पोनांग तालाब निर्माण में लापरवाही पर ठेकेदार को सीएमओ ने ब्लैकलिस्ट करने के दिए निर्देश
शहडोल
नगर पालिका परिषद शहडोल की मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने आज सर्किट हाउस के समीप स्थित पोनांग तालाब में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ग्रीन स्पेस पार्क के कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की अत्यंत धीमी प्रगति और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि उक्त निर्माण कार्य के लिए संबंधित ठेकेदार को 9 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। इसके बावजूद बार-बार नोटिस जारी किए जाने और पर्याप्त समय दिए जाने के बाद भी निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति मात्र 17 प्रतिशत ही हो पाई है। लंबे समय से कार्य अधूरा रहने और ठेकेदार द्वारा कार्य में अपेक्षित गति नहीं लाए जाने को मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने गंभीर लापरवाही माना। बार-बार नोटिस एवं निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होना गंभीर विषय है।
उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर पालिका के उपयंत्री शरद द्विवेदी को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई तत्काल प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में हुई देरी के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
