कोयला खदान के लिए, बजरंग पावर पर तालाब पाटने का लगा आरोप, ग्रामीणों ने काम बंद करने की मांग
उमरिया
घुनघुटी क्षेत्र में संचालित बजरंग पावर की कोयला खदान के लिए गिठौरी गांव के पारंपरिक निस्तारी तालाब में मिट्टी डालकर उसका एक हिस्सा पाटने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी गांव के एकमात्र जलस्रोत को नुकसान पहुंचाकर सड़क बना रही है। इसके विरोध में करीब 250 की आबादी वाले गांव के महिला, पुरुष और युवा पिछले तीन दिनों से तालाब की मेड़ पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, तालाब का उपयोग लंबे समय से गांव के लोग अपनी दैनिक जरूरतों और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए करते आ रहे हैं। तालाब के आसपास ग्रामीणों की खेती की जमीन भी है। आरोप है कि कंपनी ने सड़क निर्माण के लिए तालाब में मिट्टी डलवाकर उसका स्वरूप बदल दिया है। इससे आने वाले समय में गांव में पानी का संकट खड़ा हो सकता है। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ग्रामीणों के पारंपरिक कार्यों पर भी असर पड़ेगा।
कंपनी उनकी चारागाह की जमीन पर भी कब्जा कर रही है। उनका कहना है कि तालाब और खेतों को नुकसान पहुंचने से आने वाली पीढ़ियों के सामने भी परेशानी खड़ी होगी। ग्रामीणों के मुताबिक, यह तालाब 50 साल से अधिक पुराना है और गांव की जरूरतों का प्रमुख आधार है। इसे किसी भी स्थिति में खत्म नहीं होने दिया जाएगा।
