अवैध रेत उत्खनन पर पुलिस व खनिज विभाग ने चार वाहन किए जब्त, एक वाहन हुआ फरार, आरोपियों पर मामला दर्ज


अनूपपुर

थाना बिजुरी पुलिस ने चोरी की रेत का अवैध परिवहन करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ कान्हा, निवासी बड़ी डोगरिया, अपने महिन्द्रा ट्रैक्टर क्रमांक MP-18-AA-6405 से चालक अखिलेश सिंह गोंड, निवासी डोगरिया बड़ी, को साथ लेकर केवई नदी डोगरिया रामघाट से शासकीय रेत चोरी कर अवैध रूप से परिवहन कर रहा है।

पुलिस ने पल्लू क्रेशर के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर में सवार अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ कान्हा एवं चालक अखिलेश सिंह गोंड भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने अखिलेश सिंह गोंड पिता कमलेश सिंह गोंड, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डोगरिया को पकड़ लिया गया, जबकि अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ कान्हा अंधेरे एवं खेत-झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी लेने पर उसमें लगभग 03 घन मीटर खनिज रेत लोड होना पाया गया। रेत के परिवहन संबंधी दस्तावेज एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली कोई वैध दस्तावेज नही मिले। ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं चोरी की रेत को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5), 3(5), 317(4) BNS, धारा 4/21 खनिज अधिनियम तथा धारा 3/181, 130/177(3) मामला दर्ज कर लिया है। वही फरार आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ कान्हा की तलाश कर उसे बिजुरी क्षेत्र से पकड़ लिया।

*अवैध रेत उत्खनन पर तीन वाहन जब्त, एक वाहन हुआ फरार*


शहडोल जिले के बुढार अंतर्गत सोन नदी के बटली घाट से विगत चार दिनों से अवैध रेत उत्खनन ग्राम जरवाही स्थित बटली घाट पर दबिश देकर जांच की गई।

जांच के दौरान मौके पर मजदूरों द्वारा खनिज रेत का अवैध उत्खनन किया जाना तथा वाहनों में रेत लोड किया जाना पाया गया। मौके पर अवैध उत्खनन में संलिप्त तीन वाहन क्रमांक MP 18 ZD 7026, MP 18 GA 4878 एवं MP 18 ZH 4734 पाए गए। जांच में इनके वाहन स्वामी क्रमशः पवन साहू, प्रकाश साहू एवं सागर कुशवाहा, सभी निवासी जरवाही, पाए गए।

खनिज विभाग की टीम द्वारा तीनों वाहनों को जब्त कर थाना बुढार की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान एक वाहन जांच दल को देखकर मौके से फरार हो गया। फरार वाहन के मालिक का नाम विक्की यादव पिता किशोर यादव, निवासी जरवाही व अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।



अवैध रेत परिवहन पर ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त, चालक फरार, अवैध रेत भंडारण, 330 घन मीटर रेत नष्ट


अनूपपुर

थाना जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बिना नंबर का नीले रंग का न्यू हॉलैंड कंपनी का ट्रैक्टर, ट्रैक्टर-ट्रॉली में उमरिया घाट, गूजर नाला, तिपान नदी से मध्यप्रदेश शासन की रेत खनिज चोरी कर लोड कर खूंटाटोला की ओर आ रहा है।

सूचना पर कार्यवाही हेतु थाना जैतहरी पुलिस टीम द्वारा खूंटाटोला तिराहा के आगे चोलना रोड पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। इसी दौरान सामने से एक बिना नंबर का नीले रंग का न्यू हॉलैंड कंपनी का ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से लोड होकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को सड़क पर खड़ा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस टीम द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली की जांच करने पर उसमें लगभग 02 घन मीटर रेत लोड पाई गई। मौके से एक बिना नंबर का नीले रंग का न्यू हॉलैंड 3037 ट्रैक्टर, जिसका चेचिस नंबर NHN30370RL717321 एवं इंजन नंबर S325P54527 है, अनुमानित कीमत ₹5,00,000/-, तथा ट्रॉली में लोड 02 घन मीटर रेत, अनुमानित कीमत ₹2,000/-, कुल मशरूका कीमत ₹5,02,000/- को विधिवत जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।

जप्तशुदा ट्रैक्टर-ट्रॉली मय रेत खनिज को थाना जैतहरी परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। प्रकरण में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार चालक की पहचान एवं तलाश की जा रही है।

*अवैध रेत भंडारण, 330 घन मीटर रेत नष्ट*

शहडोल जिले में अवैध रेत के भंडारण एवं परिवहन के विरूद्ध प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तहसील जैतपुर अंतर्गत ग्राम कमता एवं लुकामपुर में अवैध रूप से भंडारित रेत का विनिष्टीकरण किया गया। तहसील जैतपुर अंतर्गत ग्राम कमता में 150 घन मीटर तथा ग्राम लुकामपुर में तीन अलग-अलग स्थानों पर 180 घन मीटर, इस प्रकार कुल 330 घन मीटर रेत के अवैध भंडारण का विनिष्टीकरण किया गया।


2.5 करोड़ का पुल शुरू होने से पहले तीन फीट का होल,सर्प काटने से महिला की मौत, 15 सर्पो का रेस्क्यू कर जंगल मे छोड़ा


शहडोल

नेशनल हाईवे-43 पर शहडोल-उमरिया के बीच बाईपास मार्ग पर बना करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत का पुल चालू होने से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया। मुड़ना नदी पर बने इस पुल में करीब तीन फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा बड़ा छेद दिखाई दिया। स्थिति इतनी गंभीर है कि पुल की ढलाई का हिस्सा टूटकर नदी में जा गिरा है और ऊपर से नीचे पानी व नदी का हिस्सा साफ दिखाई दे रहा है।

राजा बाग से आगे बाईपास मार्ग पर बने इस पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखकर निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले भी इसी पुल के दूसरे हिस्से में कुछ दूरी पर इसी तरह का बड़ा छेद हो चुका था। अब दोबारा पुल क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है

संबंधित विभाग ने सड़क और पुल को अभी तक आधिकारिक रूप से आवागमन के लिए शुरू नहीं किया है। इसके बावजूद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है और कई भारी वाहन भी पुल से गुजर रहे हैं।  स्थानीय लोगों ने खतरे को देखते हुए वहां संकेतक लगाकर वाहन चालकों को सावधान करने का प्रयास किया। मौके पर विभाग सुरक्षा व्यवस्था या तत्काल मरम्मत की कार्रवाई नजर नहीं आई।एमपीआरडीसी के प्रबंधक अवधेश सोनकर ने बताया कि सड़क और पुल अभी आधिकारिक रूप से शुरू नहीं किए गए हैं।  

*सर्प काटने से महिला की मौत, 15 सर्पो का रेस्क्यू कर जंगल मे छोड़ा*

अनूपपुर जिले के घर के पीछे बॉडी में काम कर रही है 45 वर्षीय महिला की जहरीले सर्प के काटने से जिला चिकित्सालय में उपचार दौरान मौत हो गई, वहीं 24 घंटे के मध्य जिले के सर्पप्रहरियों ने 15 से अधिक सर्पों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर वन क्षेत्रो में छोड़ा है। विगत 2 माह से अनूपपुर जिले में एंबुलेंस संचालन एवं संधारण की व्यवस्था बेलगाम होने से मरीज परेशान है, जिससे कई मरीजों की मौत हो चुकी है।

पुलिस चौकी फुनगा अंतर्गत छिल्पा गांव के रामरतू बैगा की 45 वर्षीय पत्नी तेरसिया बैगा जो घर के पीछे बॉडी में सफाई का काम कर रही थी, तभी अचानक एक अत्यंत जहरीले सर्प ने दाएं हाथ के अंगूठे में डस लाया, जिसे परिजनों द्वारा कई घंटे एंबुलेंस का इंतजार करने बाद दोपहर मे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया जहां उपचार दौरान महिला की देर रात मौत हो गई। घटना की सूचना पर अस्पताल पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए शव का पीएम करा कर अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौपा है। परिजनों ने एंबुलेंस के कई घंटे बाद आने के कारण लेट होने पर सही समय पर उपचार न होने से तेरसिया की मौत होना बताया। अनूपपुर जिले में स्वेक्षिक रूप से कार्य कर रहे सर्पप्रहरियों ने विगत 24 घंटे के मध्य 15 से अधिक जहरीले एवं समान्य सर्पो कों को आम जनों के घर एवं घरों के आसपास में विचरण करने की सूचना पर, सर्पो का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर स्वतंत्र विचरण हेतु वनांचल क्षेत्र में छोड़ने का कार्य किया है। 

खिलाड़ियों जीते सात पदक, गाँजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त, गुम 20 मोबाइल बरामद


शहडोल

भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में 16 से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित 25वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वूशु प्रतियोगिता में शहडोल जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अर्जित किए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 700 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं स्पर्धा वर्गों में सहभागिता की।

प्रतियोगिता में शहडोल के अथर्व सिंह टेकाम ने स्वर्ण पदक, आदित्य तिवारी ने रजत पदक तथा प्रथमेश ताम्रकर, इमरान खान, चंद्रशेखर यादव, केशव भारद्वाज एवं ओम द्विवेदी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

स्वर्ण पदक विजेता अथर्व सिंह टेकाम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की वूशु प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है।

*मादक पदार्थ गांजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार*

अनूपपुर जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं नशा के कारोबारियों के विरूद्ध कोतवाली अनूपपुर को सूचना प्राप्त हुई कि राजेन्द्रग्राम किरर तरफ से अनूपपुर की ओर दो व्यक्ति एक काले रंग की स्ट्रीम मोटर सायकल क्रमांक एम.पी. 65 जेड ए 9670 में बैठकर बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर आ रहे है। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा राजेन्द्रग्राम अनूपपुर रोड कोयलारी तिराहा में नाकाबंदी कर आरोपी दिनेश कुमार बंजारा पिता लल्ला बंजारा उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम नौगवां थाना राजेन्द्रग्राम एवं सुनील उर्फ मन्जू यादव पिता सुरेश यादव उम्र 32 वर्ष निवासी पंचवटी मोहल्ला बुहार थाना बुढ़ार के कब्जे से पिट्टू बैग के अंदर 05 पैकिट मादक पदार्थ गांजा कुल 05.60 किलोग्राम कीमती 50600 रूपये व हीरो स्ट्रीम मोटर सायकल कीमती 80000 रूपये का आरोपियो से जप्त किया गया है। तथा थाना कोतवाली अनूपपुर में आरोपीगणो के विरूद्ध अपराध क्रमांक 517/26 धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

*अवैध रेत परिवहन पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त*

शहडोल जिले के पपौंध पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नई बस्ती पड़री से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि डंप की गई रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लोड कर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक एक ट्रैक्टर को रामसरोवर साहू चला रहा था, जबकि दूसरे ट्रैक्टर को उसके मालिक धर्मेंद्र उर्फ भल्लू उर्फ भावेंद्र सिंह द्वारा चलाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर रामसरोवर साहू और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

*20 गुम मोबाइल को बरामद*

अनूपपुर जिले में गुम हुए मोबाइलों को दस्तयाब कर उनके मालिकों को  सुपुर्द करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना कोतमा पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोनो को तलाश करने हेतु टीम बनाई गई। पुलिस टीम द्वारा साइबर सेल अनूपपुर की मदद से 20 मोबाइलों कीमती 02.20 लाख रुपया को दस्तयाब कर संबंधित मोबाइल फोन के मालिकों को सुपर्द किया गया। मोबाइल फ़ोन मिलने पर संबंधित आवेदकों ने पुलिस की प्रशंसा करते हुए खुशी जाहिर की है।                 

खनिज के अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो ट्रैक्टर व जेसीबी को पुलिस व खनिज विभाग ने किया जब्त


अनूपपुर/शहडोल

थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कोठी गैस एजेंसी के पास, कोठी से पकरिहा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जिसमें अवैध रेत लदी पाई गई। लगभग ₹5.05 लाख मूल्य का ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अवैध रेत जप्त, आरोपी पर मामला दर्ज किया है। वाहन चालक ने अपना नाम ओम कुशवाहा (पिता नरेश प्रसाद कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोठी, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर बताया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

