महिला का डायन कहकर गाली देकर की गई मारपीट, गर्म चिमटे से जलाया गया, एसपी से हुई शिकायत
*थाना में शिकायत न सुनने का आरोप*
उमरिया
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रोहनिया गांव की रहने वाली सरोज बाई बैगा ने पुलिस अधीक्षक उमरिया को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसे डायन होने के शक में जबरन घर के अंदर ले जाकर बंधक बनाया गया। उससे मारपीट करके गर्म चिमटे से उंगलियां को दागने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के कथनानुसार वह अपने घर के पास रास्ते में थी। इसी दौरान कौशिल्या बाई ने उसे काम के बहाने अपने घर के भीतर बुलाया। महिला का आरोप है कि जैसे ही वह घर के अंदर पहुंची, वहां पहले से निरंजन सिंह, बिहारी सिंह, वीरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी।
बाल पकड़कर उसे जमीन पर घसीटा गया। इसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। डायन होने का आरोप लगाया गया और गर्म चिमटे से उसकी उंगलियों को दागा गया। इस दौरान कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज भी की गई। बंधक बनाए जाने के बाद उसके पति मुकेश बैगा को भी वहां बुलाया गया। इसके बाद दोनों को एक पिकअप वाहन में बैठाकर नयागांव स्थित एक पंडा के पास ले जाया गया। पीड़िता के अनुसार वहां उससे संबंधित कथित आरोपों की जांच कराई गई। महिला का दावा है कि पंडा ने उसे डायन नहीं बताया। इसके बाद दोनों को वापस लाया गया।
उसके पति का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, पुलिस से शिकायत करने पर महिला और उसके पति को जान से खत्म करने की धमकी दी गई। पीड़िता ने मामला दबाने के लिए पैसों का लालच दिए जाने का भी आरोप लगाया है। सरोज बाई का कहना है की उसने उमरिया कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और स्वयं तथा अपने पति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
