समाचार 01 फ़ोटो 01

क्लच वायर बिछाकर जंगली सूअर का शिकार करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार,फंदा व मांस जब्त

अनूपपुर

जंगल में क्लच वायर फैलाकर जंगली सूअर का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालयीन रिमांड के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।

अनूपपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ताराडांड के कनेरी गढ़ के पास आरोपियों द्वारा जंगली सूअर के शिकार के लिए वायर फैलाया गया था जिसमें जंगली सुअर फंस गए। उसके पश्चात उक्त सूअर के मांस को पड़ोसियों को बांट दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली। मौके पर प्राप्त साक्ष्य, क्लच वायर, 25 नग फंदे और जंगली सूअर के मांस के प्रमाण के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई है।

वन विभाग की जांच और कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई। आरोपी नैहर शाह उराँव, संतोष टिग्गा, गणेश एक्का, नरेश एक्का उराव टोला ताराडाड़ को वन विभाग अनूपपुर द्वारा तैयार न्यायालयीन रिमांड आवेदन में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

युवक की मौत, युवती के साथ विवाद व प्रेम प्रसंग से मौत होने की आशंका

अनूपपुर

मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक नगर के वार्ड ग्यारह बैंकटोला निवासी 22 वर्षीय अतुल चौधरी पिता सुंदरलाल चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई । प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है ।

बताया गया कि अतुल का बारटोला क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ । इसके बाद युवक ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया । युवती ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया , जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है । पिता के पहले ही निधन के कारण परिवार की जिम्मेदारी अतुल पर थी । उसके परिवार में एक छोटा भाई भी है । परिजनों के सामने अब आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है और उन्होंने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है । पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

समाचार 03 फ़ोटो 03

विद्यालय के सामने बिल्डिंग में मिला महिला का शव, मौत का कारण अज्ञात, जाँच जारी

अनूपपुर

जमुना में उस समय हड़कंप मच गया, जब जमुना मंडल स्कूल के सामने स्थित एक बिल्डिंग में 55 वर्षीय महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई। मृतका की पहचान कुशियारा गांव निवासी मालती यादव (55 वर्ष) के रूप में बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने लगी और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने के बाद थाना भालूमाडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला का शव बिल्डिंग के अंदर मिला है, लेकिन उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच के साथ ही मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

भालूमाडा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

शहडोल

ब्यौहारी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पसगड़ी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान श्रीकांत केवट 32 वर्ष पिता सुभाष केवट निवासी भन्नी के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक बाइक से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान ब्यौहारी थाना क्षेत्र के पसगड़ी के पास तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक की हालत गंभीर देखकर स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और उपचार शुरू कराया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। कुछ देर तक चले उपचार के बाद उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की बाइक को किस वाहन ने टक्कर मारी थी। दुर्घटना के बाद वाहन और उसके चालक की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

खेल एवं युवा कल्याण विभाग तत्वाधान में जिला खेल परिसर में आयोजित हुई ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता

अनूपपुर

भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड अनूपपुर की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल परिसर मैकल क्लब अनूपपुर में किया गया। कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम के निर्देशानुसार जिला युवा अधिकारी समर्थ सोहल एवं लेखापाल मनीष सिंह चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत पुरुष वर्ग वॉलीबॉल, महिला वर्ग रस्साकशी, महिला एवं पुरुष वर्ग 100 मीटर दौड़ तथा पुरुष वर्ग गोला फेंक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी, मेडल एवं व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में पॉलिटेक्निक महाविद्यालय अनूपपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि केंद्रीय विद्यालय की टीम द्वितीय स्थान पर रही। महिला वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर की ए टीम विजेता तथा बी टीम उपविजेता रही। 100 मीटर दौड़ के महिला एवं पुरुष वर्ग तथा गोला फेंक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समाचार 06 फोटो 06

रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी रेडियो कॉलर-4 का सफल रेस्क्यू व सुरक्षित परिवहन, चार दिनों तक चला रेस्क्यू

शहडोल

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी रेडियो कॉलर-4 की लगातार बदलती विचरण गतिविधियों एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उसके सुरक्षित रेस्क्यू के लिए संयुक्त अभियान संचालित किया गया। वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विशेषज्ञों के समन्वित प्रयासों से अभियान में सफलता प्राप्त हुई। हाथी को सुरक्षित रेस्क्यू कर विशेष वाहन से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कल्लवाह परिक्षेत्र स्थित अस्थायी सुरक्षित निगरानी क्षेत्र में लाकर मुक्त किया गया।

लगभग 20 वर्ष आयु का नर हाथी रेडियो कॉलर-4 मूलतः छत्तीसगढ़ का है। दक्षिण शहडोल वनमंडल के केशवाही वन परिक्षेत्र में लगातार जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 22 मई 2026 को उसका रेस्क्यू कर रेडियो कॉलर लगाया गया था। इसके पश्चात 23 मई 2026 को उसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र की बगदरा बीट में सुरक्षित छोड़ा गया था।

बांधवगढ़ में छोड़े जाने के बाद उसकी गतिविधियों की लगातार निगरानी की गई। प्रारंभ में लगभग एक माह तक अकेले विचरण करने के बाद 26 जून 2026 को वह 12 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। इस दौरान हाथी ने खितौली, धमोखर, कल्लवाह, मगधी, उमरिया एवं शहडोल के वन क्षेत्रों में विचरण किया।

रेडियो कॉलर-4 की सबसे विशेष गतिविधि सोन नदी (बाणसागर बांध) को बार-बार तैरकर पार करना रही। 7 सितंबर 2026 को वह पनपथा बफर क्षेत्र से सोन नदी पार कर मैहर वनमंडल के अमरपाटन परिक्षेत्र पहुंचा। इस दौरान लगभग 8 से 10 घंटे तक तैरने के दौरान वह बीच में एक टापू पर भी रुका।

समाचार 07 फ़ोटो 07

डैम में उतराता मिला युवक का शव, तीन दिनों से था लापता, पुलिस जांच में जुटी

उमरिया

इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर चौकी के ग्राम देवगवां में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप स्थित डैम में एक युवक का शव पानी में दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय नंदीलाल पिता सौखी कोल निवासी ग्राम देवगवां के रूप में हुई है। युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। उसकी तलाश में परिजन और ग्रामीण लगातार जुटे हुए थे। जिस युवक को परिवार के लोग तलाश रहे थे।

मृतक नंदीलाल ग्राम देवगवां के मोहल्ला बरिहाई में हनुमान मंदिर के पीछे रहता था। तीन दिनों से घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से भी युवक के संबंध में जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी।

डैम में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पानी में तैरता देखा। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में हलचल मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व पुलिस की जांच के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।

समाचार 08 फ़ोटो 08

राज्य स्तरीय 14 वर्ष बालक-बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए टीम हुई रवाना

शहडोल

राज्य स्तरीय 14 वर्ष बालक-बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए शहडोल संभाग की टीम गुना रवाना होने के लिए तैयार है। प्रतियोगिता का आयोजन गुना में ग्वालियर संभाग के अंतर्गत किया जा रहा है। शहडोल संभाग की बालक एवं बालिका टीम के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयारी की है।

उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व आयोजित 17 वर्ष बालक-बालिका राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शहडोल संभाग की बालिका टीम ने मध्यप्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। यह संभाग के लिए गौरव की उपलब्धि रही। अब 14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की टीम से भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

शहडोल संभाग की टीम से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विजेता बनकर लौटने की उम्मीद जताई जा रही है। खिलाड़ियों की इस सहभागिता से संभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही बास्केटबॉल खेल को भी नई पहचान मिलेगी।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget