घर पर सो रहे अधेड़ को सांप ने काटा, हुई मौत, 69 लीटर अवैध शराब जप्त


अनूपपुर/उमरिया

कोतवाली थाना अनूपपुर अंतर्गत पतला गांव में बीती रात जमीन में सो रहे अधेड की करैत प्रजाति के अत्यंत जहरीले सर्प के काटने से मौत होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है।

जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर स्थित पसला गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास निवासरत 46 वर्षीय शंकर प्रसाद कोल पिता छोटू कोल रात में खाने के बाद अपने घर पर अकेले जमीन पर सो रहे थे, देर तक सोये रहने पर मां गुजरिया बाई ने नाती कमलेश प्रसाद कोल को बुलाया अन्य सभी के आने देखने पर वह कुछ बोल नहीं रहा था, कुछ इलाज की व्यवस्था कर पाते शकंर की मौत हो गई, घर में खोजबीन दौरान अत्यंत जहरीला करैत प्रजाति का दो से तीन फीट लंबा सांप बिस्तर के पास ही बेहोश स्थिति में देखा गया, मृतक शंकर प्रसाद कोल के बाए कंधे में सर्प ने काटने का निशान पाया गया। सूचना कोतवाली अनूपपुर घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जांच प्रारंभ करते हुए मृतक के शव को जिला चिकित्सालय अनूपपुर भेज कर ड्यूटी डाक्टर से पीएम कराकर शव परिजनों को सौप दिया।

*69 लीटर अवैध शराब जप्त*


उमरिया पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 02 आरोपियों के कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब , 9.9 लीटर देशी व अग्रेंजी शराब जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना मे लिया गया है । 

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मुखबिर की प्राप्त सूचना पर ग्राम चेतगंज मे मनु ढाबा के पास राजकुमार सिंह बघेल के टपरे पर रेड कार्यवाही की गई, कार्यवाही के दौरान टपरे से कुल 60 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब, 9.9 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब कुल 69.90 लीटर अवैध शराब कीमती 10,450/- रुपये बरामद की गई । आरोपी से की गई पूछताछ पर पता चला कि उक्त शराब प्रियांशु सिंह निवासी निगहरी द्वारा बिक्री हेतु आरोपी को उपलब्ध कराई गई। आरोपी से शराब के संबंध मे दस्तावेज मांगने पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही किया गया, जिस पर आरोपी के कब्जे से सम्पूर्ण शराब जप्त की जाकर आरोपी राजकुमार सिंह बघेल एवं प्रियांशू सिंह के विरूद्ध थाना कोतवाली मे अपराध क्रं. 396/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना मे लिया गया ।

तालाब में डूबा विश्वविद्यालय का छात्र, हुई मौत, डैम में डूबा युवक तलाश जारी


उमरिया/अनूपपुर

उमरिया जिले के उमरार डैम के गहरे पानी में डूबने से 18 वर्ष की युवक की मौत घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार चार युवक खलेसर बस्ती के रहने वाले हैं वह सुबह 12:00 बजे के लगभग उमरा डैम में  नहाने गए थे, बस्ती के चार युवक भी शामिल थे, तैरते तैरते 200 मीटर की दूरी तय करने के बाद वापस चारों लौट रहे थे, अचानक शीभम सोनी पिता पवन कुमार सोनी उम्र 18 साल निवासी खलेसर वार्ड नंबर 10 पानी के बीच में फस जाने से बाहर नहीं निकल पाया, थककर गहरे पानी में डूब गया, जिसकी मौत हो गई, तत्काल पुलिस विभाग एसडीआरएफ की टीम तहसीलदार सहित घटनास्थल पर गई, जहां सर्च करने की कार्यवाही लगातार की जा रही है परंतु 1:00 बजे पानी में डूबने के बाद अभी शाम 6:00 बजे तक उसका तैराकों को नहीं मिला नहीं मिला, खोजबीन की जा रही है, घर के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है।

अनूपपुर जिले के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक के एक छात्र की पोड़की जलाशय में नहाने के दौरान डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर और छात्र समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक छात्र आर्यन कुमार (21 वर्ष) पिता सनोज कुमार, निवासी गया (बिहार) का रहने वाला था। वह बीबीए टूरिज्म द्वितीय वर्ष का छात्र था और हॉस्टल अलॉटमेंट की प्रक्रिया के लिए विश्वविद्यालय आया हुआ था। बताया जा रहा है कि आर्यन अपने दो दोस्तों के साथ पोड़की जलाशय में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों और प्रशासन को सूचना दी गई है। सूचना मिलते ही अमरकंटक पुलिस मौके पर पहुंची हुई है शव को निकलने का प्रयास किया जा रहा है।

मत्स्य विभाग ने 132 किलो मछली किया जब्त, 230 किलो महुआ लाहन जब्त


उमरिया

कलेक्टर राखी सहाय द्वारा मछलियों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश नदीय मत्स्य उद्योग अधिनियम, 1972 की धारा 3(2) के अंतर्गत 16 जून 2026 से 15 अगस्त 2026 तक जिले में मत्स्याखेट, मत्स्य परिवहन एवं मत्स्य विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।

कलेक्टर के आदेश के पालन में 2 जुलाई को मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने उमरिया जिले के स्थानीय घुलघुली बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिबंध अवधि में मछली विक्रय किए जाने पर कार्रवाई करते हुए 72.26 किलोग्राम मछली जब्त की गई। जब्त मछलियों को नियमानुसार नीलाम कराया गया।

वही मत्स्य विभाग की टीम ने स्थानीय मत्स्य बाजार चंदिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 66 किलोग्राम प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली जब्त की गई। नगर परिषद चंदिया के सहयोग से जब्त मछली को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की गई।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बताया कि थाई मांगुर मछली मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही यह तालाबों एवं जलाशयों के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को भी नुकसान पहुंचाती है, जिससे देशी मछलियों के अस्तित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

*230 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त*


अनूपपुर जिले के थाना रामनगर पुलिस को प्राप्त सूचना के आधार पर झीमर नाला के पास दबिश दी गई, जहाँ अवैध रूप से शराब निर्माण के उद्देश्य से महुआ लाहन रखा हुआ मिला। पुलिस ने मौके से 23 डिब्बों में भरा लगभग 230 किलोग्राम महुआ लाहन, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,000 है, बरामद कर विधिवत जब्त किया। आरोपी संजीव कुमार सिंह, पिता जय किशोर सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी झीमर, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 193/26 पंजीबद्ध कर धारा 34(1)(f) मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।

नदी में डूबने से किशोर की हुई मौत, हाथी ने मकान तोड़ा, परिवार ने भागकर बचाई जान


अनूपपुर

जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के केवई नदी पंप घाट पर दोस्तो के साथ नहा रहे 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। नदी के गहरे पानी में समा जाने के बाद लापता हुए शिवम् गुप्ता के दोस्तों में  हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। जिसके बाद पुलिस एवं स्थानीय नागरिक घाट पहुंच शव की तलाश में जुटे रहे। 2 घंटे बाद शव को निकाला जा सका। नदी में डूबने से हुई मौत के बाद मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।

शिवम् गुप्ता पुत्र सोम निवासी गेट दफाई अपने 6 दोस्तों के साथ नदी में नहाने और खेलने गया था। साढ़े 4 बजे के लगभग गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। सूचना मिलते ही कॉलरी महाप्रबंधक,थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय एवं पुलिस बल मौके पर पहुंची और गोताखोरी की मदद से शव की तलाश में जुटी गई थी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से हो रहे अवैध रेत उत्खनन के कारण जगह जगह बड़े गड्ढे हो गए है, जिस कारण बच्चा गहरे पानी में समा गया।

*हाथी ने मकान तोड़ा, परिवार ने भागकर बचाई जान*


उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे ग्राम गाटा में रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और एक ग्रामीण के मकान पर हमला कर दिया। घटना में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घर के आसपास लगे केले, कटहल सहित अन्य पेड़-पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घर में सो रहा परिवार समय रहते बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र मानपुर (बफर) अंतर्गत दमना के गाटा गांव निवासी राजकुमार कुशवाहा के घर पर देर रात जंगली हाथी ने हमला कर दिया। घर टूटने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और किसी तरह बाहर निकलकर गांव की ओर भागे, जिससे उनकी जान बच गई। परिवार के बाहर निकलने के बाद हाथी ने मकान के एक हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया व पेड़ पौधों को नुकसान पहुँचाया। वन विभाग ने क्षतिग्रस्त मकान का मुआवजा प्रकरण तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। 

बाघ का किया गया सफल रेस्क्यू, बहेरहा इनक्लोजर में किया शिफ्ट, कुआं में सफाई कर रहे अधेड की करंट लगने से मौत


उमरिया

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में गुरुवार का दिन एक दर्दनाक घटना और उसके बाद हुई बड़ी वन्यजीव कार्रवाई का गवाह बना। सुबह चँसुरा निवासी अन्नू रजक की बाघ के हमले में मौत से इलाके में दहशत फैल गई, वहीं वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर संदिग्ध बाघ को रेस्क्यू कर लिया। जानकारी के अनुसार,घटना के बाद वन विभाग की टीम ने पनपथा बफर परिक्षेत्र की पलझा उत्तर बीट में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान कक्ष क्र.आरएफ 604 में लगभग 5 वर्ष आयु का नर बाघ चिन्हित किया गया। वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी की टीम ने पूरी सावधानी के साथ उसे ट्रेंकुलाइज कर काबू में लिया। रेस्क्यू के बाद बाघ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक जांच के लिए रक्त के नमूने भी एकत्र किए गए। बाघ को पकड़ने की इस कार्रवाई में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में व्यापक अमला जुटा रहा। क्षेत्र संचालक, उप संचालक,सहायक संचालक (ताला) परिक्षेत्र अधिकारी, टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (टीपीएफ) तथा वन्य प्राणी स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मौजूदगी में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रेस्क्यू किए गए बाघ को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच बहेरहा एनक्लोजर पहुंचाया गया है, जहां उसकी गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी।अभियान में लक्ष्मण,सूर्या,गणेश और सुन्दरगज हाथियों तथा उनके महावतों ने भी अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह हुए हमले में अन्नू रजक की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल था। ऐसे में वन विभाग द्वारा संदिग्ध बाघ को तत्काल रेस्क्यू कर ईनक्लोजर में भेजे जाने को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब विभागीय अधिकारी बाघ के व्यवहार और स्वास्थ्य की निगरानी करते हुए आगे की कार्रवाई तय करेंगे।

*कुआं में सफाई कर रहे अधेड की करंट लगने से मौत*


अनूपपुर कोतवाली से 8 किलोमीटर दूर स्थित खांडा गांव के बड़काटोला निवासी 40 वर्षीय दालचंद महरा पिता लल्ला लल्ला महरा की शुक्रवार की दोपहर अपने ही कुआं में भाई तीरथ महरा एवं मनोज कुशवाहा के साथ कुंआ की सफाई करने के दौरान, पंप निकालने बाद कुंआ में झूल रहे नंगी बिजली तार में करंट होने से हाथ में करंट लगने पर जिला अस्पताल लाने चिकितसक द्वारा परीक्षण करने दौरान पूर्व मे मृत्यु हो गई, घटना की सूचना पर पुलिस सहायता केंद्र के प्रधान आरक्षक कमलेश प्रसाद द्वारा परिजनों एवं सहयोगियो की उपस्थिति में मृतक के शव का पंचनामा कर ड्यूटी डॉक्टर से मृतक के शव का पीएम कराने बाद शव के कफन दफन हेतु परिजनों को सौंपते हुए घटना की जानकारी कोतवाली थाना अनूपपुर को अग्रिम कार्यवाही किए जाने हेतु प्रदाय की।

अवैध कोयला परिवहन की आशंका पर ट्रक जब्त, अवैध उत्खनन, परिवहन पर 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त


अनूपपुर

जिले में यातायात नियमों के प्रभावी पालन हेतु चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत यातायात पुलिस अनूपपुर द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यवाही करते हुए कोयला परिवहन कर रहे ट्रक को जब्त किया गया।

ट्रक वाहन क्रमांक CG-10-AM-8111 को जांच हेतु रोका गया। उक्त वाहन अनूपपुर से छत्तीसगढ़ की ओर कोयला परिवहन कर रहा था। वाहन की जांच के दौरान चालक से वाहन  संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह मौके पर पर्याप्त एवं संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। 

प्रथम दृष्टया खनिज परिवहन में अनियमितता की आशंका पाए जाने पर वाहन को विधिवत जब्त कर अग्रिम जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु प्रकरण खनिज विभाग को प्रेषित किया गया है।

इसके अतिरिक्त वाहन के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की विभिन्न प्रासंगिक धाराओं के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वाहन के वैधानिक प्रावधानों की जांच उपरांत नियमानुसार चालानी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

*अवैध उत्खनन, परिवहन पर 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त*


उमरिया जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन,परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देशानुसार खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।

तहसीलदार दिलीप सोनी, सहायक खनिज अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी एवं सैनिक सरमन लाल केवट की टीम द्वारा सिंगलटोला उमरिया स्थित रेलवे फाटक के पास जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।

जांच में ट्रैक्टर इंजन क्रमांक NKG2DEJ0001 के चालक राजेश चौधरी,पिता विशेषर चौधरी,निवासी ग्राम बड़ेरी,तहसील बांधवगढ़, जिला उमरिया तथा ट्रैक्टर इंजन क्रमांक E3490636 के चालक सज्जन कोल, पिता मुकेश कोल, निवासी ग्राम बड़ेरी, तहसील बांधवगढ़, जिला उमरिया को खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाया गया। दोनों वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज अवैध (खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।


अवैध बिजली कटौती के विरोध में शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन, कोर जोन में घुसी इनोवा वनरक्षक पर निलंबन की कार्यवाही


अनूपपुर

शिवसेना शहडोल संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के नेतृत्व में नगर प्रमुख बरकत कुरैशी ने कोतमा सहायक उपयंत्री को ज्ञापन सौंप मांग की है कि जमुना-कोतमा क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा अत्यंत अव्यवहारिक तरीके से बिजली कटौती की जा रही है, जिससे समस्त जनता परेशान है। बीती रात थोड़ी आंधी और बारिश होने से हर 5 मिनट में बिजली कट रही थी मेंटेनेंस के नाम पर हफ्ते भर भीषण गर्मी में सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली काटी जाती थी पर इस पर जनता ने संतोष किया कि हफ्ते भर की बात है आने वाले समय में बिजली कटौती ना हो इसके लिए मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा पर यहां तो जनता को साफ तौर पर ठगा गया है मेंटेनेंस का कार्य। पूर्ण होने जाने के बाद भी कभी भी किसी भी समय बिजली काट दी जाती बिजली कटने के बाद कब बिजली आएगी इसका कोई ठिकाना नहीं।

लहसुई, गोविंदा, टूटे हुए बिजली लाइन या किसी एक स्थान पर छोटा फॉल्ट आते ही जमुना नगर पालिका के अंतर्गत जमुना, भालूमाड़ा, कोतमा नगर पालिका के गोविंदा, 11 नंबर और कदम टोला जैसे पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी जाती है। छोटे कारण से बड़ी परेशानी:* मूरधवा के जंगल, दिनेश सिंह जी के खेत जैसे क्षेत्रों में बिजली लाइन पर पेड़ की पत्ती/डाली गिर जाने पर भी पूरे इलाके की बिजली घंटों के लिए बंद कर दी जाती है।

एक लाइन का फॉल्ट, पूरे एरिया की सजा:* किसी एक फीडर या एक लोकल लाइन में फॉल्ट होने पर पूरे क्षेत्र की आपूर्ति रोक दी जाती है, जबकि तकनीकी रूप से केवल प्रभावित सेक्शन को ही बंद किया जाना चाहिए। इस प्रकार की अंधाधुंध कटौती से व्यापार, पानी, पढ़ाई, चिकित्सा सब ठप हो जाते हैं। यह विद्युत अधिनियम 2003 एवं विद्युत उपभोक्ता अधिकार नियम 2020 का उल्लंघन है। 3 दिन के अंदर इस अव्यवहारिक कटौती प्रक्रिया को बंद कर तकनीकी सुधार किया जाए अन्यथा शिवसेना कोतमा बिजली ऑफिस के बाहर धरना देने के लिए बाध्य होगी।

*कोर जोन में घुसी इनोवा वनरक्षक पर निलंबन की कार्यवाही*

उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ी चूक सामने आई है। सोमवार की शाम 27 अप्रैल 2026 ताला मेन गेट से भोपाल पासिंग एक इनोवा कार जिसमें सागर (मध्यप्रदेश) से आए पर्यटक सवार थे, जीपीएस के सहारे किले का रास्ता खोजते हुए पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक,पर्यटकों ने गेट पर मौजूद ड्यूटी में तैनात नए वनरक्षक से रास्ता पूछा और एंट्री की मांग की। हैरानी की बात यह रही कि वनरक्षक ने बिना उचित अनुमति के उन्हें सीधे कोर जोन में प्रवेश दे दिया, जो कि सख्त नियमों के तहत प्रतिबंधित क्षेत्र है। मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया। जांच में वनरक्षक की गंभीर लापरवाही उजागर होने पर उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं पर्यटकों को भी नियमों की अवहेलना पर कड़ी चेतावनी देकर भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत दी गई है। इस मामले में फील्ड डायरेक्टर डॉ अनुपम सहाय ने कहा कि बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के कोर जोन में बिना वैध अनुमति प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। प्रथम दृष्टया ड्यूटी पर तैनात वनरक्षक की लापरवाही सामने आई है, जिसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।साथ ही सभी गेटों पर तैनात स्टाफ को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि ऐसी घटना दोबारा न हो। नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां छोटी सी चूक भी वन्यजीवों और पर्यटकों दोनों के लिए खतरा बन सकती है,ऐसे में वन रक्षक की लापरवाही को पार्क प्रबंधन गम्भीरता से ले रहा है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget