नायब तहसीलदार की गाड़ी में मारी थी टक्कर मारने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शहडोल
देवलोंद थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने चंद घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले पर दो विशेष टीमों का गठन किया था जिनके द्वारा यह गिरफ्तारी की गई है।
पुलिस के अनुसार, बुढ़वा वृत्त में पदस्थ नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। इसी दौरान ग्राम समान में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय नायब तहसीलदार के शासकीय वाहन में टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर खेत में घुस गया। इस दौरान ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली अलग-अलग हो गए, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया।
नायब तहसीलदार की शिकायत पर देवलोंद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक प्रकाश उर्फ सत्यम बैस और वाहन मालिक कृष्णपाल बैस, दोनों निवासी बुढ़वा-2, थाना देवलोंद, को गिरफ्तार कर लिया।
