छुट्टी पर गए उप पंजीयक, नहीं हो सकी रजिस्ट्री, चरमराई व्यवस्था, वकील व पक्षकार हुए परेशान
*एक उपपंजीयक के दम पर चार तहसील*
अनूपपुर
जिले में भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए आने वाले लोगों की परेशानी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे जिले का पंजीयन कार्य महज एक उप पंजीयक के भरोसे संचालित हो रहा है। उप पंजीयक विजय जाटव के अवकाश पर चले जाने से जिला मुख्यालय स्थित पंजीयन कार्यालय में रजिस्ट्री का काम पूरी तरह ठप हो गया। पहले से स्लॉट बुक कराकर पहुंचे पक्षकार और अधिवक्ता दिनभर रजिस्ट्री शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कार्यालय में मौजूद सहायक ग्रेड-2 नितिन यादव के माध्यम से रजिस्ट्री कार्य शुरू कराने की उम्मीद में लोग बैठे रहे। उन्हें बताया गया कि दोपहर 2 बजे के बाद शहडोल पंजीयन कार्यालय से निर्देश मिलने पर काम शुरू हो सकता है, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण एक भी रजिस्ट्री संपादित नहीं हो सकी। इस दौरान दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोग भी परेशान होते रहे।
अधिवक्ताओं का कहना है कि पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए जिले में पर्याप्त अधिकारी और वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए। किसी एक अधिकारी के अवकाश पर रहने से पूरे जिले का काम बंद हो जाना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। जरूरत इस बात की है कि जिले में अतिरिक्त उप पंजीयक की पदस्थापना की जाए अथवा अवकाश के दौरान दूसरे अधिकारी की अस्थायी ड्यूटी लगाई जाए, ताकि भूमि की रजिस्ट्री के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जिले में उप पंजीयक के रूप में केवल विजय जाटव पदस्थ हैं। उनके अवकाश पर रहने की स्थिति में रजिस्ट्री कार्य संचालित करने के लिए कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। इसका खामियाजा सीधे आम नागरिकों को भुगतना पड़ता है। एक उप पंजीयक होने के कारण बुधवार को कोतमा तहसील और गुरुवार को राजेंद्रग्राम में रजिस्ट्री कार्य के लिए जाना पड़ता है। अन्य दिनों में इन क्षेत्रों के पक्षकारों को जिला मुख्यालय अनूपपुर पहुंचना पड़ता है। यह व्यवस्था वर्षों से चली आ रही है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