दूसरा मामला थाना भालूमाड़ा पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम पयारी नम्बर 02 में यादव ढाबा के पास रेड कार्यवाही कर एक स्वराज कम्पनी का ट्रेक्टर क्रमांक MP  65 AA 4888 में लोड 3 घन मीटर अवैध रेता (खनिज) आरोपी चालक सिवतैन खान पिता शहादत खान उम्र 24 वर्ष निवासी बिरसिंहपुर पाली जिला उमरिया के द्वारा अवैध खनिज रेत ट्रेक्टर मालिक नरेन्द्र सिंह निवासी निमहा थाना रामनगर के कहने पर अवैध रेता चोरी कर बिना टीपी व वैध लायसेंस के बिना ट्रेक्टर में लोड कर परिवहन करते पाये जाने पर आरोपी चालक से उक्त ट्रेक्टर मय लोड 3 घन मीटर रेत जप्त कर आरोपी चालक सिवतैन खान एवं ट्रेक्टर मालिक नरेन्द्र सिंह के विरूद्ध अपराध क्र. 275/2026 धारा 303(2),317(5) बी.एन.एस.  4/21 खान खनिज अधिनियम एवं 130(3)/177 एम.व्ही. एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया  है।

 *अवैध मिट्टी का उत्खनन पर जेसीबी मशीन जप्त*

तीसरा शहडोल जिले के ग्राम जरवाही से मिट्टी के अवैध उत्खनन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग द्वारा आज जांच की गई। ग्राम जरवाही में एक खेत में जेसीबी मशीन द्वारा मिट्टी का उत्खनन करते हुए पाया गया। खेत से निकाली जा रही मिट्टी को ग्राम जरवाही में पेट्रोल पंप के सामने स्थित खाली प्लॉट में भरण किया जा रहा था। जांच के दौरान उक्त कार्य के संबंध में कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी। जेसीबी ऑपरेटर द्वारा बताया गया कि भूमि स्वामी की सहमति से खेत से मिट्टी निकालकर अन्य प्लॉट में डाली जा रही है। मौके पर मिट्टी के उत्खनन एवं अन्य स्थान पर भंडारण/भरण के संबंध में आवश्यक अनुमति उपलब्ध नहीं पाई गई। खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन क्रमांक MP 18 ZD 7826 को जप्त कर थाना बुढ़ार की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।

लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, फसलों पर संकट गहराया, चौकीदार का घर भरभराकर कर गिरा

*24 घंटे जिला आपदा नियंत्रण कक्ष शुरू*


अनूपपुर

जिले में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही रिमझिम और तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। 5 दिनों में जिले में 42.2 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। दिन-रात बारिश जारी रही। मंगलवार की रात से लगातार बारिश का दौर जारी हैं। जाे बुधवार काे भी जारी हैं जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। वहीं नगर में बारिश से पत्ता गोदाम में चौकीदार निवास भरभरा कर गिर गया। हालांकि इससे जनहानि नहीं हुई।

वहीं फसलों पर संकट के बादल छा सकते हैं। निरंतर बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियाँ सोन, तिपान, जोहिला, केवई, गोहंड्रा और अलान का जलस्तर बढ़ गया है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है, केवल कार्यालयीन और आवश्यक कार्य वाले लोग ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान की आशंका है। पानी भरने के कारण किसान खेतों में खाद भी नहीं डाल पा रहे हैं। धान की पत्तियां पीली पड़ने लगी हैं।

पिछले 24 घंटे में जिले में 10.2 मिमी बारिश हुई। 1 जून से अब तक जिले में 952.6 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। पिछले साल इसी अवधि में 855.2 मिमी बारिश हुई थी। ।


28 वाहनों पर कार्यवाही, 1.12 लाख का जुर्माना, 8 मेडिकल स्टोर को नोटिस जारी, बीज विक्रेता का लाइसेंस निलंबित


अनूपपुर/शहडोल

अनूपपुर जिले में बिना परमिट संचालित 2 स्कूल बसों सहित कुल 7 स्कूली वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 3 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सनराइज कॉन्वेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल निगवानी के बच्चों का परिवहन कर रही 2 स्कूल बसें बिना वैध परमिट संचालित पाई गईं।  इसी तरह लिटिल स्टेप स्कूल अनूपपुर, मेगामाइंड स्कूल अनूपपुर के बच्चों को ले जा रहे वाहनों पर भी कार्यवाही हुई।बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए सभी वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 28 वाहनों पर कार्यवाही करते हुए ₹1,12,500 से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

*8 मेडिकल स्टोर को नोटिस*

शहडोल जिले के 8 मेडिकल स्टोर संचालको को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिन मेडिकल स्टोर संचालको को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है उनमें दिशा  मेडिकल स्टोर, रेलवे तिराहा ब्यौहारी  के संचालक अभिनय सिंह बघेल, लाइफ लाइन मेडिकल स्टोर, जिला चिकित्सालय काम्प्लेक्स जय स्तंभ चैक शहडोल के संचालक  अभिमन्यु सिंह, न्यू  गुप्ता मेडिकल स्टोर, शहडोल  के संचालक करण गुप्ता, ओम मेडिकल स्टोर, ओपियम तिराहा अमलई, के संचालक  जुगनू केवट, राज मेडिकल स्टोर, रीवा रोड जयसिंहनगर के संचालक रजनीश गुप्ता, श्रीजी मेडिकल स्टोर, शहडोल के संचालक कश्मीरा विनोद अग्रवाल,  तिवारी फार्मा शहडोल के संचालक संजीव कुमार तिवारी, वैभव मेडिकल स्टोर, रीवा रोड जयसिंहनगर के संचालक वैभव शुक्ला के नाम शामिल है। जारी कारण बताओ सूचना पत्र में कहा गया है कि संबंधित मेडिकल स्टोर से संचालक सूचना पत्र प्राप्ति के 3 दिवस की अवधि में आवश्यक रूप से अपना जवाब प्रस्तुत करे। 

*अमानक बीज विक्रेता का लाइसेंस निलंबित*

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला शहडोल ने बताया है कि बीज परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में हिंदुस्तान सीड्स सप्लाई कंपनी, शहडोल का बीज नमूना अमानक पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित बीज विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं नमूना परीक्षण की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा अमानक बीज विक्रय करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने 792 ट्रामाडोल टैबलेट जब्त, मामला दर्ज, पेड़ पर फांसी में लटका मिला शव


शहडोल

जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध शहडोल पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ब्यौहारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

जिले के थाना ब्यौहारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्यौहारी निवासी सुजीत उर्फ गोलू सोनी, पिता गोरेलाल सोनी के कब्जे से ट्रामाडोल की 792 टैबलेट्स बरामद कर जब्त की हैं। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना ब्यौहारी में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप का माहौल है। ब्यौहारी पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और सक्रिय कार्यप्रणाली का उदाहरण है।

*पेड़ पर फांसी में लटका मिला शव*

अनूपपुर जिले के देवगंवा पुलिस चौकी स्थित संजयनगर में बुधवार को 50 वर्षीय बारेलाल सेन का शव फांसी पर लटका मिला। जिनका शव घर के पास स्थित आम के पेड़ से लटका पाया गया। पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया की वारदात देर रात 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच की है। परिजनों से हुई शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि बारेलाल सेन करीब एक साल पहले लकवाग्रस्त हो गए थे। इलाज के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार न होने से वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।

मृतक अपने बेटे के साथ गांव में बाल काटने का काम करते थे और परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही परिवार में किसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

अवैध उत्खनन व परिवहन पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली व एक मेटाडोर को पुलिस ने किया जप्त


शहडोल/अनूपपुर

शहडोल जिले के ​जैतपुर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और खनिज माफियाओं के खिलाफ जैतपुर पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जैतपुर थाना प्रभारी जेपी शर्मा के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही एक डग्गी (सिक्स-व्हीलर डंपर/ट्रक) को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

​थाना प्रभारी जेपी शर्मा को क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तुरंत अपनी टीम को सक्रिय किया और घेराबंदी कर रेत से लदे इस वाहन (टाटा डंपर) को धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध रेत का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। जब्त किए गए वाहन को जैतपुर थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस द्वारा खनिज विभाग को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है, ताकि संबंधित धाराओं के तहत वाहन मालिक और चालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। 

*अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त*

अनूपपुर जिले के थाना बिजुरी पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹3,05,000 मूल्य का मशरूका जप्त कर आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की है।

थाना बिजुरी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल थाना तिराहा, बिजुरी मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग प्रारंभ की गई।

कुछ समय पश्चात एक नीले रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली आता हुआ दिखाई दिया, जिसे रोककर विधिवत जांच की गई। जांच के दौरान ट्रॉली में रेत भरी हुई पाई गई। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम बीहन कोल पिता शंकर कोल, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम डोगरिया बड़ी, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर बताया।

