ट्रक पलटा, गुमटी हुई क्षतिग्रस्त, अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो वाहन जप्त
उमारिया
जर्जर सड़क मार्ग पर सिंगल टोला रेलवे फाटक के पास बुधवार सुबह लकड़ी के लट्ठों से भरा एक भारी-भरकम वाहन अचानक पलट गया।गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क की दूसरी ओर कोई दूसरा वाहन मौजूद नहीं था, वरना यह घटना बड़ी जनहानि का कारण बन सकती थी। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने सड़क की बदहाली और भारी वाहनों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन्हीं गड्ढों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की एक दूसरी वजह वाहन का ओवरलोड होना भी मानी जा रही है। हादसे के दौरान दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क किनारे बने चाय-नाश्ते की गुमटी को भी क्षतिग्रस्त किया है। गनीमत यह रही कि घटना के समय वहां कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
*अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो वाहन जप्त*
शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन में शहडोल जिले में खनिजो के अवैध भण्डारण, उत्खनन, परिवहन करने पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने जानकारी दी है कि खनिज विभाग के अमले द्वारा बुढार तहसील क्षेत्र का निरीक्षण किया गया एवं खनिज का परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई जिसमें गिट्टी एवं कोयला खनिजो के अवैध परिवहन करने पर दो वाहनो को जप्त कर थाना बुढ़ार की अभिरक्षा में खड़ा किया गया एवं नियमानुसार कार्यवाही सुनिष्चित की गई। उक्त कार्यवाही में सहा खनिज अधिकारी अभिषेक पटले सहित अन्य मैदानी अमला शामिल रहा।

