6 जुआड़ी व 1 गाँजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कार खाई में गिरी 3 घायल
6 जुआड़ी व 1 गाँजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कार खाई में गिरी 3 घायल
अनूपपुर
रामनगर पुलिस ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए जुए के फड़ पर दबिश देकर 06 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आमाडांड क्षेत्र में छापेमारी की, जहां आरोपी ताश के 52 पत्तों से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से ₹2,200 नगद, ताश के 52 पत्ते, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल CG-31-B-0802 तथा एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल MP-65-MD-7313 जब्त की। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत ₹1,12,200 है।
आरोपी अजय कुमार चौधरी, राजाराम चौधरी, श्रवण कुमार गुप्ता, राजकुमार चौधरी, सुरेन्द्र चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा मौके पर जप्ती एवं तलाशी की संपूर्ण कार्रवाई नियमानुसार संपन्न की गई, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 228/26 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। आरोपियों को न्यायालय में उपस्थित होने हेतु पाबंद किया गया।
*गांजा तस्कर को पुलिस ने किया गिरफ्तार*
कोतवाली अनूपपुर को सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन छुलहा के तरफ से एक व्यक्ति नीले रंग की शर्ट एवं काले रंग का पेंट पहना है, हाथ में हल्के गुलाबी रंग का ट्राली सूटकेस में मादक पदार्थ गांजा लेकर अनूपपुर बस्ती तरफ आने वाला है। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा छुलहा रेलवे स्टेशन के पास जाकर दबिश दिया तो, अनूपपुर-छुलहा के बीच सड़क किनारे बनी निर्माणाधीन सुनसान भवन के पास एक व्यक्ति मदन महानंदिया पिता केदार महानंदिया उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम बीजापदर पोस्ट ब्रम्हनीपाली थाना बौध जिला बौध प्रांत (उड़ीसा) के ट्राली बैग में छः पैकेटो में अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल 06 किलो 355 ग्राम कीमती करीब 60,300/- रुपये एवं एक वीवो कम्पनी का मोबाईल फोन कीमती 15000 रूपये का बरामद होने पर आरोपी से जप्त किया गया है। तथा आरोपी मदन महानंदिया के विरूद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 451/26 पंजीबद्ध कर कार्यवाही की जा रही है।
*तेज रफ्तार कार खाई में गिरी, तीन हुए घायल*
उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी तुम्मी में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बताया जा रहा है की देर रात तेज रफ्तार कार क्रमांक MP 18 ZH 3550 तुम्मी से पिकनिक मनाकर वापस शहडोल जा रही थी। इसी दौरान सिद्ध घाट के नीचे अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायल शहडोल निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। बताया जा रहा है कि कार सवार पार्टी मनाकर वापस लौट रहे थे। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।


