शराब दुकान में गुंडागर्दी एमआरपी से ज्यादा दाम मांगने का विरोध पड़ा भारी, ग्राहक की पिटाई
अनूपपुर
भालूमाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुना शराब दुकान में कथित तौर पर शराब ठेकेदार के कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब की बोतल पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूलने का विरोध करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर ठेकेदार के कथित गुर्गों ने ग्राहक के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।
जमुना शराब दुकान पर ग्राहक ने जब एमआरपी से अधिक कीमत वसूले जाने का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई। मामला केवल मारपीट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद भालूमाड़ा पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की है। इतना ही नहीं, पीड़ित का दावा है कि सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत वापस लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है और शिकायत वापस नहीं लेने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
मामला केवल शराब दुकान में कथित गुंडागर्दी का नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर सवाल है। पीड़ित ने अब एसडीओपी से न्याय की गुहार लगाकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही की मांग की हैं।
