संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू की हुंकार: ‘वोट चोर गद्दी छोड़, सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के लगाएं नारे
अनूपपुर
बढ़ती आर्थिक असमानता, मजदूरों के शोषण और उनके अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू ने पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत लखौरा में सभा आयोजित की। इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाए गए।
सभा को संबोधित करते हुए संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू नेता जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि केवल सत्ता परिवर्तन से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि जनविरोधी नीतियों में परिवर्तन जरूरी है। उन्होंने पूंजीवादी व्यवस्था के विकल्प के रूप में समाजवाद को अपनाने की बात कही और मजदूरों से संगठित होकर संघर्ष तेज करने की अपील की।
संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू महासचिव सहसराम चौधरी ने बताया कि दो वर्षों के संघर्ष के बाद ओडिशा की रुंगटा माइन में काम करने वाले 14 मजदूरों को 10,70,971 रुपये का बकाया वेतन दिलाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े काम सीटू या सीटू से सम्बद्ध युनियन ही कर सकती हैं उन्होंने कहा कि संगठित संघर्ष के जरिए मजदूर अपने अधिकार हासिल कर सकते हैं।
उपसरपंच मदन सिंह उईके ने सीएमआर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राईवेट लिमिटेड पर नल-जल योजना में काम कर रहे मजदूरों के शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने 5 नवंबर 2026 को जैतहरी एसडीएम कार्यालय और 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शनों में शामिल होने का आह्वान किया।
