प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग व गंदगी फैलाने पर 6 दुकानदारों पर 9500 का जुर्माना, बाइक चोर को गिरफ्तार


शहडोल

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग एवं गंदगी के खिलाफ कार्रवाई की गई। बुढ़ार रोड स्थित दुकानों के निरीक्षण के दौरान छह दुकानदारों के पास से कुल 6 किलो 400 ग्राम प्रतिबंधित पॉलिथीन पाए जाने तथा गंदगी किए जाने पर कुल 9,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने की हिदायत देते हुए इसके स्थान पर कपड़े अथवा जूट के थैलों का उपयोग करने की समझाइश दी। साथ ही दुकानदारों से दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर को स्वच्छ एवं पॉलिथीन मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।

कार्रवाई के दौरान स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, भूपेश कोहरे, भरत सिंह, आनंद यादव एवं कमल उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई।

*मोटर साइकल चोर गिरफ्तार, मोटर साइकल जब्त*

उमरिया जिले के थाना नौरोजाबाद पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए मोटर साइकल चोरी के प्रकरण मे आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटर साइकल बरामद की है । 

विष्णु बैगा द्वारा थाना नौरोजाबाद मे रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनाँक 17 अगस्त 2026 की शाम उसकी मोटर साइकल में पेट्रोल खत्म हो जाने पर, ग्राम कलौनी हाई स्कूल के पास अपनी मोटर साइकल खड़ी करके पेट्रोल लेने चला गया, वापस आकर देखा तो उसकी मोटर साइकल नही थी, कोई अज्ञात आरोपी मोटर साइकल चोरी कर ले गया फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नौरोजाबाद जिला उमरिया मे अपराध क्रमांक 341/26 धारा 303(2) बीएनएस कायम कर विवेचना मे लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा मोटर साइकल एवं अज्ञात चोर की पता तलाश हेतु घटना स्थल आस पास लोगों से पूछताछ की गई, साथ ही मुखबिर तन्त्र सक्रिय किया गया। पुलिस टीम के सतत प्रयास के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि चोरी गई मोटर साइकल संदेही अमर सिंह के पास देखी गई है। प्राप्त जानकारी की तस्दीक हेतु पुलिस टीम द्वारा संदेही से पूछताछ की गई, जिसके द्वारा चोरी की घटना को स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटर साइकल बरामद कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।

तेज रफ्तार बोलेरो घर में घुसी, युवक की हुई मौत, कई घायल, अवैध उत्तखनन परिवहन पर ट्रैक्टर व लोडर जब्त


उमरिया

अमरपुर थाना अंतर्गत हायर सेकेंडरी विद्यालय के सामने एक नई बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित स्थानीय लल्ला कोल के मकान में जा घुसी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई,हादसे में एक स्थानीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत होने की खबर है,जबकि घर में मौजूद लोगों सहित कुल पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।घायलों में स्थानीय अमरपुर निवासी गोविंद गौतम और भोलू सिंह के नाम सामने आए हैं।इनके अलावा भी कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी है,हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनके नाम सामने नहीं आ सके थे।दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने तत्काल एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया।108 एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक सहायता दी और उन्हें नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचाया गया है,जहां फिलहाल इलाजरत है।चिकित्सकों के अनुसार घायलों में भोलू सिंह एवम गोविंद गौतम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, बोलेरो आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुई,इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

*रेत के अवैध परिवहन में ट्रैक्टर, लोडर जब्त*


शहडोल जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ब्यौहारी पुलिस ने बोडीहा स्थित बनास नदी में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन में लगे एक लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, बोडीहा बनास नदी में लोडर की मदद से रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो लोडर और ट्रैक्टर के चालक वाहन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है।

थाना प्रभारी ब्यौहारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजी गई थी। जांच के दौरान लोडर मालिक वरुण वैश का पता चला, जिसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं ट्रैक्टर चालक और मालिक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।


ट्रक पलटा, गुमटी हुई क्षतिग्रस्त, अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो वाहन जप्त


उमारिया 

जर्जर सड़क मार्ग पर सिंगल टोला रेलवे फाटक के पास बुधवार सुबह लकड़ी के लट्ठों से भरा एक भारी-भरकम वाहन अचानक पलट गया।गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क की दूसरी ओर कोई दूसरा वाहन मौजूद नहीं था, वरना यह घटना बड़ी जनहानि का कारण बन सकती थी। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने सड़क की बदहाली और भारी वाहनों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन्हीं गड्ढों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की एक दूसरी वजह वाहन का ओवरलोड होना भी मानी जा रही है। हादसे के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क किनारे बने चाय-नाश्ते की गुमटी को भी क्षतिग्रस्त किया है। गनीमत यह रही कि घटना के समय वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

*अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो वाहन जप्त*


शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन में शहडोल जिले में खनिजो के अवैध भण्डारण, उत्खनन, परिवहन करने पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने जानकारी दी है कि खनिज विभाग के अमले द्वारा बुढार तहसील क्षेत्र का निरीक्षण किया गया एवं खनिज का परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई जिसमें गिट्टी एवं कोयला खनिजो के अवैध परिवहन करने पर दो वाहनो को जप्त कर थाना बुढ़ार की अभिरक्षा में खड़ा किया गया एवं नियमानुसार कार्यवाही सुनिष्चित की गई। उक्त कार्यवाही में सहा खनिज अधिकारी अभिषेक पटले सहित अन्य मैदानी अमला शामिल रहा।

डायवर्सन मार्ग बना जानलेवा, एनएच विभाग की लापरवाही से जनता त्रस्त, नदी में फंसे 6 लोगों को रेस्क्यू टीम ने निकाला बाहर


उमरिया

नौरोजाबाद से बिरसिंहपुर पाली मुख्य मार्ग पर रेलवे फाटक पर बन रहा ओवरब्रिज और उसका डायवर्सन मार्ग अब जनता के लिए जी का जंजाल बन गया है। मौके पर डायवर्सन पर दो से तीन फीट तक के गहरे गड्ढे तालाब और पोखरी में तब्दील हो गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भर जाने से रोजाना बाइक सवार फिसलकर गिरते और घायल होते देखे जा रहे हैं। रात के समय बिना संकेतक व लाइट के यह मार्ग और भी भयावह, मौत के कुएं जैसा बन जाता है।

हालत यह है कि इस मार्ग से कोयले के ट्रकों के साथ-साथ सैकड़ों टन राखड़ लेकर चलने वाले बड़े-बड़े बल्कर भी इसी संकीर्ण डायवर्सन से गुजरते हैं और जब दो बल्कर आमने-सामने आ जाते हैं तो घंटों तक जाम लगा रहता है। इस जाम और गड्ढों के डर से दो पहिया और चार पहिया वाहन चालक तो मजबूरन पाली की तरफ से घूमकर नौरोजाबाद कॉलरी जाने को मजबूर हैं।

यह पाली-नौरोजाबाद-बिरसिंहपुर को जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य मार्ग है, लेकिन इस दुर्दशा के पीछे विभागीय भुगतान का बड़ा पेंच है। गत वर्ष एनएच बाइपास से रामपुर तिराहे तक 17 करोड़ की लागत से ईपीसी मोड में सड़क का निर्माण सतना के ठेकेदार के. के. सिंह द्वारा किया गया था, परंतु जहां ओवरब्रिज बन रहा है उस 200 मीटर पैच को बिना बनाए ही कागजों में भुगतान ले लिया गया, जबकि वर्तमान ब्रिज कंपनी के एस्टीमेट में डायवर्सन मार्ग का प्रावधान ही नहीं रखा गया। ब्रिज कंपनी ने पिछले वर्ष अपनी जेब से डायवर्सन बनाया, लेकिन पीडब्ल्यूडी एनएच ने न तो उसे मेजरमेंट में लिया और न ही भुगतान किया, इसलिए कंपनी ने दोबारा डायवर्सन बनाने से साफ इनकार कर दिया है। एक को बिना काम के भुगतान और दूसरे से काम लेकर बिना भुगतान की इस कार्यशैली की सजा आम जनता भुगत रही है।

वहीं 15 दिन पहले कलेक्टर राखी सहाय ने समीक्षा बैठक में खराब सड़कों के लिए अधिकारियों को सीधे जिम्मेदार मानने की चेतावनी दी थी, लेकिन उमरिया से घुनघुटी तक मार्ग आज भी जर्जर पड़ा है। इसी मार्ग से कलेक्टर का भी आना-जाना बना रहता है, फिर भी सुधार न होना वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने एक सप्ताह में डायवर्सन दुरुस्त न होने पर चक्का जाम कर आंदोलन की चेतावनी दी है।

*नदी में फंसे 6 लोगो को सुरक्षित निकाले गए*


ककलेक्टर पार्थ जायसवाल की सतत निगरानी तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के मैदानी अमले की सतर्कता से सुखाड़ नदी में फंसे 6 लोगों को राहत एवं बचाव कार्य के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बचाव दल द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी 6 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है तथा मैदानी अमले को बाढ़ एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अर्चना मिश्रा ने बाढ़ में फंसे लोगों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लोगों से अपील की कि जलभराव एवं जल निकासी वाले क्षेत्रों से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

होटल के सामने विवाद मामले में ससुराल छिपा आरोपी गिरफ्तार, चेक बाउंस मामले में 6 माह का कारावास


शहडोल/उमरिया

सोहागपुर थाना क्षेत्र के पाली रोड स्थित एक होटल के सामने 26 जुलाई को हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना में आकाश पाठक सहित उसके कुछ साथी घायल हुए थे। आकाश को गंभीर चोटें आने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धाराएं बढ़ाई थीं।

पुलिस के अनुसार, होटल के सामने खड़े कुछ लोगों के पास वाहन का टायर लगने से पत्थर उछलकर चला गया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि सोहागपुर निवासी कुछ युवकों ने आकाश पाठक और उसके साथियों को घेरकर जमकर मारपीट की, जिसमें आकाश गंभीर रूप से घायल हुआ।

मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया था। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद आकाश को आई गंभीर चोटों के आधार पर प्रकरण में गैर जमानती धाराएं भी बढ़ाई गईं। पुलिस ने मामले में 15 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर अब्दुल हमीद उर्फ लल्लू खान पिता बरकत खान, निवासी वार्ड नंबर-3 सोहागपुर को ग्राम पटसी से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी अपने ससुराल में जाकर छिपा हुआ था। 

*चेक अनादरण मामले में 6 माह का कारावास*

उमरिया में मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा उमरिया से ग्राम अमड़ी निवासी नरेश बैगा द्वारा डेयरी केसीसी के तहत 1,8,000रू0 का ऋण लिया गया था। ऋण की अदायगी के लिए उनके द्वारा बैंक के पक्ष में 1,20,054रू0 का चेक दिया गया, जो अपर्याप्त निधि के कारण अनादरित हो गया। चेक अनादरित होने के बाद बैंक द्वारा परक्राम्य लिखित अधिनियम की धारा 138 के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने आरोपी नरेश बैगा को छह माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई तथा 1,59,369रू0 की प्रतिकर राशि अदा करने का आदेश दिया। 

बस से टकराई पीकप, तीन घायल, 50 घनमीटर रेत का हुआ नष्ट, 3 वाहनों पर कार्यवाही, 7 हजार जुर्माना

उमरिया

उमरिया से शहडोल की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में सड़क हादसा हुआ है, जोहिला पुल के समीप नौरोजाबाद से पाली जा रहा पिकअप वाहन सामने से आ रहे तेज गति से सवारी बस से टकरा गया, इस दुर्घटना में पिकअप वाहन चालक समेत तीन लोग घायल हुए है।  पिकप ड्राइवर कौशल महोबिया बुरी तरह से घायल हो गया है। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराकर उपचार कराया जा रहा है। टक्कर इतनी तेज थी की पिकअप वाहन का सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं पाली थाने की पुलिस इस पूरे मामले की जाँच में जुट गई है।

 *50 घनमीटर रेत का हुआ विनिष्टीकरण*


शहडोल कलेक्टर ने ब्यौहारी तहसील के रेत के अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की शिकायतो को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ब्यौहारी को कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री अर्चना मिश्रा एवं जिला खनिज अधिकारी राहुल शाडिल्य ने बताया कि तहसील ब्योहारी अंतर्गत ग्राम खड़ोली, ग्राम पंचायत नौढ़िया में खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर अव्यवस्थिति रूप से भण्डारित लगभग 50 घनमीटर खनिज रेत का विनिष्टीकरण किया गया। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध कार्रवाई सतत रूप से की जाएगी।

*3 वाहनों पर कार्यवाही, 7 हजार का जुर्माना*


शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशानुसार जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल द्वारा 24 स्कूली वाहनो की संघन जांच की गई। जांच के दौरान 3 स्कूल वाहनों में अनियमिततां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का वाहन मालिको के विरूद्व अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधन को निर्धारित सुरक्षा मानकों और परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। 

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget