सहायक प्राध्यापक के सूने घर में चोरो ने बोला धावा, 2 लाख व सोने के अभूषण तिजोरी के साथ लेकर हुए फरार
शहडोल
शहर की एमआर सिटी कॉलोनी में चोरों ने एक सहायक प्राध्यापक के सूने मकान को निशाना बनाया और घर के अंदर रखी गोदरेज की तिजोरी ही उखाड़कर ले गए। तिजोरी में दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे। बदमाशों ने घर में दाखिल होने के बाद एक-एक कर कमरों के ताले तोड़े और इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के तिजोरी ले जाते दिखाई देने की बात सामने आई है।
जयकांत गुप्ता कन्या महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। घर की देखरेख और सफाई के लिए एक नौकरानी को चाबी दे रखी थी। जब नौकरानी नियमित सफाई के लिए मकान पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर की हालत देखकर उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
जयकांत गुप्ता के मित्र और पड़ोसी मकान के अंदर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि नीचे के कमरे में रखी गोदरेज की तिजोरी गायब है। उसमें रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवर भी चोर अपने साथ ले गए। मामले में फरियादी गोकुल प्रसाद गुप्ता की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
