समाचार 01 फ़ोटो 01

महिला बैंक मित्र से कथित दुर्व्यवहार, धमकी व नकदी ले जाने का आरोप, प्रबंधक व थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

अनूपपुर

मध्यप्रदेश बैंक मित्र संगठन, जिला अनूपपुर के जिला अध्यक्ष समरेंद्र चंद्र दास के नेतृत्व में महिला कियोस्क बैंक संचालक के साथ कथित दुर्व्यवहार, धमकी और बैंकिंग कार्य में बाधा डालने के मामले को लेकर  एसबीआई जमुना कॉलरी शाखा प्रबंधक मिथिलेश चौधरी और संबंधित थाना प्रभारी राधिका भगत को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

महिला कियोस्क संचालक ने आरोप लगाया है कि 27 अक्टूबर 2026 को बैंकिंग कार्य के दौरान अविनाश कुमार नामक व्यक्ति अधिकारी बनकर वहां पहुंचे थे महिला बैंक मित्र के अनुसार, ग्राहक के सामने ही उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया आरोप है कि इस दौरान रजिस्टर दिखाने और लेन-देन से संबंधित मामलों को लेकर विवाद किया गया तथा उन्हें धमकी भी दी गई महिला संचालक ने यह भी आरोप लगाया है कि अविनाश कुमार बैंकिंग लेन-देन से संबंधित पर्ची और राशि लेकर वहां से चले गए इस घटना से महिला बैंक मित्र मानसिक रूप से परेशान हुई और उसे अपने कार्यस्थल पर असुरक्षा महसूस होने लगी

ज्ञापन में लेन-देन के दौरान राशि और नोटों की संख्या को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख किया गया है। महिला संचालक का कहना है कि वह लंबे समय से बैंकिंग सेवाएं दे रही है और इस प्रकार की घटना से उसके कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्राहक के सामने हुए कथित दुर्व्यवहार से उसकी प्रतिष्ठा भी प्रभावित हुई है। 

समाचार 02 फ़ोटो 02

कपिलधारा में अतिक्रमण के विरुद्ध नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए

अनूपपुर

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल कपिलधारा में अतिक्रमण के विरुद्ध नगर परिषद अमरकंटक द्वारा दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पर्यटन स्थल की प्राकृतिक सुंदरता, गरिमा एवं सार्वजनिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखना रहा।

अनूपपुर कलेक्टर के निर्देशानुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते के नेतृत्व में नगर परिषद की अतिक्रमण हटाओ टीम ने पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग के सहयोग से कपिलधारा क्षेत्र में अभियान संचालित किया। दो दिनों तक चली इस कार्रवाई में नगर परिषद का अमला पूरी सक्रियता के साथ मौके पर मौजूद रहा और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। अभियान में अमरकंटक पुलिस थाना का पुलिस बल भी तैनात रहा। नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त मौजूदगी में दुकानदारों के अतिक्रमण हटाए गए।

ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाकर पर्यटन क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा यह अभियान चलाया गया। दो दिवसीय कार्रवाई में लगभग 20 दुकानदारों के अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित करने की पहल की गई। नगर परिषद प्रशासन की इस कार्रवाई को कपिलधारा की प्राकृतिक छटा, धार्मिक महत्ता और पर्यटन की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। 

समाचार 03 फ़ोटो 03

गली-मोहल्लों तक फैला अवैध कबाड़ का कारोबार, प्रशासन मौन, कालरी का लोहा खपाने के आरोप

अनूपपुर

नगर में कथित अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। गली-मोहल्लों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कबाड़ की दुकानें संचालित होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ दुकानें बंद हुई थीं, लेकिन अब कई स्थानों पर कारोबार दोबारा शुरू होने की चर्चा है।

बनिया टोला, रोड अंडरब्रिज के पास, वार्ड क्रमांक 7 में शिशु भारती स्कूल के समीप, मनेंद्रगढ़ रोड स्थित केरहा नाला, वार्ड क्रमांक 10 के विकास नगर, जनपद कार्यालय के आगे, कॉलेज तिराहा, बसखली तिराहा और कलमुड़ी गांव सहित कई स्थानों पर कबाड़ दुकानें संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

कोतमा क्षेत्र में कोयला खदानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से लोहे तथा अन्य सामग्री की चोरी को लेकर समय-समय पर चिंताएं सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप हैं कि चोरी की कुछ सामग्री कबाड़ दुकानों के माध्यम से बेची जाती है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई से ही हो सकती है।

कबाड़ कारोबार में खरीदी-बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर, सामग्री के स्रोत और विक्रेताओं की पहचान का सत्यापन आवश्यक है। केवल रजिस्टर में प्रविष्टियां होना सामग्री के वैध होने का प्रमाण नहीं है। वास्तविक माल और संबंधित दस्तावेजों का मिलान भी जरूरी है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

ऑटो में संदेंहात्मक स्थिति में मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर

नगर की सामतपुर तालाब के पास सुबह 35 वर्षीय युवक का शव एक ऑटो में औंधे मुंह पड़े एवं गर्दन तथा शरीर में कुछ चोटिल स्थिति में पड़े होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की बारीकी से जांच प्रारंभ की। पुलिस के द्वारा युवक के शव का पंचनामा एवं पीएम की कार्रवाई की गई।

घटना के संबंध में मृतक चंदन राठौर पिता प्रदीप राठौर उम्र 35 वर्ष निवासी वार्ड नंबर एक सामतपुर के बड़े भाई दीपक राठौर ने बताया कि की सुबह एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बताया कि आपका भाई सामतपुर तालाब के पास मृत स्थिति में ऑटो में पड़ा है, सूचना पर दीपक अपने सहयोगी के साथ स्थल पर पहुंच कर देखें की उनका छोटा भाई चंदन तिरुपति ट्रांसपोर्ट सामतपुर तालाब के पास खड़े ऑटो में औधे मुह हालत में मृत स्थिति में पड़ा था, जिसकी सूचना चंदन द्वारा कोतवाली थाना अनूपपुर में दिए जाने पर कोतवाली थाना अनूपपुर निरीक्षक उमेश उपाध्याय पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव एवं घटनास्थल का बारीकी से जांच करते हुए शव को पीएम हेतु जिला अस्पताल भेज कर ड्यूटी डॉक्टर से पीएम की कार्यवाही अस्पताल पुलिस के माध्यम से कराते हुए घटना की जांच में जुटी हुई है। मृतक के भाई चन्दन राठौर ने छोटे भाई की संदेहात्मक मृत्यु पर बारीकी से जांच किए जाने की मांग कोतवाली पुलिस से की है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

पुलिस ने अधिवक्ता दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, सर फटा शरीर पर चोट, बचाने पहुंचे साथियों पर भी बरसाई लाठियां

शहडोल

बुढ़ार में एक अधिवक्ता के साथ कथित पुलिसिया मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ता को इस कदर पीटा कि उनका सिर फट गया, कान में चोट आई और शरीर पर जगह-जगह लाठियों के निशान उभर आए। इतना ही नहीं, जब उनके साथी उन्हें बचाने के लिए आगे आए तो कथित तौर पर उन्हें भी पुलिस की मार झेलनी पड़ी। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बुढ़ार थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती के समीप रहने वाले अधिवक्ता अभिनव पाठक अपने कुछ साथियों के साथ दुर्गा पंडाल में हिसाब-किताब का काम पूरा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका समूह बुढ़ार बस स्टैंड के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता अपने साथियों के साथ फोन पर बातचीत कर रहे थे, तभी पुलिस वाहन से पहुंचे बुढ़ार थाने के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि पूछताछ या बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्ष आरोपों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने अधिवक्ता पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। हमले में उनके सिर से खून बहने लगा और कान भी जख्मी हो गया। शरीर पर दिखाई दे रहे लाल और काले निशान कथित मारपीट की गंभीरता को बयां कर रहे हैं। अधिवक्ता को पुलिसकर्मियों के चंगुल से बचाने पहुंचे उनके साथियों के साथ भी मारपीट किए जाने के आरोप हैं।

पुलिस का पक्ष भी सामने आया है। आरोपों के दूसरे पक्ष के अनुसार, अधिवक्ता पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता कर रहे थे और उनके साथ झूमाझपटी की स्थिति बन गई थी। धनपुरी एसडीओपी का कहना है कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में मीडिया के माध्यम से आया है। कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 06 फ़ोटो 06

कार ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर, दो युवको की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल

सड़क पर तेज रफ्तार एक बार फिर दो जिंदगियों को लील गई। शहडोल जिले में एक तेज रफ्तार काली बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र के झीकबिजुरी रोड स्थित गाड़ाघाट के पास हुआ। बाइक पर सवार बद्री प्रसाद रविदास और सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल गोहपारू थाना क्षेत्र के बेलिया गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रिश्तेदारी में गए हुए थे और वहां से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार काली बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।  फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। काली बोलेरो और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि एक काले रंग वाली बोलेरो ने बाइक सवार को ठोकर मारी, जिससे बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई है, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

सरदार पटेल की जयंती पर गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश, 300 विद्यार्थियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन

उमरिया

भारत के लौह पुरुष एवं देश की एकता और अखंडता के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बनौदा स्थित शासकीय विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश आत्मसात किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की महत्ता बताते हुए राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराया।

युवा टीम उमरिया मध्यप्रदेश के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति, एकता और अनुशासन की प्रेरणादायक मिसाल है। पाली एसडीओपी, अन्य अतिथियों, युवा टीम के सदस्यों एवं विद्यालय परिवार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि पेड़-पौधे प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यार्थी सहित लगभग 300 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समाचार

70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता का हुआ समापन, फाइनल मैंच में मध्यप्रदेश बना विजेता

उमरिया

अमर शहीद स्टेडियम उमरिया में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह एवं खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश एवं राजस्थान की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मध्यप्रदेश की टीम विजेता तथा राजस्थान की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में तीसरा स्थान विद्या भारती संगठन ने प्राप्त किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक शिवनारायण सिंह ने कहा कि  उमरिया की धरती पर 70वीं राष्ट्रीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में आप सभी के बीच उपस्थित होकर मुझे अत्यंत हर्ष हो रहा है। खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। हैंडबॉल ऐसा खेल है, जिसमें गति, कौशल, शारीरिक क्षमता और आपसी तालमेल का विशेष महत्व होता है।  प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।। मध्यप्रदेश की टीम को विजेता बनने पर विशेष शुभकामनाएं तथा राजस्थान की टीम को उपविजेता बनने पर बधाई। साथ ही तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली विद्या भारती संगठन की टीम को भी शुभकामनाएं दी। उमरिया में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। मैं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूं।

 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget