दो बाइक आमने सामने टकराई दो घायल, पीकप की टक्कर से सुअर की हुई मौत, वाहन पलटा
उमरिया
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के चिल्हारी गांव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा हायर सेकंडरी स्कूल के पास हुआ। इसमें दो लोग घायल हो गए।
बाइक क्रमांक एमपी 18 जेडए 4739 और यूपी 85 एएस 3913 के बीच भिड़ंत हुई। हादसे में मानपुर निवासी रामकमल गुप्ता घायल हो गए, जिन्हें बरही अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। दूसरा घायल एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उतरकर भाग गया। उसने अपना इलाज नहीं कराया।
घटना की खबर मिलने पर 108 एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल 112 में मौजूद आरक्षक शैलेन्द्र गुर्जर ने घायलों को बरही अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
उमरिया जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पाली के पास रात एक तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से जंगली सूअर की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर पलट गई। लेकिन शनिवार सुबह जब वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां न दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का कोई पता था और न ही जंगली सूअर का शव मिला। मौके पर केवल खून के निशान ही दिखाई दिए।
पाली के नजदीक पिकअप क्रमांक MP 54 GA 0823 ने सड़क पार कर रहे या सड़क पर मौजूद जंगली सूअर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वन्यजीव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान पिकअप के पलटने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के बाद वाहन और मृत वन्यजीव का शव घटनास्थल से हटाए जाने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
मामले को लेकर सहायक परिक्षेत्र अधिकारी रोहिणी सिंह ने बताया कि वन विभाग को दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का पंजीयन नंबर मिल गया है। वाहन क्रमांक MP 54 GA 0823 के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही चंदिया वन परिक्षेत्र को भी घटना की सूचना दे दी गई है। संबंधित वाहन के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और पिकअप को जब्त किया जाएगा।
