समाचार 01 फ़ोटो 01

बुलेरो वाहन को कंपनी में लगाने के नाम पर धोखाधड़ी व बुलेरो वाहन को लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार, बुलेरो वाहन जप्त

*सह आरोपी महिला रिश्ते में पत्नी भी गिरफ्तार*

अनूपपुर

अनूपपुर थाना क्षेत्र के केकरपानी निवासी दुबेलाल यादव के चार पहिया बुलेरो वाहन को एन.एच.आई कंपनी में लगवाने के नाम पर उसकी बुलेरो वाहन लेकर फरार हो जाने, तथा अनूपपुर जिला में कई लोगो को शासन से छूट दिलाकर ट्रेक्टर दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर ठगी किये जाने की शिकायत मिलने पर थाना कोतवाली अनूपपुर जिला अनूपपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसकी चार पहिया बुलेरो वाहन रजिट्रेशन क्रमांक MP 18 ZK 0201 को वाहन चलाने वाला ड्रायवर राजेन्द्र सिहं परस्ते के द्वारा उसकी बुलेरो गाड़ी को एन.एच.आई. कंपनी में लगवा देने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर छलपूर्वक वाहन लेकर फरार हो गया है। जिससे परेशान होकर धोखाधड़ी एवं ठगी के शिकार होने पर पुलिस में रिपोर्ट की गई जिस पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 476/26 धारा 318(4) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।

सुरेन्द्र सिहं परस्ते पिता पन्नेलाल सिहं उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम पोड़ी द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर में राजेन्द्र सिहं परस्ते के द्वारा सुरेन्द्र सिहं परस्ते से 1,50,000 रूपये, रीतेश सिहं से 70,000 रूपये, उमेश केवट से 3,10,000 रूपये कुल 5,30,000 रूपये ट्रेक्टर दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए गबन कर हड़प लेने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत करने पर अपराध क्रमांक 508/26 धारा 318(4) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस टीम के द्वारा उपरोक्त आरोपी की लगातार तलाश किया, मुखबिर की सूचना एवं सायबर की मदद से आरोपी का लोकेशन जिला सीहोर में प्राप्त होने पर फरियादी दुबेलाल यादव की नई बुलेरो गाड़ी को तथा आरोपी राजेन्द्र परस्ते को अभिरक्षा में लेकर अनूपपुर लाया गया तथा आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम सुनील मोहनलाल शर्मा उर्फ सुनील शर्मा पिता मोहनलाल शर्मा उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम बमोरी थाना तलेन जिला राजगढ़ का होना बताया तथा पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया है कि उसके विरूद्ध जिला राजगढ़, शाजापुर एवं अन्य जिलो में भी चोरी, बलात्कार जैसे अपराध उसके विरूद्ध पंजीबद्ध हुए है, पूर्व में भी कुछ प्रकरण में जेल की सजा काट चुका है। 

जिला अनूपपुर में अपना नाम बदलकर राजेन्द्र सिहं परस्ते नाम से ग्राम पोड़ी में रहकर ग्राम जमुनिहा जिला अनूपपुर की आरोपिया महिला गीतांजली बाई परस्ते पति श्री सिह परस्ते उम्र 35 वर्ष निवासी जमुनिहा बेलिया बड़ी थाना कोतमा जिला अनूपपुर को पत्नी बनाकर रह रहा था। तथा क्षेत्र के काफी लोगो से धोखाधड़ी कर पैसे हड़प लिये है। 

आरोपी सुनील मोहनलाल शर्मा उर्फ राजेन्द्र परस्ते से धोखाधड़ी कर ले गये वाहन क्रमांक MP18ZK0201 एवं नगद जप्त किये गये तथा आरोपी सुनील मोहनलाल शर्मा उर्फ राजेन्द्र परस्ते को गिरफ्तार किया गया उक्त मामले में उसकी पत्नी गीतांजली बाई परस्ते का भी सहभागिता होना पाये जाने से आरोपिया गीतांजली बाई को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

पकरिया पंचायत में ताला, जिम्मेदार नदारद, नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर पंचायत भवन में नहीं जले दीप

