कार ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर, दो युवको की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
सड़क पर तेज रफ्तार एक बार फिर दो जिंदगियों को लील गई। शहडोल जिले में एक तेज रफ्तार काली बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र के झीकबिजुरी रोड स्थित गाड़ाघाट के पास हुआ। बाइक पर सवार बद्री प्रसाद रविदास और सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल गोहपारू थाना क्षेत्र के बेलिया गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रिश्तेदारी में गए हुए थे और वहां से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार काली बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। काली बोलेरो और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस मामले में जैतपुर थाना प्रभारी समीर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि एक काले रंग वाली बोलेरो ने बाइक सवार को ठोकर मारी, जिससे बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई है, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