रेत परिवहन से संबंधित वैध अनुमति एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहने पर चालक कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को विधिवत जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। आरोपी बीहन कोल के विरुद्ध अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 4/21 खनिज अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

अवैध रेत परिवहन पर आईएएस ने तीन हाइवा किया जब्त, झमाझम हुई वारिश, मौसम हुआ सुहावना


शहडोल। 

जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए ब्यौहारी क्षेत्र में आईएएस अधिकारी एसडीएम काजोल सिंह ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरे तीन वाहनों को जब्त कर लिया, जबकि एक वाहन चालक प्रशासनिक टीम को देखकर बीच सड़क पर ही रेत खाली कर वाहन लेकर फरार हो गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह कार्यवाही ब्यौहारी टोल नाके के पास से की गई है। खास बात तो यह रही की जप्त वाहनों से नंबर प्लेट गायब थी।

एसडीएम द्वारा की गई जांच के दौरान पकड़े गए तीनों वाहनों में रेत लोड पाई गई। वाहन चालकों से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहनों को जब्त कर तहसील एवं थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया। शहडोल जिले में वर्तमान में रेत का कोई वैध खनन ठेका संचालित नहीं है। इसके बावजूद दिन-रात रेत से भरे वाहन सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। 

जैतपुर में तो कई अवैध खदाने संचालित हो रही है। जहां से दिन दहाड़े रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने में खनिज विभाग नाकाम साबित हुआ है। प्रशासन का कहना है कि जब्त वाहनों के मालिकों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*झमाझम हुई वारिश, मौसम हुआ सुहावना*


अनूपपुर जिले के पवित्र नगरी अमरकंटक में तेज गर्जना, बिजली की चमक-लपक और तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम वर्षा ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण शीतल एवं आनंददायक हो गया। अचानक मौसम ने करवट ली और नीले आसमान पर काले घने बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज हवाएं चलने लगीं तथा बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक के बीच मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई।

बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम के सुहावना होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आए पर्यटक, तीर्थयात्री और श्रद्धालु भी काफी उत्साहित नजर आए। विशेष रूप से राजस्थान से आए पर्यटकों एवं भक्तों ने इस मनोहारी मौसम का भरपूर आनंद लिया। अचानक हुई इस वर्षा ने न केवल वातावरण को शीतलता प्रदान बल्कि प्राकृतिक सुंदरता में भी चार चांद लगा दिए। बारिश के बाद हरियाली से आच्छादित पर्वतीय क्षेत्र और ठंडी हवाओं ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नवनिर्मित साड़ी दुकान में भीषण आग, 10 लाख का सामान जलकर खाक, नाबालिग को भगाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार


शहडोल 

जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में नव निर्मित साड़ी दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। वार्ड क्रमांक 15 (नया वार्ड 17) स्थित माईकल चौक में हुई इस घटना में दुकान के अंदर रखा भारी मात्रा में साड़ियों का स्टॉक जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग की इस घटना के बाद दुकानदार ने इसके पीछे साजिश की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद अरशद ने हाल ही में माइकल चौक क्षेत्र में अपनी नई साड़ी दुकान का निर्माण कराया था। दुकान में बिक्री के लिए बड़ी संख्या में साड़ियों का स्टॉक रखा गया था। अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी तत्काल दुकानदार और प्रशासन को दी। इस घटना में दुकान के भीतर रखा साड़ियों का पूरा स्टॉक नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में रखे करीब 90 से 100 बंडल साड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं।

आग लगने के कारणों पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दुकानदार मोहम्मद अरशद का कहना है कि दुकान में अभी बिजली फिटिंग का काम भी पूरा नहीं हुआ था और न ही किसी प्रकार की विद्युत आपूर्ति चालू थी। ऐसे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना नहीं बनती। इसी वजह से उन्होंने आगजनी के पीछे किसी साजिश की आशंका जताई है।

घटना की सूचना मिलते ही धनपुरी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की दो गाड़ियों को लगाया गया। करीब एक घंटे तक लगातार मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। हालांकि तब तक दुकान के भीतर रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग की गर्मी और तीव्रता के कारण भवन की छत प्रभावित हुई और उसमें दरारें आ गईं। आग से 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा माल, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। 

*नाबालिग बालिका को भगाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार*


जिले के कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा अपहृत 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को दिल्ली से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनो को किया सुपुर्दः साथ भगाकर ले जाने वाला बिहार निवासी आरोपी गिरफ्तार। कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को दिल्ली के पुलिस थाना खयाला अंतर्गत रूप ढाबा के पास से आरोपी सोनू कुमार निवासी पटना( बिहार)  के कब्जे से दस्तयाब कर परिजनो को सुपुर्द किया गया है।

20 मई 2026 को 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक घर से बिना बताये चले जाने एवं ना मिलने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 286/26 धारा 137(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया। संयुक्त पुलिस टीम के द्वारा उक्त नाबालिग बालिका की लगातार प्रयास कर पतासाजी की गई एवं उक्त नाबालिग बालिका को दिल्ली के थाना खयाला अंतर्गत रूप हाबा के पास से आरोपी सोनू कुमार निवासी पटना बिहार के कब्जे से दस्तयाब कर परिजनो को सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में आरोपी सोनू कुमार पिता सियाराम चौधरी उम्र करीब 29 वर्ष निवासी ग्राम जनखारी थाना दिग्गा पटना बिहार को दिल्ली से गिरफ्तार किया जाकर विवेचना की जा रही है।

विवेचना में पाया गया कि नाबालिग बालिका का सोशल मीडिया फेसबुक के द्वारा आरोपी सोनू कुमार से परिचय होने के बाद दोस्ती हो गई जो आरोपी द्वारा फेसबुक पर भेजे गये मैसेज के द्वारा बहला फुसलाकर साथ में भगाकर दिल्ली ले गया।

खदान में केबल चोरी का मामले में लोगो को पकड़ने का दावा, अवैध रेत परिवहन पर हाइवा जब्त


अनूपपुर

एसईसीएल की बदरा कालरी अंतर्गत नारायण खदान में केबल चोरी का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खदान में उपयोग होने वाली केबल चोरी करते हुए कालरी कर्मचारी राजू साहू, जो बेल्ट फीटर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं, तथा महिपाल नामक हेल्पर, जो एक ठेका कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा है, को पकड़ने का दावा किया जा रहा है

सूत्रों के मुताबिक चोरी की जा रही केबल की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार खदान के ओवरमैन अरविंद भारती एवं शिफ्ट इंचार्ज देशमुख साहब ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर पड़ने के बाद कार्रवाई की। घटना के दौरान अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई है।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक एसईसीएल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। मामले की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

*अवैध रेत परिवहन पर हाइवा वाहन जब्त*


शहडोल जिले में कलेक्टर डॉ केदार सिंह के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाइवा वाहन को जब्त किया है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर खनिज निरीक्षक वृत्त ब्यौहारी द्वारा तहसील ब्यौहारी क्षेत्र में जांच के दौरान आनंद फ्यूलिंग पेट्रोल पंप के समीप हाइवा क्रमांक MP 18 H 5833  की जांच की गई। वाहन में लोड रेत के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर थाना ब्यौहारी की सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। वाहन चालक ने पूछताछ में वाहन मालिक का नाम शिवम सिंह निवासी ब्यौहारी, जिला शहडोल बताया। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

22 लीटर अवैध शराब मोटरसाइकिल जब्त, रेत के अवैध उत्खनन पर कार्यवाही, दो वाहन जब्त


अनूपपुर

कस्बा भ्रमण के दौरान ग्राम कदमसरा में मुखबिर द्वारा सूचना दी गई की एक व्यक्ति आई-स्मार्ट स्पलेण्डर मोटर सायकल से बोरी में भरकर अंग्रेजी शराब अनूपपुर तरफ से छत्तीसगढ़ की ओर ले जा रहा है। सूचना पर ग्राम कदमसरा पुलिस टीम सड़क में रूककर आने जाने बाले वाहनो की चेकिंग की गई जो कुछ देर बाद  एक व्यक्ति आई-स्मार्ट स्पलेण्डर मोटर सायकल क्र. CG 12वAQ 1027 से अनूपपुर तरफ से आता दिखा, जिसे रोका गया नाम पता पूछां गया तो अपना नाम इतवार सिंह पिता बान सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम बेतलो थाना पसान जिला कोरबा (छ.ग.) का होना बताया, उक्त व्यक्ति अपने कंधो में सामने तरफ एक ग्रे रंग का बेग लटकाया हुआ था एवं मोटर सायकल पिछली सीट पर एक सफेद रंग की बोरी बांधा हुआ था, बैग एवं बोरी को खोलकर चैक किया गया तो बोरी एवं बेग के अंदर अंग्रेजी शराब गोवा विस्की के क्वाटर रखे हुये मिले। उक्त शराब रखने एवं बेंचने का कोई कागजात अनुज्ञप्ति नही होना बताया। शराब को बोरी से निकालकर पृथक पृथक गिनती किया गया तो एक सफेद रंग के प्लास्टिक की बोरी जिसमें सामने रोयल किंग लिखा हुआ था बोरी में भरी 104 नग शीशी अंग्रेजी शराब गोवा मात्रा 18.72 लीटर एवं एक ग्रे रंग का बेग जिसमें भरी 22 नग शीशी अंग्रेजी शराब गोवा मात्रा 3.96 लीटर शराब कुल मात्रा 22.68 लीटर कुल कीमती 17010/- रूपये  होना पाया गया जो मौके पर उक्त शराब एवं स्पलेण्डर मोटर सायकल कीमती करीब 50 हजार रूपये को जप्त किया गया। आरोपी इतवार सिंह  का कृत्य धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत दण्डनीय पाये जाने से आरोपी के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

*रेत के अवैध उत्खनन पर कार्यवाही, दो वाहन जब्त*


शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने ब्यौहारी एवं सोहागपुर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को खनिज विभाग द्वारा ग्राम मटोला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। टीम ने मौके से लगभग 200 घनफीट रेत जब्त कर वाहन को अभिरक्षा में लिया।

इसके बाद 27 मई 2026 की देर रात लगभग 2 बजे तहसील सोहागपुर अंतर्गत ग्राम पिपरिया में रेत से भरा एक मेटाडोर वाहन पकड़ा गया। वाहन क्रमांक MP 19 GA 4357 अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाया गया, जिसे विभागीय टीम ने तत्काल जब्त कर लिया।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस को ठेंगा दिखाकर दिन दहाड़े अवैध कोयला से लदी निकल रही गाड़ियां, सड़क किनारे युवक का मिला शव


अनूपपुर

कोतमा के कोयला अंचल में अवैध कारोबारियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि, अब उन्हें कानून या पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। कोतमा और गणेश नगर से निकलने वाला अवैध कोयला किसी चोर-रास्ते से नहीं, बल्कि सीधे शहर के बीचों-बीच से होकर बेखौफ होकर निकल रहा है। दिन के उजाले में व्यस्त चौराहों और मुख्य बाजारों से होकर तस्कर अपनी गाड़ियां निकाल रहे हैं, जो सीधे तौर पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी को खुली चुनौती है।

​हैरानी की बात यह है कि जिन सड़कों पर आम जनता पर चेकिंग और चालान की कार्रवाई के लिए पुलिस बल तैनात रहता है, उन्हीं सड़कों से क्षमता से अधिक अवैध कोयला लादे दोपहिया वाहन पुलिस की नाक के नीचे से आराम से निकल जाते हैं। खाकी के इस लचर रवैये से ऐसा प्रतीत होता है जैसे जिम्मेदार अधिकारियों ने इस अवैध खेल के आगे घुटने टेक दिए हैं या फिर सब कुछ जानबूझकर अनदेखा किया जा रहा है। शहर के मुख्य रास्तों से बेधड़क गुजरती ये गाड़ियां बेलिया बड़ी के रास्ते ग्रामीण अंचलों के ईंट भट्टों और ढाबों तक पहुंच रही हैं। पुलिस के इसी मौन संरक्षण के कारण माफियाओं का मनोबल आसमान छू रहा है और शासन की संपत्ति की सरेआम लूट मची हुई है। इस मामले में        ‌ जब हमने कोतमा थाना प्रभारी से बात करनी चाही तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

*सड़क किनारे अज्ञात युवक का मिला शव*


शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-43 स्थित कोटमा तिराहे के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौत का कारण अभी अज्ञात है।

पुलिस के अनुसार मृत युवक केवल अंडरवेयर पहने हुए था, जबकि उसके कपड़े पास में पड़े मिले। कपड़ों की तलाशी लेने पर किसी प्रकार के पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया है, जहां फिलहाल शव सुरक्षित रखवाया गया है। सोहागपुर थाना पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाकर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget