अस्पताल चौकी में पदस्थ आरक्षक ने नाबलिग के गर्भवती की सूचना छिपाकर लिए 10 हजार रुपए, मामला दर्ज
शहडोल
जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ एक आरक्षक पर नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की अस्पताल से मिली पुलिस सूचना दबाने और आरोपी पक्ष से 20 हजार रुपये में सौदा तय करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में आरक्षक के कई कथित ऑडियो सामने आए हैं। इनमें वह आरोपी पक्ष पर रुपये देने का दबाव बनाते और पुलिस सूचना की तहरीर अपने घर ले जाने की बात कहते सुनाई दे रहा है। हालांकि, इन ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का है। किशोरी करीब आठ माह की गर्भवती थी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि किशोरी नाबालिग और अविवाहित है। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी और तहरीर तैयार की। अस्पताल चौकी में पदस्थ आरक्षक सुशील पटेल ने यह तहरीर प्राप्त की थी।
आरोप है कि तहरीर मिलने के बाद आरक्षक ने पीड़ित परिवार से संपर्क किया। इसके बाद आरोपी पक्ष की जानकारी जुटाकर उसके एक रिश्तेदार के माध्यम से बातचीत शुरू की। कथित तौर पर 20 हजार रुपये में मामला दबाने का सौदा तय हुआ। इसमें से 10 हजार रुपये लेने के बाद पुलिस सूचना की तहरीर दबा दी गई।
शुरुआत में बदनामी के डर से पीड़ित परिवार पुलिस में शिकायत करने को तैयार नहीं था। उसके बाद संबंधित थाना प्रभारी को अवगत कराया। इसके बाद जयसिंहनगर पुलिस ने सोहागपुर थाने से संपर्क कर शून्य पर अपराध दर्ज कराया। मामले की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
