। छात्रावासों के निरीक्षण के पश्चात लापरवाही एवं अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 छात्रावास अधीक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि 2 अधीक्षकों को पद से पृथक किया गया है। इसके अतिरिक्त 3 अधीक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई है तथा 7 अधीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

ट्रक से 1.13 करोड़ का गाँजा जब्त, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मामला हुआ दर्ज


शहडोल

जयसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 735 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें चालक सीट के पीछे एक बड़े एरिया में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। मामले में ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे, ट्रक और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई शहडोल रीवा मुख्य मार्ग में हुई है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने जयसिंहनगर पहुंच कर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया है।

एसपी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। नवरात्र पर्व के मद्देनजर जयसिंहनगर पुलिस रात और प्रातः गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक और खलासी से पूछताछ की। उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक में 18 बोरियों और 81 पैकेटों में भरा कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राहुल विश्वकर्मा (36), निवासी ग्राम जमीनबारी, थाना निजामाबाद, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) और नारायण मंडल (50), निवासी ग्राम अलगडीहा, थाना बगोदर, जिला गिरिडीह (झारखंड) के रूप में हुई है।

पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 73 लाख 50 हजार रुपये बताई है। इसके अलावा ट्रक की कीमत करीब 40 लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन की कीमत पांच हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मादक पदार्थ गांजा के साथ 2 महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 91 लाख के साइबर धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर

कोतवाली पुलिस को विश्वनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला हल्के पीले रंग की छीटदार साड़ी पहने हुए एक नीले काले रंग के पिट्टू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर विक्रय करने हेतु रेल्वे स्टेशन अनूपपुर के आउटर से अमरकंटक तिराहा तरफ जाने वाली हैं। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए पहली आरोपिया महिला उम्र 37 वर्ष निवासी अम्बाझरी जिला बौद्ध प्रान्त उड़ीसा व दूसरी आरोपिया महिला उम्र 23 वर्ष निवासी अम्बाझरी जिला बौद्ध प्रान्त उड़ीसा के नीले काले रंग के पिट्टू बैग व हरे रंग की पन्नी के अंदर रखे खाकी कलर के टेप से लिपटे पैकिटो में मादक पदार्थ गांजा कुल वजन 6.460 किलोग्राम कीमत करीब 60400 रूपये को आरोपियो से जप्त किया गया है। तथा थाना कोतवाली अनूपपुर में आरोपीगणो के विरूद्ध अपराध क्रमांक 551/26 धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

*91 लाख के साइबर धोखाधड़ी में एक आरोपी गिरफ्तार*

अनूपपुर जिले के थाना जैतहरी की 91 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी में एक और फरार आरोपी भोला सिंह पिता चन्द्रपाल सिंह, उम्र 46 वर्ष, निवासी बगाई भट्टा, टीपी नगर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के खाते में रिफंड कराया गया है।

राकेश कुमार अग्रवाल निवासी जैतहरी द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में निवेश कर अच्छा रिटर्न दिलाने का लालच देकर कुल 91 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। थाना जैतहरी द्वारा प्रकरण में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई तथा फरियादी की 34 लाख रुपये की राशि होल्ड कराई गई। न्यायालय अनूपपुर के सुपुर्दगी आदेश के पालन में अब तक 14 लाख रुपये से अधिक की राशि फरियादी के बैंक खाते में रिफंड कराई जा चुकी है। शेष राशि वापस कराने की कार्यवाही जारी है।

प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों यश तोमर एवं शानू उर्फ शुभम दुआ को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो वर्तमान में जिला जेल भोपाल में निरुद्ध हैं। आरोपी को न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

छोटी महानदी में नहाने गया युवक की डूबकर हुई मौत, रेस्क्यू टीम को 24 घंटे बाद मिला शव


उमरिया

छोटी महानदी के गहरे पानी में डूबे 26 वर्षीय राहुल उर्फ रवि बर्मन का शव सुबह करहिया डैम में मिला। करीब 24 घंटे तक बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों पर जैसे ही उसकी मौत की खबर पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, चंदिया थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 निवासी राहुल, पिता राजेश बर्मन अपने दोस्त राज कुशवाहा सहित चार अन्य साथियों के साथ छोटी महानदी पहुंचा था। बताया जाता है कि राहुल नहाने के लिए नदी में उतरा, तभी वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

सूचना मिलने पर एसडीईआरएफ की टीम ने नाव की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन रविवार देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह करहिया डैम में राहुल का शव दिखाई दिया। शव पत्थरों के बीच फंसा होने के कारण उसे निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार सुबह करीब 11 बजे शव को बाहर निकाला गया।

जिस बेटे के लौटने की आस में परिवार पूरी रात इंतजार करता रहा, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को तोड़कर रख दिया। घटना से चंदिया क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 6 घायल अस्पताल में भर्ती, 3 की हालत गंभीर


उमरिया

जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत परसोरा गांव के कमरई नाला में अवैध रेत से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से छह मजदूर घायल हो गए। हादसे में तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में रामोतिया पति बाबूलाल बैगा, उर्मिला पति रघुनाथ बैगा, आशा पिता भगवानदास, रंजीत कोल पिता डोमारी कोल, मोनू कोल और ट्रैक्टर चालक संजीत कोल घायल हुए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक रेत लदी होने की बात सामने आई है।

इस हादसे ने पाली क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों से रेत का परिवहन किया जा रहा है। ओवरलोड वाहनों के संचालन से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। इसके अलावा, अवैध उत्खनन से शासन को राजस्व का नुकसान होने की आशंका है।

घटना के बाद पुलिस और खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

पाली पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अब जांच के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एक करोड़ की धोखाधड़ी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 17 वाहनों से वसूले 18.5 हजार


अनूपपुर

22 फरवरी 2024 को राधा देवी राठौर, निवासी ग्राम चोई, थाना जैतहरी द्वारा लगभग 30 अन्य पीड़ित महिलाओं के साथ थाना उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई कि माया राठौर, उसके पति पूरन राठौर, पुत्र नोहर उर्फ बबलू राठौर एवं दामाद दिनेश राठौर द्वारा विभिन्न बैंकों एवं फाइनेंस कंपनियों से ऋण दिलाने तथा किश्तें स्वयं जमा करने का प्रलोभन देकर ग्रामीण महिलाओं के नाम पर ऋण स्वीकृत कराया गया और ऋण की राशि स्वयं प्राप्त कर ली गई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों द्वारा ग्राम चोई के 30 से अधिक महिला हितग्राहियों एवं अन्य ग्रामीणों से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि की धोखाधड़ी की गई।।

शिकायत पर थाना जैतहरी में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। प्रकरण में लगभग दो वर्ष से फरार आरोपी दिनेश राठौर को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही उपरांत न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

*17 वाहनों से 18.5 हजार  का जुर्माना*

शहडोल जिले में यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते पाए जाने पर तीन वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कार्रवाई के दौरान अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। हेलमेट नहीं पहनने वाले छह वाहन चालकों तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 17 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य तेज रफ्तार से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर नियंत्रण स्थापित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

दुर्गा प्रतिमा ले जा रहे ट्रैक्टर को बस ने मारी टक्कर, 10 घायल, 6 की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती


शहडोल

ब्यौहारी थाना क्षेत्र में चरखारी के पास रविवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 10 लोग घायल हो गए, जिनमें 13 साल का एक बालक भी शामिल है। घायलों में छह की हालत नाजुक होने पर उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज और शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।

ग्रामीण ट्रैक्टर में मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर साखी की ओर जा रहे थे। उन्हें गांव के पंडाल में प्रतिमा स्थापित करनी थी। चरखारी के पास ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सीधी से ब्यौहारी आ रही बस ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली में प्रतिमा के साथ बैठे कई ग्रामीण नीचे गिर पड़े और घायल हो गए। ट्रैक्टर में करीब 16 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

ट्रैक्टर में करीब 16 लोग सवार थे, जिनमें से 10 घायल हुए हैं। घायलों में सबसे छोटा बालक 13 साल का है। कुछ लोगों के हाथ-पैर टूटे हैं, जबकि अन्य को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों की स्थिति को देखते हुए छह लोगों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। इनमें रीवा मेडिकल कॉलेज और शहडोल मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। सभी को एंबुलेंस से भेजा गया है। हादसे के दौरान ट्रॉली में मां दुर्गा की प्रतिमा भी रखी थी। पुलिस ने प्रतिमा को सुरक्षित गांव रवाना करवाया, ताकि पंडाल में उसकी स्थापना की जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नप उपाध्यक्ष  दुर्गा माँ की फ़ोटो फेंककर तोड़ने व धार्मिक भावनाएं आहत करने का लगा आरोप, लोगो मे आक्रोश, देखे वायरल वीडियो


शहडोल

बुढ़ार नगर परिषद क्षेत्र में दुर्गा उत्सव मंच के पक्कीकरण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। मामले में नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी पर माता दुर्गा की तस्वीर को नीचे हटाकर फेंकने का आरोप लगाया गया है। जो वीडियो में साफ-साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद स्थानीय हिंदू समाज और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

*वायरल वीडियो देखें👇👇👇*


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुढ़ार में लगभग 40 वर्ष पुराने दुर्गा उत्सव मंच के पक्कीकरण कार्य को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई। इसी दौरान कथित तौर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष शेखर चौधरी ने गुस्से में आकर मंच पर स्थापित माता दुर्गा की तस्वीर को नीचे हटाकर फेंक दिया। जिसमें संबंधित घटनाक्रम और उसके बाद लोगों द्वारा विरोध दर्ज कराया है।

माता दुर्गा की तस्वीर से जुड़े इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों के प्रति संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। मामले को लेकर हिंदू समाज के लोगों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी व्याप्त है। विरोध जताते हुए संबंधित लोगों ने प्रशासन से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना के वायरल वीडियो के बाद अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि सामने आए वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाए, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। साथ ही, धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए कानून के अनुसार कदम उठाए जाएं।


नदी व बांध में डूबने से युवक व सेवानिवृत्त डिप्टी रेंजर की हुई मौत, पुलिस जाँच में जुटी


अनूपपुर

दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगो की डूबने से मौत हो गयी है। अनूपपुर नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 13 में 22 वर्षीय युवक की चंदास नदी में डूबने से मौत हो गई। आशंका है कि नहाते समय उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वह पानी में गिर गया और डूब गया। युवक का शव नदी किनारे पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौप कर जांच प्रारंभ कर दी हैं।

मृतक की पहचान चंदासटोला निवासी मानस सिंह पिता चंद्रकेश्वर सिंह के रूप में हुई है। विवेचक एसआई त्रिलोक सिंह बालरे ने बताया कि मानस को पिछले 3-4 साल से मिर्गी के दौरे पड़ रहे थे। जहां वह डूबा, वहां 7 फीट से ज्यादा गहरा पानी था। मानस अविवाहित था। परिवार में उसकी छोटी बहन कंचन सिंह ही बची है। माता-पिता और दो भाई - बहन की पहले ही मौत हो चुकी है। कंचन के लिए मानस ही एकमात्र सहारा था।

वही कोतमा थाना क्षेत्र में सेवानिवृत डिप्टी रेंजर 65 वर्षीय रमेश कोल पिछले 15 दिनों से लापता थे। जिनका शव के बेलियाबड़ी गांव स्थित बांध में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बांध से बाहर निकाला। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव बुरी तरह गल चुका था, जिससे पहचान मुश्किल हो रही थी। परिजन ने कपड़ों और अन्य सामानों से शव की पहचान रमेश कोल के रूप में की। वह बेलियाबड़ी, कोतमा के रहने वाले थे और 2017 में डिंडौरी जिले से वन विभाग में डिप्टी रेंजर पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

परिजनों के अनुसार रमेश कोल 25 सितंबर को खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे, पर वापस नहीं लौटे। परिजन ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों सौप कर जांच प्रारंभ कर दी हैं।

भवन सम्बंधी समस्याओं से परेशान कन्या छात्रावास के 32 छात्राएं, 3 बजे रात कलेक्टर से मिलने निकली पैदल, मचा हड़कंप

*प्रसाशन ने समझाकर कराया सुरक्षित वापस*


शहडोल 

जिले के आवासीय छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं का अपनी समस्याएं लेकर पैदल कलेक्टर से मिलने निकलना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। पिछले दो महीने में इस तरह की पांचवीं घटना सामने आई है। ताजा मामला गोहपारू कन्या छात्रावास का है, जहां खाने और भवन संबंधी समस्याओं से परेशान 32 छात्राएं शनिवार तड़के करीब तीन बजे छात्रावास से निकलकर पैदल शहडोल के लिए रवाना हो गईं। छात्राओं का कहना था कि वे कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्याएं बताएंगी और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगी।

छात्राओं के अचानक छात्रावास छोड़कर निकलने की सूचना मिलते ही अधीक्षक ने पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए उनके साथ रहा। मामले की जानकारी मिलने पर डिप्टी कमिश्नर, जनजातीय कार्य विभाग और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तब तक छात्राएं शहडोल से करीब आठ किलोमीटर पहले निपानिया गांव तक पहुंच चुकी थीं। वे 16 किलोमीटर से अधिक पैदल चल चुकी थीं।

मौके पर पहुंचे एसी ट्राइबल आनंद राय सिन्हा ने छात्राओं से बातचीत की और उन्हें समझाया। अधिकारियों ने बताया कि वे उचित समय पर कलेक्टर के सामने अपनी शिकायतें रख सकती हैं। समझाइश के बाद छात्राएं वापस लौटने के लिए राजी हो गईं। इसके बाद उन्हें बस से सुरक्षित छात्रावास पहुंचाया गया। अधिकारियों ने छात्रावास में ही छात्राओं की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

इससे पहले जैतपुर क्षेत्र से 200 छात्र-छात्राओं के पैदल चलकर शहडोल 72 किलोमीटर दूर कलेक्टर से मिलने के लिए निकल पड़े थे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर वापस भेजा, जबकि छात्राएं शहडोल पहुंचीं और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। 

अज्ञात ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक की हुई मौत, एक घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी


शहडोल

बुढ़ार थाना क्षेत्र में बीती रात एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार सुजीत कुमार यादव (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शहडोल-बुढ़ार मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 में क्रशर के पास हुआ। स्कूटी सवार दोनों व्यक्ति अपने घर बुढ़ार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बुढ़ार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अज्ञात ट्रेलर वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। मृतक के परिजन और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

हादसे में युवक की मौत से नाराज परिजनों और लोगों ने सड़क पर चक्काजाम करने की तैयारी कर ली थी। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी खेम सिंह और उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाइश दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समय रहते लोगों को शांत करा लिया गया।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात ट्रेलर और उसके चालक का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

दो मोटरसाइकिल की हुई जोरदार टक्कर,  दो की हुई मौत, कई घायल,  विद्यालय में किशोरी को लगा करंट


उमरिया

नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में जरहा चौराहा के आगे कौड़िया पुल के पास दो बाइकों की आ सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। 

अमृतलाल पिता प्यारेलाल बैगा उम्र करीब 25 वर्ष, कैलाश पिता रामबली बैगा उम्र करीब 24 वर्ष और सागर बैगा उम्र करीब 30 वर्ष, पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 54 जेडबी 3918 से उमरिया की ओर से घुलघुली की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से मंगल कोल अपने नाती शंकर कोल के साथ बाइक क्रमांक एमपी 54 एम 1263 से अपने ग्राम भुंन्डी की ओर जा रहे थे। कौड़िया पुल के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमृतलाल बैग नाश बैगा के रूप में बताई जा रही है। वहीं सागर बगा घायल हुआ है।

घायल सागर बैगा को 112 की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय उमरिया ले जाया गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मंगल कोल के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मंगल कोल अपने नाती शंकर कोल के साथ निजी वाहन से उपचार के लिए उमरिया अस्पताल पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। 

*विद्यालय में किशोरी को लगा करंट*

उमरिया जिले के जनपद करकेली अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरहा में ग्राम सेहरा टोला (जरहा) निवासी पुरुषोत्तम बैगा की पुत्री अनुशिका, कक्षा 3 की छात्रा पढ़ाई करने विद्यालय पहुंची थी, बताया जा रहा है की विद्यालय के प्रयोगशाला भवन के नीचे विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आने से उसे करंट लग गया, जिसके कारण वह बेहोशी हो गई। बेहोशी की वहालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद विद्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। बिजली का खुला हुआ तार विद्यालय परिसर होने से अन्य बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है।


पत्नी व सास की हत्या कर आरोपी हुआ फरार, बन्द कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी


शहडोल

जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव में बंद कमरे के अंदर मां-बेटी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव करीब पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने महिला के रिश्तेदार को सूचना दी। अहमदाबाद में रह रहे रिश्तेदार ने डायल-112 को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के बाहर लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में दोनों के शव मिले।

मृतकों की पहचान रुचि रजक (30) और उसकी मां सावित्री पति प्रेमलाल (50) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रुचि का मायका सीधी जिले के मझौली में है। उसकी शादी वर्ष 2025 में नवागांव में हुई थी और वह पति के साथ रह रही थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रविवार को उसकी मां सावित्री बेटी को मायके ले जाने के लिए नवागांव पहुंची थी।

पुलिस के मुताबिक इसी बात को लेकर रुचि के पति से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि विवाद के बाद पति ने पत्नी और सास की हत्या कर दी और घटना को अंजाम देने के बाद घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे रविवार रात गांव से जाते हुए देखने की बात पुलिस को बताई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की है। पुलिस रुचि के पति की तलाश कर रही है। सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के मामले में रुचि के पति पर संदेह है। वह फिलहाल फरार है। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget