खदान में केबल चोरी का मामले में लोगो को पकड़ने का दावा, अवैध रेत परिवहन पर हाइवा जब्त
अनूपपुर
एसईसीएल की बदरा कालरी अंतर्गत नारायण खदान में केबल चोरी का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खदान में उपयोग होने वाली केबल चोरी करते हुए कालरी कर्मचारी राजू साहू, जो बेल्ट फीटर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं, तथा महिपाल नामक हेल्पर, जो एक ठेका कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा है, को पकड़ने का दावा किया जा रहा है
सूत्रों के मुताबिक चोरी की जा रही केबल की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार खदान के ओवरमैन अरविंद भारती एवं शिफ्ट इंचार्ज देशमुख साहब ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर पड़ने के बाद कार्रवाई की। घटना के दौरान अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक एसईसीएल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। मामले की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
*अवैध रेत परिवहन पर हाइवा वाहन जब्त*
शहडोल जिले में कलेक्टर डॉ केदार सिंह के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक हाइवा वाहन को जब्त किया है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर खनिज निरीक्षक वृत्त ब्यौहारी द्वारा तहसील ब्यौहारी क्षेत्र में जांच के दौरान आनंद फ्यूलिंग पेट्रोल पंप के समीप हाइवा क्रमांक MP 18 H 5833 की जांच की गई। वाहन में लोड रेत के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को अवैध रूप से खनिज रेत का परिवहन करते पाए जाने पर जप्त कर थाना ब्यौहारी की सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। वाहन चालक ने पूछताछ में वाहन मालिक का नाम शिवम सिंह निवासी ब्यौहारी, जिला शहडोल बताया। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

