समाचार
नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना सहित लिए गए अनेक निर्णय
*बैठक में सांसद, कमिश्नर, विधायक, कलेक्टर हुए शामिल*
अनूपपुर
श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गगम) ट्रस्ट अमरकंटक की 21वी सामान्य बैठक ट्रस्ट की अध्यक्ष शहडोल संभाग की कमिश्नर सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में 11 नवंबर 2026 को अपराह्न में नगर परिषद अमरकंटक के सभा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह, विधायक पुष्पराजगढ़ फुन्देलाल सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, वन मंडलाधिकारी डेविड वेंकट राव चनाप, अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, सहित ट्रस्ट के सदस्य गण उपस्थित थे।
नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का दस्तावेजीकरण एवं संरक्षण संवर्धन, उद्गम कुंड व मंदिर परिसर में जल गुणवत्ता 'जीरो डिस्चार्ज' एवं प्लास्टिक प्रतिबंध, मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण नियंत्रण, नो कंस्ट्रक्शन जोन एवं धार्मिक मर्यादा के पालन से संबंधित विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया।
वार्षिक आय-व्यय, मासिक आय पंजी संधारण के संबंध में निर्णय लिया गया। नर्मदा उद्गम मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार में काऊ कैचर लगाने तथा द्वार के मूल पौराणिक स्वरूप मे आकर्षक व भव्य बनाने के संबंध में चर्चा कर निर्णय लिया गया।
मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के समीप अनाधिकृत अतिक्रमण व सीमेंट कंक्रीट संरचना को चिन्हांकित कर चरणबद्ध रूप से हटाने व मंदिर परिसर के आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता, प्रतिबंधित गतिविधियों, यातायात, सीवरेज योजना के सुदृढीकरण की समीक्षा कर सतत रूप से निर्देशों के पालन के अनुरूप कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
समाचार
जनजातीय गौरव सप्ताह से जननायकों के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा- ओम प्रकाश धुर्वे
*जिलों में निकाली जाएंगी सांस्कृतिक रैलियां*
अनूपपुर
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 नवंबर 2026 को भाजपा कार्यालय अनूपपुर में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को डिंडौरी विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमोल सिंह मार्को, जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह एवं जिला सह मीडिया प्रभारी राम केवट उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के महान नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की। यह जनजातीय समाज के महान नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 12 एवं 13 नवंबर को जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रतिमाओं एवं देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम होंगे।
इसके साथ ही भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों और जननायकों के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान और बलिदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें। जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास ही इस अभियान का प्रमुख संकल्प है।
समाचार
पैर की बीमारी से परेशान अधेड़ ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बीमारी से परेशान एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन साल से पैर की बीमारी से पीड़ित थे और लगातार उनका इलाज चल रहा था। उपचार के बावजूद राहत नहीं मिलने से वह काफी परेशान रहते थे। प्रारंभिक जांच में बीमारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान राजेंद्र प्रसाद पटेल 50 वर्ष, पिता बृजकिशोर पटेल, निवासी ग्राम नगनौडी के रूप में हुई है। वह घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर उनका शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ब्यौहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया
परिजनों के बयानों में सामने आया है कि राजेंद्र प्रसाद पटेल पिछले करीब तीन साल से पैर की बीमारी (सटका) से परेशान थे। इस दौरान उनका लगातार उपचार कराया जा रहा था, लेकिन उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल रही थी।
समाचार
नरगड़ा नाला से बगहईया नाला तक सड़क चौड़ीकरण की योजना पर उठे सवाल, हजारों लोगों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
शहडोल
नरगड़ा नाला से बगहईया नाला तक सड़क चौड़ीकरण की प्रस्तावित योजना को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण की फिलहाल कोई विशेष आवश्यकता नहीं है। इसके बजाय नगर पालिका और संबंधित विभाग को इस मार्ग की जर्जर हो चुकी दोनों पुलियाओं के निर्माण पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए। साथ ही इस सड़क से गुजरने वाले भारी कोयला वाहनों के लिए बाईपास मार्ग तैयार किया जाना चाहिए।
लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर यदि निर्माण कार्य किया जाता है तो सड़क के आसपास रहने वाले और कारोबार करने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। निर्माण के दौरान आवागमन प्रभावित होने के साथ ही अतिक्रमण हटाने, जमीन और दुकानों से जुड़े विवादों की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में बिना जरूरत सड़क चौड़ीकरण की योजना पर आगे बढ़ने के बजाय क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस मार्ग से बड़ी संख्या में कोयले से लदे भारी ट्रक गुजरते हैं। इन वाहनों के कारण सड़क पर दबाव बढ़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। भारी वाहनों की आवाजाही को शहर के अंदर से हटाकर बाईपास मार्ग से संचालित किया जाए तो यातायात का दबाव काफी कम हो सकता है। इसके अलावा नरगड़ा नाला से बगहईया नाला के बीच स्थित दोनों पुलियाएं काफी जर्जर हो चुकी हैं। इनकी स्थिति को देखते हुए कभी भी गंभीर हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
समाचार
