सरकारी आवास में लगी आग, घर का सामान जलकर हुआ खाक, गांजा सहित मोबाइल जब्त, मामला दर्ज
शहडोल
पाली रोड स्थित वन विभाग कार्यालय के समीप बने सरकारी आवास में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग वन विभाग में क्लर्क के पद पर पदस्थ बृजेश श्रीवास्तव के सरकारी आवास में लगी थी। घटना के समय घर में ताला लगा हुआ था और परिवार के सभी सदस्य बाहर थे। ऐसे में घर के अंदर आग लगने की जानकारी किसी को नहीं थी। मकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
आवास के ऊपर से धुएं का गुबार उठता देख आसपास रहने वाले लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद लोग तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल वाहन को सूचना दी गई। दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था। बाद में दमकलकर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के अन्य आवासों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि आवास के अंदर रखा गृहस्थी का सामान इसकी चपेट में आ गया। फर्नीचर, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
*गांजा, मोबाइल सहित जब्त , मामला दर्ज*
शहडोल जिले के थाना सिंहपुर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना सिंहपुर पुलिस टीम द्वारा ग्राम बोडरी स्थित शासकीय हाई स्कूल के पीछे एक संदेही को पकड़ा गया, पूछताछ में संदेही ने अपना नाम रामनारायण पटेल उर्फ टीकराम पटेल पिता सुरितराम पटेल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम बोडरी, जमुनिया टोला, थाना सिंहपुर जिला शहडोल बताया। नियमानुसार तलाशी की कार्यवाही करने पर उसके कब्जे से 320 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा उक्त मादक पदार्थ गांजा एवं एक टच स्क्रीन मोबाइल सहित कुल कीमती लगभग 15,000 रुपये का मशरूका विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने से उसके विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
