समाचार 01 फोटो 01

भाजपा नेता के जुआं खेलने का वीडियो वायरल, जिला उपाध्यक्ष  52 परी से कर रहे कमाई

अनूपपुर 

जिले में जुआ खेलने और खिलाने के कथित फड़ों से जुड़े वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। अब सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल हुआ है। इसमें भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष लल्ला दास सहित कई लोग कथित तौर पर जुआ खेलते नजर आ रहे हैं। वीडियो में भाजपा नेता पिंकू की मौजूदगी भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

लल्ला दास के भाजपा किसान मोर्चा में पदाधिकारी होने की पुष्टि संगठन के एक नियुक्ति पत्र से होती है। यह पत्र 16 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। इसे किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेश मिश्रा ने जारी किया है। पत्र में लल्ला दास को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके नाम के सामने कोतमा का पता दर्ज है।

वायरल वीडियो में कुछ लोग एक जगह बैठकर ताश के पत्तों पर दांव लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहे लोगों में लल्ला दास और भाजपा नेता पिंकू के होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पर लल्ला दास को नगरपालिका अध्यक्ष बनगवां यशवंत सिंह का करीबी भी बताया जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की पुष्टि भी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

समाचार 02 फोटो 02

इस बार नहीं जले 51 हजार दीप, व्यापारियों ने 1100 दीपों से निभाई परंपरा, भव्य आयोजन की निरंतरता पर सवाल

अनूपपुर 

मां नर्मदा की उद्गम स्थली अमरकंटक में देवउठनी एकादशी पर इस वर्ष देव दीपोत्सव का आयोजन सीमित स्तर पर हुआ। पिछले वर्षों में 51 हजार दीप प्रज्वलित कर मां नर्मदा के तट को रोशन करने और भव्य महाआरती आयोजित करने की पहल की गई थी, लेकिन इस बार जिला प्रशासन अथवा अन्य आयोजकों की ओर से ऐसा कोई व्यापक आयोजन देखने को नहीं मिला। हालांकि, धार्मिक परंपरा और आस्था को कायम रखते हुए पार्किंग क्षेत्र के व्यापारियों ने अपने स्तर पर रामघाट के उत्तर तट पर 1100 दीप प्रज्वलित कर देव दीपोत्सव मनाया। दीपों की रोशनी से जगमगाते घाट ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया, वहीं 51 हजार दीपों के पूर्व घोषित भव्य आयोजन की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।

कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर शाम करीब 7 बजे पार्किंग क्षेत्र के व्यापारी मां नर्मदा के पावन रामघाट के उत्तर तट पर एकत्रित हुए। यहां सभी ने सामूहिक रूप से 1100 दीप प्रज्वलित कर घाट को रोशन किया। दीपों की कतारों से सजा रामघाट भक्तिमय और आकर्षक नजर आया। इस अवसर पर मां नर्मदा को पुष्प, बेलपत्र एवं प्रसाद अर्पित कर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाई गईं। व्यापारियों ने मां नर्मदा से अपने परिवारों में सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि के साथ व्यवसाय की उन्नति की कामना की।

अमरकंटक में देव दीपावली पर भव्य दीपोत्सव आयोजित करने की शुरुआत स्थानीय संत मंडल की पहल पर हुई थी। इसके बाद अगले वर्ष तत्कालीन कलेक्टर हर्षल पंचोली के कार्यकाल में जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया गया। 51 हजार दीप प्रज्वलित करने और मां नर्मदा की भव्य महाआरती की पहल ने अमरकंटक की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने की उम्मीद जगाई थी। पार्किंग क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा 1100 दीप प्रज्वलित कर किया गया आयोजन स्थानीय आस्था, आपसी एकता और सामूहिक सहभागिता का उदाहरण बना। 

समाचार 03 फोटो 03

नोबल पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रदर्शित की वैज्ञानिक प्रतिभा

अनूपपुर 

नोबल पब्लिक हाई सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, जैतहरी में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक विज्ञान मॉडल तैयार किए। बच्चों ने अतिथियों एवं विशेषज्ञों के समक्ष अपने-अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक सिद्धांतों तथा उनकी उपयोगिता को आत्मविश्वास के साथ विस्तारपूर्वक समझाया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनकी वैज्ञानिक समझ, प्रस्तुतीकरण और नवाचार की सराहना करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए।।

मुख्य अतिथि अनिल कुमार गुप्ता जी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नई चीजें सीखने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ सिंह जी ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक प्रतिभा का विकास करना, उनमें तार्किक चिंतन एवं प्रयोगात्मक ज्ञान को बढ़ावा देना हैं।

समाचार 04 फोटो 04

हलुआ पूड़ी बन गई भाजपा संगठन, घोषित कार्यकारिणी को भाजपा जिलाध्यक्ष ने 24 घंटे में किया भंग, दिखाई तानाशाही 

*भाजपा संगठन में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बंद हो- रामनारायण मिश्रा*

*कार्यकर्ताओं को बना दिया शतरंज की गोटी, जब चाहा दे दी मात, कार्यकर्ताओं में भारी रोष*

शहडोल 

भाजपा जिलाध्यक्ष अमिता चपरा व प्रदेश के संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा पार्टी को हलवा पूड़ी बनाकर चला रहे है, जब चाहा खा लिया, लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है, भाजपा जिलाध्यक्ष का तानाशाही रवैया से कार्यकर्ताओं का पार्टी से मोह खत्म हो रहा है। जब से देश में भाजपा पार्टी का चुनाव में अच्छा परफॉर्मेंस से केंद्र व कई राज्यों शासन होने के बाद पार्टी को यह लगने लगा हैं की अब कार्यकर्ता मात्र उनके लिए शतरंज की एक गोटी भर बनकर रह गई जब जब चाहा किसी भी खाने में रख दी जाती हैं। 

भाजपा संगठन में इन दिनों कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और कथित तानाशाही रवैये को लेकर असंतोष गहराता नजर आ रहा है। पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या संगठन अब सामूहिक विचार-विमर्श के बजाय कुछ पदाधिकारियों की मर्जी से संचालित होगा?

जिलाध्यक्ष अमिता चपरा और प्रदेश संगठन के कामकाज को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चाएं हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संगठन में उनकी मेहनत और समर्पण को दरकिनार कर उन्हें शतरंज की गोटी की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। जब जरूरत पड़ी, इस्तेमाल किया और फिर किनारे कर दिया।

इस नाराजगी को हवा तब मिली, जब हाल ही में शहडोल जिले के युवा मोर्चा की कार्यकारिणी घोषित होने के महज 24 घंटे के भीतर ही उसे भंग कर दिया गया। इस घटनाक्रम ने संगठन की निर्णय प्रक्रिया और जवाबदेही पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सत्ता और चुनावी सफलता के बीच यदि संगठन की नींव यानी कार्यकर्ता ही उपेक्षित महसूस करने लगें तो यह पार्टी के लिए खतरे की घंटी है। आखिर कार्यकर्ताओं का सम्मान और विश्वास बनाए रखने की जिम्मेदारी किसकी है? संगठन में उठ रहे असंतोष को समय रहते नहीं समझा गया तो आने वाले दिनों में इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

*भाजपा संगठन में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बंद हो- रामनारायण मिश्रा*

शहडोल। भाजपा जिला संगठन में समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा को लेकर किसान मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष रामनारायण मिश्रा ने असंतोष जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही उपेक्षा से कार्यकर्ताओं का मनोबल गिर रहा है और संगठन में काम करने की रुचि कम हो रही है।

मिश्रा ने बताया कि उन्हें बिना कोई कारण बताए 25 दिसंबर 2024 को मंडल अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया, जबकि वे महज 13 दिन ही इस दायित्व का निर्वहन कर पाए। उन्होंने जिला संगठन से कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव बंद कर सम्मान देने की मांग की है। साथ ही प्रदेश नेतृत्व से मामले में हस्तक्षेप कर संगठन में व्याप्त असंतोष दूर करने की अपील की है।

समाचार 05 फोटो 05

खुले कुएं में गिरने से चार वर्षीय मासूम की मौत, खेलते-खेलते बुझ गया घर का चिराग

शहडोल

जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के बहगढ़ गांव में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घर के आंगन में खेल रहा चार वर्षीय मासूम अचानक खुले कुएं में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। जिस बच्चे की किलकारियों से कुछ देर पहले तक घर-आंगन गूंज रहा था, उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रकाश बैगा 4 वर्ष पिता स्वर्गीय चरकु बैगा, निवासी बहगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, जबकि मासूम प्रकाश घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह आंगन में बने खुले कुएं के पास पहुंच गया और अनजाने में उसमें जा गिरा। परिवार के लोगों को घटना की तत्काल जानकारी नहीं हो सकी।

कुछ देर बाद जब प्रकाश घर में दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर के आसपास, गलियों और पड़ोस में काफी खोजबीन की गई, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की। घर के आसपास जांच के दौरान आंगन में बने कुएं में मासूम का शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की विवेचना की जा रही है।

समाचार 06 फोटो 06

टाइगर रिजर्व में पदस्थ बीट गार्ड का नदी में मिला शव, मौत का कारण अज्ञात, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल 

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पदस्थ एक बीट गार्ड का शव शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के नगनौड़ी गांव में नदी में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संतोष कुमार बैगा (34) पिता पति बैगा निवासी नगनौड़ी के रूप में हुई है। वह बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के चांदसूरा क्षेत्र में बीट गार्ड के पद पर पदस्थ थे। उनका शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संतोष कुमार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। हाल ही में उनके कार्यालय से परिजनों को फोन कर उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद परिजन बांधवगढ़ पहुंचे और उन्हें अपने साथ नगनौड़ी स्थित घर ले आए थे। परिजन उनका इलाज करा रहे थे। बताया गया है कि संतोष की मानसिक स्थिति कभी-कभी ठीक नहीं रहती थी। इस दौरान वह अचानक घर से निकल जाते थे और कहीं चले जाते थे।

घटना के दिन भी संतोष अचानक घर से निकल गए थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। तलाश के दौरान घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी में उनका शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करने के दौरान वह पानी में गिर गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई।

ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

समाचार 07 फोटो 07

जरा सी बारिश से लगा 13 घंटे से जाम, घुनघुटी मोर्चा फाटक पर थमी राष्ट्रीय राजमार्ग 43 की सांसें 

*सरकार के दावों की खुली पोल*

उमरिया

उमरिया-शहडोल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पिछले 12 साल से निर्माणाधीन है, जिस पर हर दिन हजारों की तादाद में वाहनों का आवागमन होता है, पिछली रात 11 बजे से ही इस मार्ग पर चक्का जाम लगा है जो अगले दिन दोपहर 12 बजे तक भी नहीं खुल सका, आवागमन के लिए नासूर बनी इस मार्ग पर जरा सी बारिश ने फिर 13 घंटे का भीषण जाम लगा दिया और रात 11 बजे से लगा जाम अभी भी नहीं खुला है, बड़ी गाड़ियां अभी भी नहीं निकल पा रही हैं। घुनघुटी मोर्चा फाटक के पास कीचड़ और फिसलन में भारी वाहन फंसे हुए हैं, छोटी गाड़ियां बिरसिंहपुर पाली से व्हाया सुंदर दादर मार्ग से घूमकर यात्रा पूरी कर रही हैं लेकिन बड़ी गाड़ियों के लिए कोई रास्ता नहीं बचा है, हजारों की तादाद में गाड़ियां घुनघुटी से लेकर पाली तक खड़ी हुई हैं, सड़क पर ट्रकों की लंबी कतार लगी है, ऐसी स्थिति में एम्बुलेंस और मरीजों के लिए भारी समस्या बनी हुई है, मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो गया है। भूखे-प्यासे चालक व यात्री घंटों से सड़क पर ही बैठे हैं, कोई पानी के लिए भटक रहा है, कोई खाने के लिए, तो कोई जरूरी काम से यात्रा करने के लिए समय पर नहीं पहुंच पाने से परेशान है, बच्चे, बुजुर्ग और मरीज भी इसी जाम में फंसे रहे लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है, घुनघुटी पुलिस रात भर गाड़ियों की रक्षा-सुरक्षा व्यवस्था पर लगी रही लेकिन जाम खोलने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई।

कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग 43 ने यह साबित कर दिया कि दावों और भाषणों से सड़क नहीं बनती, मंचों से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, उद्घाटन और शिलान्यास के बोर्ड लगाए इतिहास बनाने वाली सड़क, जनता पूछ रही है कि जब 12 साल में एक सड़क नहीं बन पाई तो बड़े-बड़े दावे किस मुंह से किए जाते हैं, 12 साल में इस मार्ग के निर्माण पर अरबों रुपए खर्च हो चुके हैं फिर भी सड़क आज तक पूरी नहीं हुई, बड़ा सवाल यह है कि सड़क पूरी कब होगी, जमीन पर जनता को धूल, कीचड़, गड्ढे और जाम से मुक्ति कब मिलेगी, 13 घंटे तक जाम लगा रहा लेकिन न कोई बड़ा अधिकारी मौके पर पहुंचा, न कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget