समाचार 01 फ़ोटो 01

सांसद हिमाद्रि सिंह के प्रयास से वेंकटनगर में रुकी नर्मदा एक्सप्रेस, विधायक फुन्देलाल का दावा निकला झूठा, उठे सवाल

*रेल मंत्री के पत्र ने खोली हकीकत, कांग्रेस नेता जनता को कर रहे हैं गुमराह*

अनूपपुर

वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को लेकर राजनीतिक श्रेय की लड़ाई तेज हो गई है। शहडोल सांसद हिमाद्रि सिंह के प्रयासों से नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन का वेंकटनगर में ठहराव शुरू होने का दावा किया जा रहा है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा सांसद हिमाद्रि सिंह को भेजे गए पत्र के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।

बताया जा रहा है कि सांसद हिमाद्रि सिंह ने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष रखी थी। सांसद द्वारा किए गए पत्राचार और प्रयासों के बाद रेलवे मंत्रालय ने मामले पर विचार किया और ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी। रेल मंत्री द्वारा सांसद को भेजे गए पत्र में इस संबंध में जानकारी दिए जाने का दावा किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि नर्मदा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन के वेंकटनगर में ठहराव से स्थानीय नागरिकों को बड़ी सुविधा मिली है। अब यात्रियों को शहडोल, अनूपपुर उमारिया जिलो के रेलवे स्टेशन तक आवागमन करने की सुविधा मिल गयी है। व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इधर, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह द्वारा भी नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव को अपने प्रयासों का परिणाम बताए जाने के बाद मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। विधायक के नाम से समाचार और फोटो जारी होने के बाद सांसद समर्थकों ने इस पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि रेल मंत्री द्वारा सांसद हिमाद्रि सिंह को भेजे गए पत्र से स्पष्ट होता है कि ट्रेन के ठहराव के लिए सांसद द्वारा लगातार प्रयास किए गए थे।

सांसद समर्थकों और भाजपा नेताओं का आरोप है कि विधायक द्वारा ट्रेन के ठहराव का श्रेय लेने के लिए जनता के बीच भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई। उनका कहना है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के किए गए ऐसे दावे आम जनता को गुमराह करने वाले हैं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि झूठे दावे और राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ से कांग्रेस की छवि प्रभावित हो रही है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

अंधी हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद

अनूपपुर

डायल 112 कन्ट्रोल रूम द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गोडारू के जंगल में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की लाश पड़ी है,जिसके सिर में चोटे हैं । पुलिस टीम तत्काल घटना स्थल की ओर रवाना हुए और मौके पर पहुंचकर विवेचना कार्यवाही प्रारंभ की। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतक स्वामी सिंह गोंड उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम गोडारू की हत्या धारदार हथियार से सिर व चेहरे में चोटे कारित कर की थी। एसपी के निर्देश से थाना प्रभारी कोतमा के नेतृत्व में इस अंधी हत्या का खुलासा करने के लिये एक विशेष टीम गठित की गई । 

थाना कोतमा की पुलिस टीम के साथ ग्राम गोडारू में रात भर कैम्प किया। ग्रामीणों से चर्चा कर अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करके यह जानकारी प्राप्त की गई कि ग्राम गोडारू के ही श्यामसुंदर महरा पिता रामप्रसाद महरा का मृतक के साथ जमीन को लेकर एवं मृतक की पत्नी का सुगाबंदी संदेह को लेकर पूर्व में 02-03 बार वाद विवाद हो चुका था। यह जानकारी मिलने पर जब श्याम सुंदर महरा की पतासाजी की गई तो वह अपने घर से गायब मिला। पुलिस टीम ने संदेही श्याम सुंदर को ग्राम गोडारू के जंगल से पकड़कर अभिरक्षा में लिया। पूछताछ करने पर श्याम सुंदर महरा ने बताया की मृतक एवं आरोपी श्यामशुन्दर महरा का आपस में वाद विवाद हुआ था जिसमें  आरोपी ने मृतक स्वामी सिंह गोंड़ पर कुल्हाड़ी से चेहरे और सिर पर प्राण घातक प्रहार किए जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई । आरोपी के द्वारा घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी एवं घटना  के समय आरोपी द्वारा पहने हुए कपड़े जिसपर खून के छींटे पड़े थे, अपने घर पर छिपा दिया था,जिसको उसके घर से जप्त किया गया । आरोपी श्याम सुंदर महरा पिता रामप्रसाद महरा उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम गोड़ारू को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है।

समाचार 03 फ़ोटो 03

मवेशियों के साथ सड़क पर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा भारी, जिला पंचायत सदस्य व अन्य पर मामला दर्ज

शहडोल

ब्यौहारी क्षेत्र में आवारा मवेशियों की समस्या और गौशाला (कांजी हाउस) निर्माण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करना भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश तिवारी समेत अन्य लोगों को महंगा पड़ गया। देवलोंद पुलिस ने तहसीलदार की शिकायत पर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, यातायात बाधित करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जनपद पंचायत ब्यौहारी क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित मवेशियों के कारण किसान परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा मवेशी खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी समस्या को लेकर कांजी हाउस निर्माण की मांग उठाते हुए भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश तिवारी की अगुवाई में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मवेशियों को हांककर लोग ब्यौहारी तहसील का घेराव करने के लिए निकल पड़े। मवेशियों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क पर भीड़ की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकने का प्रयास किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बड़ी संख्या में मवेशियों को लाए जाने से आम रास्ता और यातायात बाधित हुआ। पुलिस का यह भी कहना है कि इस दौरान कुछ मवेशी बेहोश भी हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

मवेशी चराने गए चरवाहा पर भालू ने किया हमला, उपचार के दौरान हुई मौत, मिलेगा 8 लाख का मुआवजा

शहडोल 

केशवाही वन परिक्षेत्र में मवेशी चराने गए 73 वर्षीय बुजुर्ग पर मादा भालू ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं नियमानुसार 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

घटना केशवाही वन परिक्षेत्र के बीट कुडेली स्थित कक्ष क्रमांक आरएफ-1005 की है। बताया गया कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान दो शावकों के साथ विचरण कर रही मादा भालू का सामना मवेशी चरा रहे लोगों से हो गया। भालू को देखते ही दो लोग अपने मवेशियों के साथ पीछे हट गए लेकिन 73 वर्षीय छत्रधारी साहू, निवासी ग्राम कुडेली, वहीं रह गए। इसी दौरान मादा भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर भालू को भगाने का प्रयास किया। हल्ला सुनकर मादा भालू अपने दोनों शावकों के साथ जंगल की ओर भाग गई लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए वन विभाग की ओर से निजी वाहन की व्यवस्था कर मेडिकल कॉलेज भेजा गया लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रेंजर अंकुर तिवारी ने मृतक के परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने बताया कि नियमानुसार 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही यह राशि परिजनों को उपलब्ध कराई जाएगी।

समाचार 05 फ़ोटो 05 

चीनी मित्र मंडली के सहयोग से हुई भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चीनी मित्र मंडली के सहयोग से भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी का विशेष सहयोग रहा। वहीं वार्ड क्रमांक 06 की पार्षद सुंदर भाई विश्वकर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान चचाई थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार सहित थाना स्टाफ भी मौजूद रहा। पुलिस टीम ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतिभागी अपनी-अपनी टीम के साथ मटकी फोड़ने के लिए लगातार प्रयास करते नजर आए। जैसे ही प्रतिभागी मटकी फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाकर आगे बढ़ते, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग तालियों, जयकारों और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष के साथ उनका उत्साह बढ़ाते रहे। प्रतियोगिता के दौरान पूरे प्रांगण में उत्साह और रोमांच का माहौल बना रहा।

आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी की ओर से भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।  

समाचार 06 फ़ोटो 06

जर्जर सामुदायिक भवन में राशन वितरण, हादसे का मंडरा रहा खतरा, लोगो की सुरक्षा पर सवाल

अनूपपुर

नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 9 में स्थित सामुदायिक भवन, जिसका उपयोग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण के लिए किया जाता है, इन दिनों बेहद जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। लगातार बारिश के चलते भवन की दीवारों और छत की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। ऐसे में किसी भी समय अप्रिय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

वार्ड क्रमांक 9 स्थित यह भवन क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए राशन वितरण का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में हितग्राही यहां राशन लेने पहुंचते हैं। भवन की जर्जर दीवारें और कमजोर छत लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

भवन की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय वार्डवासियों ने नवनियुक्त एल्डरमैन पार्षद सुभाष मिश्रा को समस्या से अवगत कराया। इसके बाद वार्ड के जनसेवक शिव शंकर पांडे, राजेश कुमार यादव, बड़े भाई जान अब्बास रिजवी सहित अन्य नागरिकों ने लिखित रूप से नगर परिषद बरगवां के मुख्य नगर परिषद अधिकारी को समस्या की जानकारी देते हुए भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। एल्डरमैन पार्षद सुभाष मिश्रा ने नगर परिषद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जर्जर सामुदायिक भवन का शीघ्र निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्माष्टमी, ढोल नगाड़ों के साथ मनमोहन झांकी के साथ निकाली गई शोभायात्रा

अनूपपुर

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्ष उल्लास  साथ  के साथ बड़े ही धूम धाम से मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल उपस्थित रहे। अखिल भारतवर्षीय यादव समाज द्वारा पहली बार बिजुरी नगर में पारंपरिक एवं भव्य स्वरूप में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य के बीच निकली शोभायात्रा से  बिजुरी नगर में वातावरण देर तक कृष्णमय बना रहा।

शोभायात्रा में हजारों की संख्या में यादव समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और भक्ति गीतों से नगर की आध्यात्मिक फिजा में विशेष उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए शोभायात्रा में आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की सजीव एवं मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। 

कार्यक्रम में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिला अध्यक्ष  रामचरण यादव, बब्बन यादव, सहसराम यादव, सियाराम यादव, अमित यादव, संजय यादव, सतेन्द्र यादव, राजन यादव, सचिन यादव, रामरहीश यादव, रामकुमार यादव, अमर प्रसाद, हजारीलाल यादव, कमता यादव, उमेश यादव, विनोद यादव, राजू यादव, खडगधारी यादव, गोकुल यादव, लालाराम यादव, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

समाचार 08 फ़ोटो 08 

संकल्प महाविद्यालय में उल्लास के साथ मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गूंजे जय श्रीकृष्ण के जयकारे

अनूपपुर

संकल्प महाविद्यालय, अनूपपुर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा, भक्ति, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर महाविद्यालय परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक प्रतिमा एवं झांकी सजाकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण निर्मित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के पूजन-पाठ एवं आरती के साथ हुआ। विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की गई और सभी ने उनके चरणों में पुष्प अर्पित कर सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजन के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय स्टाफ ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी लीलाओं तथा उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को याद किया गया। जन्माष्टमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। 

समाचार 09 फोटो 09

जन्माष्टमी पर एम्बुलेंस में गूंजी किलकारी, 108 टीम बनी जन्म की साक्षी

उमारिया

कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर जब मंदिरों में नंदलाल के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी समय करकेली के ग्राम पड़ेरा में एक 108 एम्बुलेंस के भीतर नवजात की किलकारी गूंज उठी। 22 वर्षीय सिलोचिनी बाई गोंड को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 सेवा को सूचना दी। जिला प्रबंधक के निर्देश पर पायलट प्रदीप कचेर तत्काल मौके पर पहुंचे और प्रसूता को अस्पताल लेकर रवाना हुए। रास्ते में प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रदीप कचेर ने सूझबूझ और तत्परता दिखाई और एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। कुछ ही देर में नवजात की किलकारी से एम्बुलेंस का माहौल खुशियों से भर गया। जच्चा-बच्चा दोनों को सुरक्षित नोरोज़ाबाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई बताई जा रही है, फिलहाल दोनों इलाजरत है। जन्माष्टमी के दिन हुआ यह प्रसव परिवार के लिए तो खुशी का अवसर बना ही, साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा के सेवाभाव और तत्परता की मिसाल भी बन गया। आपात स्थिति में समय पर पहुंचकर जीवन की रक्षा करना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाना 108 टीम की कार्यकुशलता को दर्शाता है। जिला प्रबंधक सत्येन्द्र कुमार वर्मा ने पायलट प्रदीप कचेर की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget