सांसद हिमाद्रि सिंह के प्रयास से वेंकटनगर में रुकी नर्मदा एक्सप्रेस, विधायक फुन्देलाल का दावा निकला झूठा, उठे सवाल
*रेल मंत्री के पत्र ने खोली हकीकत, कांग्रेस नेता जनता को कर रहे हैं गुमराह*
अनूपपुर
वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव को लेकर राजनीतिक श्रेय की लड़ाई तेज हो गई है। शहडोल सांसद हिमाद्रि सिंह के प्रयासों से नर्मदा एक्सप्रेस ट्रेन का वेंकटनगर में ठहराव शुरू होने का दावा किया जा रहा है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा सांसद हिमाद्रि सिंह को भेजे गए पत्र के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि सांसद हिमाद्रि सिंह ने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष रखी थी। सांसद द्वारा किए गए पत्राचार और प्रयासों के बाद रेलवे मंत्रालय ने मामले पर विचार किया और ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी। रेल मंत्री द्वारा सांसद को भेजे गए पत्र में इस संबंध में जानकारी दिए जाने का दावा किया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नर्मदा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन के वेंकटनगर में ठहराव से स्थानीय नागरिकों को बड़ी सुविधा मिली है। अब यात्रियों को शहडोल, अनूपपुर उमारिया जिलो के रेलवे स्टेशन तक आवागमन करने की सुविधा मिल गयी है। व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इधर, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह द्वारा भी नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव को अपने प्रयासों का परिणाम बताए जाने के बाद मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। विधायक के नाम से समाचार और फोटो जारी होने के बाद सांसद समर्थकों ने इस पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि रेल मंत्री द्वारा सांसद हिमाद्रि सिंह को भेजे गए पत्र से स्पष्ट होता है कि ट्रेन के ठहराव के लिए सांसद द्वारा लगातार प्रयास किए गए थे।
सांसद समर्थकों और भाजपा नेताओं का आरोप है कि विधायक द्वारा ट्रेन के ठहराव का श्रेय लेने के लिए जनता के बीच भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई। उनका कहना है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के किए गए ऐसे दावे आम जनता को गुमराह करने वाले हैं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि झूठे दावे और राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ से कांग्रेस की छवि प्रभावित हो रही है।
हालांकि, इस पूरे मामले में विधायक पक्ष की ओर से भी अपने प्रयासों और रेलवे मंत्रालय के साथ किए गए पत्राचार से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकती है। फिलहाल रेल मंत्री के पत्र को लेकर यह दावा मजबूत हो रहा है कि वेंकटनगर में नर्मदा एक्सप्रेस के ठहराव के पीछे सांसद हिमाद्रि सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
