साइकिल चला रहा मासूम कुँए में गिरा, बेटे को बचाने माँ कुँए में कूदी, नही बचा सकी जान
उमरिया
ग्राम किरणताल में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। साइकिल चलाते समय कुएं में गिरे 9 वर्षीय मासूम बेटे को बचाने के लिए मां ने भी कुएं में छलांग लगा दी। मां ने अपने बेटे को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। इस हादसे में मासूम की जान नहीं बच सकी। जिला अस्पताल में बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
उमेश पाल उम्र 9 वर्ष अपने घर के समीप साइकिल चला रहा था। इसी दौरान अचानक वह पास स्थित कुएं में गिर गया। बेटे को कुएं में गिरता देख मां अनीता पाल ने एक पल की भी देरी नहीं की और उसे बचाने के लिए स्वयं कुएं में छलांग लगा दी।
बताया जा रहा है कि कुएं में गिरने के दौरान साइकिल भी बच्चे के ऊपर गिर गई, जिससे वह गहरे पानी में डूब गया। मां ने काफी प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और गहरे पानी के कारण वह बेटे को तलाश नहीं सकी। इस बीच घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने प्रयास कर पहले मां को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर बच्चे को कुएं से बाहर निकाला।
परिजन तत्काल बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
