खनिज के अवैध उत्तखनन व परिवहन पर दो ट्रैक्टर व जेसीबी को पुलिस व खनिज विभाग ने किया जब्त
अनूपपुर/शहडोल
थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कोठी गैस एजेंसी के पास, कोठी से पकरिहा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जिसमें अवैध रेत लदी पाई गई। लगभग ₹5.05 लाख मूल्य का ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अवैध रेत जप्त, आरोपी पर मामला दर्ज किया है। वाहन चालक ने अपना नाम ओम कुशवाहा (पिता नरेश प्रसाद कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोठी, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर बताया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
दूसरा मामला थाना भालूमाड़ा पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम पयारी नम्बर 02 में यादव ढाबा के पास रेड कार्यवाही कर एक स्वराज कम्पनी का ट्रेक्टर क्रमांक MP 65 AA 4888 में लोड 3 घन मीटर अवैध रेता (खनिज) आरोपी चालक सिवतैन खान पिता शहादत खान उम्र 24 वर्ष निवासी बिरसिंहपुर पाली जिला उमरिया के द्वारा अवैध खनिज रेत ट्रेक्टर मालिक नरेन्द्र सिंह निवासी निमहा थाना रामनगर के कहने पर अवैध रेता चोरी कर बिना टीपी व वैध लायसेंस के बिना ट्रेक्टर में लोड कर परिवहन करते पाये जाने पर आरोपी चालक से उक्त ट्रेक्टर मय लोड 3 घन मीटर रेत जप्त कर आरोपी चालक सिवतैन खान एवं ट्रेक्टर मालिक नरेन्द्र सिंह के विरूद्ध अपराध क्र. 275/2026 धारा 303(2),317(5) बी.एन.एस. 4/21 खान खनिज अधिनियम एवं 130(3)/177 एम.व्ही. एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
*अवैध मिट्टी का उत्खनन पर जेसीबी मशीन जप्त*
तीसरा शहडोल जिले के ग्राम जरवाही से मिट्टी के अवैध उत्खनन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग द्वारा आज जांच की गई। ग्राम जरवाही में एक खेत में जेसीबी मशीन द्वारा मिट्टी का उत्खनन करते हुए पाया गया। खेत से निकाली जा रही मिट्टी को ग्राम जरवाही में पेट्रोल पंप के सामने स्थित खाली प्लॉट में भरण किया जा रहा था। जांच के दौरान उक्त कार्य के संबंध में कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी। जेसीबी ऑपरेटर द्वारा बताया गया कि भूमि स्वामी की सहमति से खेत से मिट्टी निकालकर अन्य प्लॉट में डाली जा रही है। मौके पर मिट्टी के उत्खनन एवं अन्य स्थान पर भंडारण/भरण के संबंध में आवश्यक अनुमति उपलब्ध नहीं पाई गई। खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन क्रमांक MP 18 ZD 7826 को जप्त कर थाना बुढ़ार की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