विश्व विज्ञान दिवस पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार सोच से कराया रूबरू
उमरिया
शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर जिज्ञासा, तर्कशक्ति, रचनात्मकता और नई संभावनाओं को तलाशने की क्षमता विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी सोच को सार्थक रूप देने एवं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से विश्व विज्ञान दिवस के अवसर पर युवा टीम उमरिया मध्यप्रदेश द्वारा शासकीय विद्यालय बिरसिंहपुर पाली में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान की उपयोगिता से परिचित कराना, उनमें वैज्ञानिक चेतना का संचार करना तथा आधुनिक युग में विज्ञान एवं तकनीक की बढ़ती भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा। निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, विचारों और ज्ञान को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में युवा टीम उमरिया के टीम संयोजक हिमांशु तिवारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी देश की प्रगति केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि वहां के नागरिकों की शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता से निर्धारित होती है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश के वैज्ञानिक, इंजीनियर, शोधकर्ता और राष्ट्र निर्माता बनेंगे। इसलिए बचपन से ही उनमें जिज्ञासा, अनुसंधान और कुछ नया सीखने की भावना विकसित करना बेहद आवश्यक है। युवा टीम उमरिया का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, रचनात्मक गतिविधियों और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से जोड़ा जाए।
समाचार
राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव का ब्यौहारी में होगा महाकुंभ,सीएम मोहन यादव होंगे शामिल
शहडोल
विंध्य और महाकौशल की सियासत में निर्णायक भूमिका निभाने वाला कोल समाज अब अपनी संस्कृति, पहचान और सियासी हिस्सेदारी की आवाज को बुलंद करने के लिए शहडोल जिले के ब्यौहारी में महाकुंभ करने जा रहा है, मौका होगा राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव का, जहां सिर्फ लोकनृत्य, मांदर की थाप और पुरखों की विरासत का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि भूमिहीनता, बेरोजगारी, शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी जैसे बड़े सवाल भी गूंजेंगे, इस महाकुंभ की सबसे बड़ी बात यह है कि 16 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इसमें शिरकत करेंगे।
भाजपा के ब्यौहारी विधायक शरद कोल की पहल पर यह राष्ट्रीय आयोजन 13, 14 और 15 दिसंबर को ब्यौहारी के बिनायक पैलेस में होगा, जबकि 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम होगा। विधायक शरद कोल के मुताबिक इस महोत्सव में मध्यप्रदेश के अलावा असम, त्रिपुरा, बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित 10 से 12 राज्यों के कोल समाज के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे और दूसरे राज्यों से करीब 300 लोगों के शामिल होने की संभावना है। महोत्सव में कोल समाज की पारंपरिक जीवनशैली को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें उनके पारंपरिक हथियार, खेती के औजार, लोक कला और खान-पान भी शामिल होगा।
कोल समाज की ताकत को यूं ही नहीं आंका जा रहा, मध्यप्रदेश में कोल समाज की आबादी 25 लाख से अधिक है और यह भील और गोंड के बाद प्रदेश में तीसरे नंबर की सबसे बड़ी जनजाति है, अकेले ब्यौहारी विधानसभा में 38 हजार से अधिक कोल मतदाता हैं, रीवा, सीधी, सतना, शहडोल, मऊगंज, जबलपुर और खजुराहो संसदीय क्षेत्रों में कोल समाज निर्णायक है।
समाचार
संध्या पांडेय को देशी नस्ल की गिरि गाय को प्रदेश में मिला तीसरा स्थान, गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार से सम्मानित
उमरिया
देशी नस्ल की गायों का पालन केवल हमारी समृध्द पशुधन, परंपरा और संस्कृति का हिस्सा मात्र नही है बल्कि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक समृध्दि का एक सशक्त माध्यम भी है। यदि सही देखभाल, संतुलित आहार और बेहतर पशु पालन प्रबंधन किया जाए तो देशी नस्ल की गाय भी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकती है । यह साबित कर दिखाया है जिले की गौपालक संध्या पांडेय ने । उन्होने पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है, उनकी गिरि गाय को प्रदेश में तीसरा स्थान मिला तथा वह जिले के वृंदावन ग्राम डोडका में प्रथम स्थान पर रही।
मानपुर विकासखंड अंतर्गत डोंडका ग्राम निवासी संध्या पांडेय की गिरि नस्ल की गाय ने प्रतिदिन 17.166 लीटर दूध उत्पादन कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उनकी यह उपलब्धि आधुनिक एवं व्यवस्थित डेयरी व्यवसाय के प्रति समर्पण का परिणाम है। संध्या पांडेय ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में आचार्य विद्यासागर योजना के माध्यम से ऋण लेकर छह गायों के साथ डेयरी व्यवसाय की शुरुआत की थी। आज उनकी डेयरी में कुल 16 गाय हैं, जिनमें आठ गाय गिर एवं साहीवाल नस्ल की हैं। उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री डा मोहन यादव व्दारा जिले के ग्राम डोंडका को वृंदावन ग्राम घोषित किए जाने के बाद देशी गौ वंश के संरक्षण एवं संवर्धन को विशेष प्रोत्साहन मिला। पशु पालन एवं डेयरी विभाग व्दारा पशु पालको को उन्नल नस्लो के गौपालन , दुग्ध उत्पादन और आर्थिक आत्म निर्भरता के लिए प्रेरित किया गया। हमने अपनी गिरि गाय की बेहतर देखभाल, संतुलित पोषण एवं नियमित रख रखाव पर विशेष ध्यान दिया। इसी का परिणाम है कि वह 17.166 लीटर दूध उत्पादन कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर सकी। उनकी इस सफलता से जिले के अन्य पशुपालकों और युवाओं को भी पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलेगी। पशु पालक संध्या पांडेय को गत दिनों गौ पूजन और पशु पालक सम्मान कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया।