खिलाड़ियों जीते सात पदक, गाँजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, दो ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त, गुम 20 मोबाइल बरामद
शहडोल
भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में 16 से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित 25वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वूशु प्रतियोगिता में शहडोल जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 7 पदक अर्जित किए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 700 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं स्पर्धा वर्गों में सहभागिता की।
प्रतियोगिता में शहडोल के अथर्व सिंह टेकाम ने स्वर्ण पदक, आदित्य तिवारी ने रजत पदक तथा प्रथमेश ताम्रकर, इमरान खान, चंद्रशेखर यादव, केशव भारद्वाज एवं ओम द्विवेदी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
स्वर्ण पदक विजेता अथर्व सिंह टेकाम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की वूशु प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है।
*मादक पदार्थ गांजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार*
अनूपपुर जिले में अवैध मादक पदार्थ एवं नशा के कारोबारियों के विरूद्ध कोतवाली अनूपपुर को सूचना प्राप्त हुई कि राजेन्द्रग्राम किरर तरफ से अनूपपुर की ओर दो व्यक्ति एक काले रंग की स्ट्रीम मोटर सायकल क्रमांक एम.पी. 65 जेड ए 9670 में बैठकर बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर आ रहे है। जिस पर कोतवाली पुलिस द्वारा राजेन्द्रग्राम अनूपपुर रोड कोयलारी तिराहा में नाकाबंदी कर आरोपी दिनेश कुमार बंजारा पिता लल्ला बंजारा उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम नौगवां थाना राजेन्द्रग्राम एवं सुनील उर्फ मन्जू यादव पिता सुरेश यादव उम्र 32 वर्ष निवासी पंचवटी मोहल्ला बुहार थाना बुढ़ार के कब्जे से पिट्टू बैग के अंदर 05 पैकिट मादक पदार्थ गांजा कुल 05.60 किलोग्राम कीमती 50600 रूपये व हीरो स्ट्रीम मोटर सायकल कीमती 80000 रूपये का आरोपियो से जप्त किया गया है। तथा थाना कोतवाली अनूपपुर में आरोपीगणो के विरूद्ध अपराध क्रमांक 517/26 धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
*अवैध रेत परिवहन पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त*
शहडोल जिले के पपौंध पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नई बस्ती पड़री से दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि डंप की गई रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लोड कर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक एक ट्रैक्टर को रामसरोवर साहू चला रहा था, जबकि दूसरे ट्रैक्टर को उसके मालिक धर्मेंद्र उर्फ भल्लू उर्फ भावेंद्र सिंह द्वारा चलाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर रामसरोवर साहू और धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
*20 गुम मोबाइल को बरामद*
अनूपपुर जिले में गुम हुए मोबाइलों को दस्तयाब कर उनके मालिकों को सुपुर्द करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना कोतमा पुलिस द्वारा गुम हुए मोबाइल फोनो को तलाश करने हेतु टीम बनाई गई। पुलिस टीम द्वारा साइबर सेल अनूपपुर की मदद से 20 मोबाइलों कीमती 02.20 लाख रुपया को दस्तयाब कर संबंधित मोबाइल फोन के मालिकों को सुपर्द किया गया। मोबाइल फ़ोन मिलने पर संबंधित आवेदकों ने पुलिस की प्रशंसा करते हुए खुशी जाहिर की है।
