रणजी ट्रॉफी में रोशन केवट, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपूर्व द्विवेदी का हुआ चयन, संभाग के नाम किया रोशन
शहडोल
शहडोल, अनूपपुर तथा उमरिया जैसे तीन जिलों वाला यह संभाग आज क्रिकेट के बड़े मंचों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। यहां की मिट्टी से निकले खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश की घरेलू क्रिकेट टीमों से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है। कभी सीमित संसाधनों के बीच क्रिकेट का अभ्यास करने वाले इस क्षेत्र के युवा अब रणजी ट्रॉफी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी, मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग और महिला क्रिकेट के प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस वर्ष शहडोल संभाग के क्रिकेट इतिहास में दो नई उपलब्धियां जुड़ी हैं। रोशन केवट का रणजी ट्रॉफी के लिए चयन और अपूर्व द्विवेदी का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए मध्य प्रदेश की सीनियर टीम में चयन इस बात का प्रमाण है कि संभाग की क्रिकेट प्रतिभाएं अब बड़े मुकाम हासिल कर रही हैं। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली पूजा वस्त्राकर ने पहले ही शहडोल का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है।
शहडोल संभाग के लिए इस वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में रोशन केवट का रणजी ट्रॉफी में चयन शामिल है। देश की प्रतिष्ठित घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी में जगह बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। रोशन का चयन संभाग के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। इसी कड़ी में शहडोल के अपूर्व द्विवेदी ने भी अपनी मेहनत और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश की सीनियर टीम में स्थान बनाया है। उनका चयन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में हुआ है। 14 नवंबर से प्रारंभ होने वाली इस टी-20 प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की टीम ग्रुप चरण में सात मुकाबले खेलेगी।
