जीआरपी व आरपीएफ की कार्रवाई, चोरी की ईएफटी बुक, टीटीई आई कार्ड व टेबलेट जब्त, आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
रेलवे सुरक्षा बल टास्क टीम-2 अनूपपुर ने जीआरपी अनूपपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले की पतासाजी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से टैबलेट, ईएफटी बुक एवं टीटीई का आई-कार्ड, टेबलेट बरामद किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
आरपीएफ टास्क टीम-2 व जीआरपी अनूपपुर चौकी प्रभारी की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन अनूपपुर के प्लेटफार्म नंबर-1 पर चेकिंग कर रही थी। यह कार्रवाई जीआरपी चौकी अनूपपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 122/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 305(सी) BNS की पतासाजी के दौरान मुखबिर की सूचना पर की गई।
चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति काले रंग का साइड बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेन्द्र बंसल उम्र 26 वर्ष पिता मोहन बंसल, निवासी वार्ड नंबर 14 लालपुर, मनेंद्रगढ़, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़ बताया।
बैग की तलाशी लेने पर एक टैबलेट दो ईएफटी बुक तथा टीटीई रमेश रविन्द्र पाण्डेय का आई-कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार यह आई-कार्ड 15 अगस्त 2026 को ट्रेन संख्या 18257 बिलासपुर–चिरमिरी एक्सप्रेस में टीटीई की ड्यूटी के दौरान कोतमा-बिजुरी स्टेशन के बीच चोरी हुआ था।
बरामद टैबलेट, ईएफटी बुक और अन्य सामग्री को जीआरपी अनूपपुर ने विधिवत जब्त कर प्रकरण में संलग्न कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
