तीन चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, सोने चांदी के आभूषण सहित 20 लाख का सामान बरामद
शहडोल
जिला मुख्यालय के जैन कॉलोनी में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 20 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया गया है।
जैन कॉलोनी निवासी नवीन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मकान सूना था और अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर घर के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श यादव उर्फ आदि (18), निवासी घरोला मोहल्ला, शहडोल, शशिकांत गौतम (26), निवासी वार्ड क्रमांक 14/19 घरोला मोहल्ला और आशीष साहू उर्फ करण (19), निवासी घरोला मोहल्ला, शहडोल के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 20 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की अन्य वारदात को लेकर पूछताछ कर रही है।