अनूपपुर

शासन के निर्देशों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर ग्राम पंचायत पकरिया की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शासकीय संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन और दीपदान किए जाने के निर्देशों के बावजूद ग्राम पंचायत पकरिया के पंचायत भवन में दीप प्रज्वलन नहीं कराया गया। मामला सामने आने के बाद पंचायत के जिम्मेदारों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पंचायत के सरपंच संतोष सिंह ने स्वयं स्वीकार किया कि अन्य स्थानों और मंदिर आदि में दीप प्रज्वलन किया गया, लेकिन पंचायत भवन में दीप नहीं जलाए गए। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब शासन के निर्देशों के तहत शासकीय संस्थानों में कार्यक्रम कराया जाना था, तो ग्राम पंचायत के अपने ही भवन को आयोजन से बाहर क्यों रखा गया।

पंचायत में केवल दीप प्रज्वलन का मामला ही चर्चा में नहीं है। ग्रामीणों की शिकायत है कि पंचायत भवन पर कई बार ताला लटका रहने से उन्हें अपने काम के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मौके पर पहुंचने पर पंचायत भवन बंद मिला और अंदर कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था।।

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन में न सरपंच मिले, न सचिव और न ही रोजगार सहायक। ऐसे में पंचायत से संबंधित योजनाओं की जानकारी लेने, दस्तावेजी काम कराने अथवा अपनी समस्या रखने के लिए आने वाले ग्रामीण आखिर जाएं तो जाएं कहां।

ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि पंचायत के निर्वाचित मुखिया के रूप में सरपंच की जिम्मेदारी केवल पद संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि पंचायत की व्यवस्थाओं और ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति जवाबदेही भी उनकी जिम्मेदारी का हिस्सा है। 

मामले में जब जनपद पंचायत बदरा के सीईओ रवि ग्वाल से बात की गई तो उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए कहा कि यदि ऐसा हुआ है, तो इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

समाचार 03 फ़ोटो 03

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर स्कूल में जश्न, लेकिन प्यासे रहे मासूम बच्चे प्राथमिक पाठशाला का पंप एक माह से बंद

अनूपपुर

जमुना-कोतमा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को जहां देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत बदरा अंतर्गत ग्राम पंचायत जमुनिहा स्थित प्राथमिक पाठशाला में एक गंभीर अव्यवस्था सामने आई विद्यालय में प्रधानमंत्री के जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था लेकिन स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चे पीने के पानी के लिए परेशान होते नजर आए विद्यालय में स्थापित पेयजल पंप लगभग एक माह से बंद पड़ा है, जिसके कारण विद्यार्थियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर श्रीकांत शुक्ला ने प्रशासन और जिला कलेक्टर का ध्यान आकर्षित करते हुए विद्यालय में पेयजल व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय में देश का भविष्य तैयार हो रहा है, वहां बच्चों को पीने के लिए पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं होना चिंताजनक है।

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जमुनिहा प्राथमिक पाठशाला में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था इसी दौरान विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आई स्कूल में लगा पंप लंबे समय से बंद होने के कारण बच्चों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा था।

विद्यालय का पंप करीब एक महीने से बंद है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत या वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई है ऐसे में सवाल उठता है कि जब विद्यालय में नियमित रूप से बच्चे पढ़ने आते हैं, तो उनकी बुनियादी जरूरतों की जिम्मेदारी निभाने वाले संबंधित विभाग और स्कूल प्रबंधन इस समस्या के समाधान के लिए अब तक क्या कदम उठा रहे हैं। श्रीकांत शुक्ला ने जिला कलेक्टर से पेयजल व्यवस्था की मांग की है।

समाचार

महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के तहत क्षमता वर्धन कार्यशाला, दिया गया प्रशिक्षित

अनूपपुर

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक में “महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना” के अंतर्गत डेस्टिनेशन स्तरीय क्षमता वर्धन कार्यशाला का आयोजन 18 सितंबर 2026 को किया गया। कार्यशाला में महिला फेडरेशन सदस्यों को सूक्ष्म उद्यम विस्तार एवं क्षमता वर्धन से संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर विकसित करने तथा पर्यटन स्थलों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार करने से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय संसाधनों के उपयोग, छोटे उद्यमों के विस्तार तथा पर्यटकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के शहडोल क्लस्टर प्रभारी सुशील पांडेय एवं सहयोगी इंद्रजीत सिंह शामिल रहे। पुलिस थाना अमरकंटक की ओर से सहायक उप निरीक्षक संजय श्रीवास, आरक्षक रवि पटेल, कृष्णा राजावत, शिवानी, अजय सिंग्राम, दिया केवट, आरती मांझी, नीतू सिंह, कविता नागेश, सुप्रिया सेन, नेहा सेन, नम्रता खत्री, अंजलि, कुसुम लता, आरती यादव, राधिका धुर्वे एवं रितिका ताम्रकार उपस्थित रहे।

कार्यशाला पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार, यूएन वूमेन, द डॉटर्स ऑफ इंडिया, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा सहयोगी संस्था इंडियन ग्रामीण सर्विसेज के सहयोग से संचालित परियोजना के अंतर्गत आयोजित की गई। कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को पर्यटन आधारित गतिविधियों में अपनी क्षमताओं का उपयोग कर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसर विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

समाचार 05 फोटो 05

शासकीय कॉलेज से छात्र गायब, ऑनलाइन हाजिरी फुल, छात्रवृत्ति घोटाले का आरोप, प्रोफेसर का कुबूलनामा

*अन्य समस्याओं से घिरा कॉलेज*

शहडोल। 

आदिवासी बाहुल्य शहडोल जिले के केशवाही सरकारी कॉलेज में शिक्षा व्यवस्था और छात्रवृत्ति से जुड़ी उपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।  कॉलेज की कई कक्षाएं खाली मिलीं, कहीं एक-दो छात्र बैठे थे तो कहीं तीन-चार,कुछ कमरे पूरी तरह खाली नजर आए, इसके बाद जब उपस्थिति व्यवस्था की पड़ताल की गई तो रजिस्टरों में भी कई जगह रिकॉर्ड अधूरे मिले। कहीं उपस्थिति रजिस्टर नहीं मिला, कहीं केवल विद्यार्थियों के नाम दर्ज थे तो कहीं जुलाई के शुरुआती दिनों की हाजिरी के बाद आगे के कॉलम खाली नजर आए। ऐसे में सवाल उठा कि जब कक्षा में विद्यार्थी नियमित दिखाई नहीं दे रहे और कागजी रिकॉर्ड भी पूरा नहीं है, तो ऑनलाइन पोर्टल पर उनकी नियमित उपस्थिति किस आधार पर दर्ज हो रही है।

मौके पर मौजूद शिक्षकों से इस संबंध में सवाल किया गया, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आशीष तिवारी ने कैमरे पर कहा कि विद्यार्थी कॉलेज नहीं आते, लेकिन छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करना जरूरी होता है। इसलिए उनकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी पड़ती है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति सिर्फ केशवाही कॉलेज की नहीं, बल्कि प्रदेश भर में है।

यही बयान अब पूरे मामले की जांच का अहम आधार बन गया है। यदि विद्यार्थी कक्षा में मौजूद नहीं हैं तो ऑनलाइन दर्ज उपस्थिति का सत्यापन कैसे हुआ। क्या ऑनलाइन रिकॉर्ड और उपस्थिति रजिस्टर का आपस में मिलान किया गया,और यदि किया गया तो दोनों रिकॉर्ड में कितनी समानता है।

कॉलेज की समस्याएं यहीं खत्म नहीं होतीं, भवन में पानी रिसने के निशान और दीवारों में दरारें दिखीं। बाउंड्री वॉल नहीं होने से जमीन पर कब्जे की शिकायतें हैं। खेल सामग्री की गुणवत्ता पर भी छात्रों ने सवाल उठाए। कॉलेज में स्थायी प्राचार्य नहीं है और बुढ़ार के प्राचार्य को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग पूरे मामले में उपस्थिति रजिस्टर, ऑनलाइन पोर्टल और छात्रवृत्ति रिकॉर्ड का मिलान कराए। जांच से स्पष्ट हो जाएगा।

समाचार 06 फ़ोटो 06

तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार महिला को मारी टक्कर, हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी

कोतवाली थाना क्षेत्र में बुढार रोड स्थित सेंट्रल बैंक के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में महिला का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सरोज पत्नी राजेंद्र जायसवाल, निवासी धोबिया टंकी, जिला रीवा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सरोज अपने चचेरे भाई सौरभ के साथ रीवा जाने के लिए स्कूटी से रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान बुढार रोड पर सेंट्रल बैंक के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों स्कूटी सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में महिला को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं सौरभ भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार के नंबर और उसके चालक की पहचान कर ली गई है। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मृतका के रीवा स्थित परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

समाचार 07 फ़ोटो 07

सेवा संकल्प अभियान में आर्शीवाद के दीयो से जगमग हुआ जिला, 3.50 लाख से अधिक दीपों का हुआ प्रज्जवलन

उमरिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्म दिवस पर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले भर में 3.50 लाख से अधिक दीपों का प्रज्जवलन किया गया । उमरिया शहर के खलेसर घाट में 10 हजार से अधिक आर्शीवाद के दीपक जलाए गए । इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने दीपो का प्रज्जवलन किया। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों , सार्वजनिक स्थानों, शासकीय संस्थाओं, आंगनबाडी केंद्रों एवं ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम आयोजित किए गए । 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओे से लाभांवित हितग्राहियों ने भी अपने घरों में आर्शीवाद के दीपक जलाए। पूरे जिले में उत्साह एवं सेवा भाव का वातावरण दिखा। विभिन्न स्थानों पर प्रज्जवलित दीपों ने सेवा, संकल्प, विश्वास और जन भागीदारी की भावना को अभिव्यक्त किया ।  सेवा संकल्प अभियान में उमरिया शहर के खलेसर घाट में जगमगाते दीपों की निराली छटां ने सबका मन मोह लिया । उपस्थित लोगो ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्म दिन की शुभकामनाएं दी तथा कामना की, कि उनके नेतृत्व में आर्थिक और राजनैतिक महाशक्ति के तौर पर विश्व मंच पर स्थापित हो रहे भारत  का वह इसी प्रकार नेतृत्व करते रहे । उनके नेतृत्व में देश विकास की नई उंचाईयां छू रहा है  और भारत तेजी से विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए लागू की गई अनेक योजनाओं से उमरिया जिले के लाखो हितग्राही लाभांवित हुए है। इन सभी हितग्राहियों का आर्शीवाद का दीपक प्रधानमंत्री जी को जन्म दिन की शुभकामनाएं दे रहा है। इसके साथ ही जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत कालिका देवी मंदिर , जनपद पंचायत पाली अंतर्गत विरासिनी माता मंदिर, नौरोजाबाद स्थित अटल स्टेच्यू के समीप तथा चंदिया के शिव घाट में दो- दो हजार से अधिक प्रज्जवलित किए गए। इसी क्रम में शहरी क्षेत्र के सभी वार्डाे में पांच - पांच सौ दीपक तथा सभी ग्राम पंचायतों में पांच- पांच सौ आर्शीवाद के दीपक जलाए गये। जिले की गौशालाओं , सांदीपनि विद्यालयों , जन जातीय कार्य विभाग के छात्रावासों , में भी आर्शीवाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया गया।

समाचार 08

स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग, एसडीएम को सौंपा पत्र

उमरिया

सामाजिक कार्यकर्ता व वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण तिवारी ने पाली नगर के मुख्य मार्ग में आये दिन होने वाली सडक दुर्घटनाओं से व्यथित हो कर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। इस बाबत श्री तिवारी ने बीते दिवस अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली को विधिवत पत्र देकर मांग की है। पत्र की एक कापी कलेक्टर उमरिया और कमिश्नर शहडोल को भी पत्र प्रेषित कर जनहित में शीघ्र इस मांग पर कार्यवाही की मांग की है। श्री तिवारी ने पत्र में उल्लेख किया है शहरी क्षेत्र पाली  - शहडोल मुख्य मार्ग में पहले स्पीड ब्रेकर बने थे, लेकिन मार्ग का नव निर्माण हुआ है, तो स्पीड ब्रेकर नहीं बन पाया है, अतः जिन संवेदनशील स्थलों पर स्पीड ब्रेकर बनाये जाये, ताकि असमय होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने हेतु स्पीड ब्रेकर बनाया जाना जरूरी है। श्री तिवारी के पत्र पर जिले की कलेक्टर ने शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget