समाचार 01 फ़ोटो 01

जंगल मे मवेशी चराने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट मे आने से दो की मौत, पुलिस जांच में जुटी

समाचार

जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ही मवेशी चराने के लिए जंगल गए थे और अचानक रिमझिम बारिश शुरू होने पर दोनों बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पेड़ों पर आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटनाएं जयसिंहनगर और जैतपुर थाना क्षेत्र में हुई हैं।

जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ढोलर गांव निवासी मुन्ना सिंह गोंड (50) मवेशियों को चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मुन्ना एक पेड़ के नीचे जाकर खड़ा हो गया। तभी अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई। इसकी चपेट में आने से मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई। देर रात तक मुन्ना घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह जंगल में पेड़ के नीचे उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दूसरी घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कदौड़ी की है। यहां 55 वर्षीय हुबलाल बैगा बकरियां चराने जंगल गया था। बारिश शुरू होने पर वह एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

जंगल से गुजर रहे अन्य चरवाहों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर दोनों मौतें आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई हैं।

समाचार 02 फ़ोटो 02

जमुनिहा स्कूल के हैंडपंप में पाइप ही गायब, निरीक्षण कर लौटे अधिकारी, खबर के बाद हरकत में आया विभाग

अनूपपुर

जिले के ग्राम पंचायत जमुनिहा स्थित प्राथमिक पाठशाला में एक माह से बंद पड़े पेयजल पंप की समस्या खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक हलचल देखने को मिली है 19 सितंबर 2026 को एक वाहन से पहुंचे 4 से 5 लोगों ने विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप को खोलकर जांच की जांच के दौरान उसमें पाइप ही गायब मिला हालांकि, निरीक्षण के बाद टीम मौके से लौट गई और बच्चों को पेयजल उपलब्ध कराने की समस्या जस की तस बनी हुई है

स्थानीय लोगों के अनुसार, जब मौके पर पहुंचे लोगों से उनकी पहचान पूछी गई तो उन्होंने स्वयं को पीएचसी विभाग से संबंधित बताया हैंडपंप में पाइप नहीं होने की बात सामने आने के बाद वे निरीक्षण कर वापस चले गए फिलहाल हैंडपंप को चालू करने के लिए आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जमुनिहा प्राथमिक पाठशाला में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था इसी दौरान विद्यालय में पेयजल संकट का मामला सामने आया था स्कूल का हैंडपंप करीब एक माह से बंद होने के कारण विद्यार्थियों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा था

इस गंभीर समस्या को लेकर श्रीकांत शुक्ला ने जिला प्रशासन और कलेक्टर का ध्यान आकर्षित करते हुए विद्यालय में पेयजल व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की थी मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद 19 सितंबर को टीम का मौके पर पहुंचना इस मामले में हुई शुरुआती कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है

विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप को खोलकर देखने पर पाइप गायब होने की जानकारी सामने आई स्थानीय लोगों के सवाल करने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने खुद को पीएचसी विभाग से बताया हालांकि, पाइप गायब होने के कारण हैंडपंप बंद होने की जानकारी देने के बाद टीम लौट गई।

समाचार 03 फ़ोटो 03

गैस सिलेंडर की रिफिलिंग पर खाद्य विभाग की टीम पहुँची जांच करने हुआ था विवाद, तीन पर मामला दर्ज

शहडोल

सोहागपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी में गैस सिलेंडर की रिफिलिंग की सूचना पर जांच करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। सहायक आपूर्ति अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी की शिकायत पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों रामजी गुप्ता, सुधीर गुप्ता और कौशलेंद्र गुप्ता समेत अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, खाद्य विभाग की टीम को गढ़ी निवासी रामजी गुप्ता के घर में गैस सिलेंडरों की कथित रिफिलिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर सहायक आपूर्ति अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान टीम को घर में 13 से अधिक गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला नोजल मिला।

शिकायत के अनुसार, जांच के दौरान रामजी गुप्ता के भाई और अन्य लोग टीम से विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडे से जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्रवाई में बाधा डाली। इसी दौरान जब्त किए गए सिलेंडरों को भी वहां से हटा दिए जाने का आरोप है।

विवाद की सूचना मिलने पर सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक आपूर्ति अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रामजी गुप्ता, सुधीर गुप्ता, कौशलेंद्र गुप्ता समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आगे जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया तीन नामजद एवं अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, एवं विवाद कर गाली गलौज करने का मामला दर्ज किया गया है।

समाचार 04 फ़ोटो 04

भारतीय मजदूर संघ ने ओपीएम में हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव से मनाया विश्वकर्मा जयंती

अनूपपुर

भारतीय मजदूर संघ द्वारा ओ.पी.एम. अमलाई कार्यालय में श्री विश्वकर्मा जी का हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव से विधि विधान पूर्वक  पूजा - अर्चना का कार्यक्रम किया गया। पूजन कार्यक्रम में योगेन्द्र वार्ष्णेव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओरिएंट पेपर मिल अमलाई का संघ कार्यालय में आगमन हुआ। महामंत्री प्रवीण कुमार शुक्ला द्वारा सी.ओ.ओ. का भगवा अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया और मृगेन्द्र सिंह महामंत्री स्टाफ संघ द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

इस कार्यक्रम में सतीश शर्मा महा प्रबंधक औद्योगिक संबंध एवं अजय मिश्रा, प्रबंधक टाइम ऑफिस की गरिमामई  उपस्थिति रही। प्रवीण कुमार शुक्ला ने बताया की "भारतीय मजदूर संघ " श्री विश्वकर्मा जयंती राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के रूप में मनाता  है। उन्होंने सभी श्रमिक व औद्योगिक कर्मचारियों को राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की।

कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी सज्जन सिंह, राजेश्वर सिंह, शिवपाल मिश्रा, प्रमोद यादव, प्रताप मांझी, अतुल मिश्रा, सुधीर मिश्रा, करुणाकांत मिश्रा, दीपराज सिंह, दिनेश सिंह, सुरेंद्र त्रिपाठी, राम अवतार जायसवाल, उदयराज सिंह, ललित पयासी, गणेश प्रसाद शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।

समाचार 05 फ़ोटो 05

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, पर्यटन प्रबंधन विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन संपन्न

अनूपपुर

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के पर्यटन प्रबंधन विभाग में एमबीए (पर्यटन प्रबंधन) एवं बीबीए (पर्यटन प्रबंधन) के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन विषय, विभागीय कार्यप्रणाली, अकादमिक अपेक्षाओं एवं अनुशासन से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित कक्षा उपस्थिति, आंतरिक एवं बाह्य परीक्षाओं तथा निरंतर सीखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने पर्यटन के बदलते स्वरूप को समझाते हुए गंतव्यों के प्रचार में स्टोरीटेलिंग की भूमिका पर प्रकाश डाला। कुनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के पुनर्वास और ‘वंदे भारत’ ट्रेनों की विकास यात्रा जैसे उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने पर्यटन के व्यापक प्रभाव को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। विभाग के प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. रोहित रवींद्र बोरलीकर ने पर्यटन उद्योग में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने ज्ञान, कौशल एवं दृष्टिकोण के महत्व के साथ व्यावसायिक व्यवहार, संचार कौशल, औपचारिक पहनावे, उचित अभिवादन और पेशेवर ईमेल लेखन जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की।

प्रवेश समन्वयक डॉ. जयप्रकाश नारायणन ने विद्यार्थियों को विभागीय नियमों एवं अनुशासन से अवगत कराया। उन्होंने रैगिंग के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए कनिष्ठ विद्यार्थियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याएं शिक्षकों एवं सहपाठियों के साथ साझा करने का भी आग्रह किया।

विभाग के शिक्षक डॉ. दिनेश कुमार परस्ते ने विभाग की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्थापना एवं समय के साथ हुए विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभाग से शोध कार्य पूरा कर चुके पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम में शोधार्थियों राजेश रंजन, हिमालय शर्मा, सैनुलआबिद एवं मृदुला ई ने अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी मृदुला ई ने किया।

समाचार 06 फ़ोटो 06

गूंज रही भक्ति की स्वर लहरियां, नानी बाई रो मायरो कथा में सराबोर हो रहे श्रद्धालु, शांति कुटी आश्रम में कथा का शुभारंभ

अनूपपुर

अमरकंटक में धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत शांति कुटी आश्रम में दो दिवसीय नानी बाई रो मायरो कथा एवं श्रीराम नाम संकीर्तन का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में हुआ। कथा के शुभारंभ अवसर पर कलश शोभायात्रा निकाली गई, जो मां नर्मदा उद्गम मंदिर एवं कुंड तक पहुंची। भजन-कीर्तन, संकीर्तन और भक्तिमय जयकारों से आश्रम परिसर सहित नगर का वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।

शांति कुटी आश्रम में नानी बाई रो मायरो कथा के शुभारंभ पर शनिवार को महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की सहभागिता में कलश शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। बैंड एवं डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों और जयकारों के बीच शोभायात्रा आश्रम से प्रारंभ होकर मां नर्मदा उद्गम मंदिर एवं कुंड पहुंची।

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। नर्मदा उद्गम कुंड एवं मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश एवं पुराण का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालु पुनः शांति कुटी आश्रम पहुंचे, जहां विशाल सभागार में कलश स्थापना की गई। आचार्य एवं पुरोहितों द्वारा पुराण पूजन, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।

शांति कुटी आश्रम में आयोजित नानी बाई रो मायरो कथा का वाचन भागवत शास्त्रज्ञ एवं धर्मप्रचारक डॉ. पं. नरेंद्र पाण्डेय द्वारा किया जा रहा है। शनिवार, 19 सितंबर को कथा के दो सत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा द्वितीय सत्र शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित किया गया।

दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के दूसरे दिन रविवार, 20 सितंबर को प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक श्रीराम नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नानी बाई रो मायरो कथा के अंतर्गत मायरे की विशेष प्रस्तुति होगी।

समाचार 07 फोटो 07

निकाय में साप्ताहिक समीक्षा का दौर जारी, समय-सीमा में कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

अनूपपुर

नगर परिषद डूमरकछार में विकास कार्यों की गति बढ़ाने और जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए साप्ताहिक समीक्षा और जनसुनवाई बैठकों का सिलसिला लगातार जारी है,इसी कड़ी में परिषद सभागार में 19 सितंबर को महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

यह बैठक निकाय अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई,प्रशासनिक स्तर पर बैठक मुख्य नगर पालिका अधिकारी शरद गौतम के मार्गदर्शन, सहायक राजस्व निरीक्षक कमलेश त्रिपाठी, मानशाह कुंजाम उपयंत्री की देखरेख में सुचारू रूप से संपन्न हुई।

लगातार हो रही इन बैठकों के माध्यम से विकास कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए डॉ. चौरसिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनहित के कार्यों में ढिलाई बिल्कुल स्वीकार नहीं होगी,यदि तय समय-सीमा में पेंडिंग काम पूरे नहीं हुए तो संबंधित कर्मचारियों पर कार्यवाही की जाएगी।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान की गतिविधियों की रूपरेखा तय की गयी और सभी विभागों को इसके सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

समस्त विभागों को निर्देशित किया गया कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कुण्ड स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं। एनयूएलएम,स्वच्छता, नल-जल,वाहन और अग्निशमन विभाग के प्रभारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

समाचार 08 फ़ोटो 08

मोटर साइकल चोर गिरफ्तार, आऱोपी के कब्जे से चोरी गई मोटर साइकल बरामद

उमरिया

थाना नौरोजाबाद पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए मोटर साइकल चोरी के प्रकरण मे आरोपी को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटर साइकल बरामद की है । 

विष्णु बैगा द्वारा थाना नौरोजाबाद मे रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनाँक 17 अगस्त 2026 की शाम उसकी मोटर साइकल में पेट्रोल खत्म हो जाने पर, ग्राम कलौनी हाई स्कूल के पास अपनी मोटर साइकल खड़ी करके पेट्रोल लेने चला गया, वापस आकर देखा तो उसकी मोटर साइकल नही थी, कोई अज्ञात आरोपी मोटर साइकल चोरी कर ले गया फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नौरोजाबाद जिला उमरिया मे अपराध क्रमांक 341/26 धारा 303(2) बीएनएस कायम कर विवेचना मे लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा मोटर साइकल एवं अज्ञात चोर की पता तलाश हेतु घटना स्थल आस पास लोगों से पूछताछ की गई, साथ ही मुखबिर तन्त्र सक्रिय किया गया। पुलिस टीम के सतत प्रयास के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि चोरी गई मोटर साइकल संदेही अमर सिंह के पास देखी गई है। प्राप्त जानकारी की तस्दीक हेतु पुलिस टीम द्वारा संदेही से पूछताछ की गई, जिसके द्वारा चोरी की घटना को स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटर साइकल बरामद कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।

समाचार 09

काली फिल्म व मॉडिफाइड साइलेंसर वाहन पर कार्रवाई

शहडोल

शहडोल शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी के नेतृत्व में काली फिल्म लगी कारों एवं मॉडिफाइड साइलेंसर वाली मोटरसाइकिलों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस द्वारा कार्यवाही की गई। काली फिल्म का उपयोग करने तथा वाहनों में नियम विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget