समाचार 01 फ़ोटो 01

जमीन पर कब्जा, जर्जर सड़कें, जलभराव, ओवरलोड डंपर, अवैध शराब बिक्री पर शिवसेना ने कलेक्टर को सौपा ज्ञापन

अनूपपुर

शिवसेना शहडोल संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के आदेश पर शिवसेना जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा के नेतृत्व ने अनूपपुर जिला कलेक्टर श्री रत्नाकर झा को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की है।

शिवसेना की 8 सूत्रीय मांगो में नारायण सिंह द्वारा एसईसीएल की शासकीय भूमि पर कथित अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए मामले की जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की गई।पयारी-केवई-गोविंदा-कोतमा सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया गया। सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की गई।

तहसील के पीछे वार्ड क्रमांक 9 में जलभराव बारिश के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने तथा लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई। जमुना-परासी मार्ग की बदहाल स्थिति जर्जर सड़क के कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आम राहगीरों को हो रही परेशानी को लेकर सड़क के शीघ्र सुधार की मांग की गई।

बिजुरी वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में नाली का पानी घरों में घुसने की समस्या, जलभराव और गंदे पानी की समस्या से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए नाली व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई।जैतहरी पावर प्लांट में ओवरलोड एवं तेज रफ्तार राखड़ परिवहन वाहनों से सड़क क्षतिग्रस्त होने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की गई।

जेएमएस, नीलकंठ एवं अदानी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, बाहरी श्रमिकों की नियुक्ति की जांच करने तथा बिना नंबर के चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई की मांग की गई। भालूमाड़ा, कोतमा एवं बिजुरी के गली-मोहल्लों में कथित अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

समाचार 02 फ़ोटो 02

श्री कृष्ण जन्म उत्सव के छठे पर्व पर भव्य भजन संध्या, उमड़ेगी भक्तों की भारी भीड़

अनूपपुर

श्री कृष्ण जन्म उत्सव के पावन अवसर पर स्थानीय अमलाई बस स्टैंड से चचाई रोड स्थित शंकर मंदिर में कल एक भव्य भजन संध्या का आयोजन होने जा रहा है। कृष्णा समिति द्वारा आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम श्री कृष्ण जन्म उत्सव के छठे पर्व के उपलक्ष्य में रखा गया है, जिसे लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

इस भव्य भजन संध्या में भजनों की अमृत वर्षा करने के लिए शहडोल जिले के सुप्रसिद्ध और लोकप्रिय श्याम भजन प्रवाहक गोलू सांवरिया एवं विजय भूमिया अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहेंगे। दोनों ही भजन गायकों की सुरीली आवाज और भजनों की प्रस्तुति को सुनने के लिए दूर-दूर से भक्तों के पहुंचने की संभावना है।

इस बार का आयोजन बेहद खास होने वाला है। भजन संध्या के दौरान भगवान श्री कृष्ण को छप्पन भोग लगाया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में पुष्प वर्षा और फूलों की होली का विशेष आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा। उपस्थित सभी भक्तगण भजनों की धुन पर झूमने के साथ-साथ इस दिव्य फूलों की होली का आनंद भी ले सकेंगे। यह भव्य कार्यक्रम 9 सितंबर 2026 को शाम 7:00 बजे से शुरू होगा।

समाचार 03 फ़ोटो 03

छात्राओं ने गोबर और प्राकृतिक मिट्टी से प्रतिमा निर्माण कर दिया जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश

उमरिया

बिरसिंहपुर पाली। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पर्यावरण विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में ग्रीन गणेश अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, बिरसिंहपुर पाली में प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला कलेक्टर राखी सहाय एवं जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया के मार्गदर्शन में युवा टीम उमरिया तथा लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट  वॉलंटियर्स द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गोबर और शुद्ध प्राकृतिक मिट्टी से भगवान श्रीगणेश की आकर्षक एवं पर्यावरण हितैषी प्रतिमाएं तैयार कीं। छात्राओं ने प्रतिमा निर्माण की बारीकियां सीखने के साथ यह संदेश भी दिया कि आस्था और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है।

विद्यालय की प्राचार्य सरिता गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीन गणेश अभियान विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, उपयोगी और प्रेरणादायी पहल है।

युवा टीम अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने छात्राओं को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस और रासायनिक रंगों से निर्मित प्रतिमाओं के विसर्जन से जलस्रोत प्रदूषित होते हैं तथा जलीय जीवों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके विपरीत प्राकृतिक मिट्टी और जैविक सामग्री से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण के लिए सुरक्षित होती हैं। उन्होंने लोगों से मिट्टी की प्रतिमाओं को अपनाने और विसर्जन के लिए घर पर ही जलपात्र या गमले का उपयोग करने की अपील की।

समाचार 04 फ़ोटो 04

नवनियुक्त अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश कोल का आतिशबाजी व पुष्पमालाओं से हुआ भव्य स्वागत

शहडोल

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष श्री राकेश कुमार कोल का धनपुरी मंडल में प्रथम आगमन हुआ। उनके प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ पुष्पमालाएं पहनाकर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का आत्मीय एवं भव्य स्वागत-अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक एवं करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर मंचासीन अतिथियों द्वारा पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात धनपुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।

इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश कुमार कोल ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक विषयों पर आत्मीय चर्चा एवं संवाद किया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष के मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी विचारों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह एवं संगठन के प्रति समर्पण का संचार हुआ। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

अवैध कच्ची शराब पर आबकारी विभाग की नींद,उमरिया में कच्ची शराब के ठिकानों पर कार्रवाई

उमरिया

जिले के भंगहा, रमपुरी, सरईया टोला व ज्वालामुखी में कार्रवाई का इंतजार सागर में नकली एवं कथित जहरीली शराब से हुई मौतों की घटना के बाद उमरिया आबकारी विभाग भी सक्रिय हुआ है। शहर से लगे महरोई गांव और उजनिया क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया गया। टीम को कच्ची शराब बनाने की भट्ठियां भी मिलीं, जिन पर कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के कई इलाकों में लंबे समय से अवैध कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री का कारोबार चल रहा है। भंगहा, रमपुरी, सरईया टोला और ज्वालामुखी जैसे क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इन स्थानों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई का इंतजार है।

आरोप है कि आबकारी विभाग द्वारा पिछले कई वर्षों से कच्ची शराब के खिलाफ व्यापक अभियान नहीं चलाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कच्ची शराब के सेवन से क्षेत्र में पूर्व में भी कई मौतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया।

सागर की घटना के बाद महरोई और उजनिया में हुई कार्रवाई से विभाग की सक्रियता तो बढ़ी है, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कार्रवाई केवल कुछ इलाकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जिले के उन सभी क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर अवैध शराब निर्माण और बिक्री के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

एक घंटे में मंडल निपटाकर लौटे एमडी, औपचारिकता तक सिमटा दौरा, बांधवगढ़ के सैर-सपाटे की रही योजना

उमरिया

भ्रष्टाचार की दलदल में धंसा वन विकास निगम आज फर्जी पौधरोपण, सागौन-सरई की अवैध कटाई, जंगलों से पत्थरों की बेजा खुदाई और खाद घोटाले का पर्याय बन चुका है। आरोप है कि इस लूट की जड़ें प्रदेश से संभाग तक बैठे आला अधिकारियों तक फैली हैं, जो जिले के अधिकारियों से वसूली कर उन्हें खुली छूट दे रहे हैं, और इसी का नतीजा है कि एमडी मनोज अग्रवाल का बहुचर्चित उमरिया दौरा एक घंटे की खानापूर्ति बनकर रह गया।

ताला-बांधवगढ़ में आवभगत के बाद एमडी साहब उमरिया पहुंचे, नौरोजाबाद और हरवाह का एक घंटे में चक्कर लगाया और सब कुछ ठीक है का सर्टिफिकेट देकर रवाना हो गए। न कोई समीक्षा, न कोई फाइल पलटी, न कोई जमीनी पड़ताल। सवाल लाजिमी है कि जब पूरे मंडल में अवैध आरा मशीनों, फर्नीचर कारखानों और चोरी की लकड़ी से पटिया सप्लाई के आरोप लग रहे हैं, तब एमडी को आल इज वेल कैसे दिख गया?

इस चुप्पी के पीछे सबसे बड़ा खेल कोल इंडिया के वृक्षारोपण की फाइल बताई जा रही है। महारत्न कंपनी कोल इंडिया की आनुषंगिक कंपनी एसईसीएल में वृक्षारोपण का जिम्मा वन विकास निगम के पास है। हर साल करोड़ों के अनुबंध, कागजों पर लाखों पौधे, सुरक्षा-खाद-सिंचाई के नाम पर भुगतान, लेकिन हकीकत में मैदान खाली। आज तक कभी समीक्षा ही नहीं हुई कि अनुबंध में कितने पौधे लगाने थे और आज कितने जिंदा हैं। सूत्रों का कहना है कि खदानों के आसपास हरियाली के नाम पर आया पैसा फाइलों में ही पौधा बनकर लहलहा रहा है।

वरिष्ठ अधिकारी उमरिया जिले के दौरे के बहाने शासकीय व्यय पर बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान का लुत्फ उठाने की रणनीति बनाकर सरकारी दौरे बनाते हैं और मुफ्त की जंगल सफारी, रिसॉर्ट में आवभगत कर फिर एक घंटे में मंडल निपटाकर वापसी कर जाते हैं, वर्तमान में यही नया प्रोटोकॉल बन गया है। 

समाचार 07 फ़ोटो 07

कलेक्टर ने जिला स्तरीय जनसुनवाई में 63 आवेदनों पर की सुनवाई, समस्या हल करने के दिए निर्देश

अनूपपुर 

कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आज जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में प्राप्त 63 आवेदनों की सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।

जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 2 अनूपपुर निवासी जुगून्ती बाई ने बैटरी चालित साइकिल (मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल) उपलब्ध कराए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम सुलखारी, तहसील जैतहरी निवासी सोनशाह राठौर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि का लाभ दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम कैल्हौरी, तहसील अनूपपुर निवासी पुष्पराज ढीमर ने गरीबी रेखा श्रेणी के राशन कार्ड में नाम जोड़े जाने के संबंध में आवेदन दिया।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत दुलहरा निवासी श्री रूपलाल कोरी ने विद्युत पोल स्थापित किए जाने तथा ग्राम करपा, तहसील पुष्पराजगढ़ निवासी जीवन नायक ने कृषि विभाग के माध्यम से रीपर मशीन उपलब्ध कराने हेतु अनुदान राशि का लाभ दिलाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम बकही, तहसील अनूपपुर निवासी ललिया बाई ने भूमि के एवज में एसईसीएल से मुआवजा राशि दिलाए जाने तथा ग्राम पड़री, तहसील अनूपपुर निवासी गुड्डा सिंह ने नया विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाने के संबंध में आवेदन दिया। वार्ड क्रमांक 10 कोतमा निवासी लक्ष्मण सोनी ने स्वेच्छानुदान मद से सहायता राशि प्रदान किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

समाचार 08 फ़ोटो 08

जिले के सभी 14 थानों में शुरू हुई साइबर डेस्क, अपराध की शिकायत के लिए जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं

शहडोल

जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी से पीड़ित नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी 14 थानों में साइबर डेस्क की शुरुआत की गई है। साइबर डेस्क के माध्यम से नागरिक अपने नजदीकी थाने में ही साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से संबंधित शिकायत दर्ज कराकर आवश्यक पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल ने बुढार थाने में फीता काटकर साइबर डेस्क का शुभारंभ किया। इस पहल से साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के लिए नागरिकों को जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। संबंधित थाना स्तर पर ही शिकायत प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

साइबर डेस्क के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से संबंधित अपराध एवं अन्य साइबर अपराधों की शिकायतों पर प्राथमिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे साइबर अपराधों की सूचना पुलिस तक शीघ्र पहुंचने के साथ ही पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जिले के सभी थानों में साइबर डेस्क की शुरुआत से साइबर अपराधों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई को थाना स्तर तक और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

समाचार 09

आज से शुरू होगा राष्ट्रीय पोषण माह

अनूपपुर

जिले में 9 सितंबर से 9वां राष्ट्रीय पोषण माह-2026 शुरू होगा। ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर पूरे माह पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका, पोषण मेले, पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी एवं रेसिपी डेमोंस्ट्रेशन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों को दिए जाने वाले गर्म पके भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही बच्चों के प्रारंभिक विकास, जीवन के पहले 1000 दिनों के महत्व तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget