खस्ताहाल सड़कों के लिए नगर निगम जबलपुर को ‘नंबर-1’ की ट्रॉफी प्रदान करने पहुंची युवा कांग्रेस
*महापौर का मुखौटा पहनाकर ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान कर किया गया सांकेतिक सम्मान*
जबलपुर
शहर की जर्जर, टूटी एवं खस्ताहाल सड़कों की स्थिति को लेकर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा गुरुवार को नगर निगम जबलपुर के खिलाफ अनोखे और व्यंग्यात्मक अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान नगर निगम जबलपुर को “मध्यप्रदेश में खस्ताहाल सड़कों के लिए प्रथम स्थान” की प्रतीकात्मक ट्रॉफी एवं सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिवद्वय सागर शुक्ला एवं अदनान अंसारी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस ने काफी देर महापौर कार्यालय के बाहर बैठ कर नारेबाजी की जब कोई भी अधिकारी कर्मचारी सम्मान पत्र एवं ट्रॉफी ग्रहण करने के लिए नगर निगम की ओर से आगे नहीं आया तो कार्यकर्ताओं के द्वारा महापौर का मुखौटा पहनाकर प्रतीकात्मक रूप से ट्रॉफी एवं सम्मान पत्र सौंपा गया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर की अनेक प्रमुख सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक सड़कें गड्ढों, उखड़े डामर और बिखरी गिट्टी की समस्या से जूझ रही हैं। हाल के दिनों में जबलपुर की जर्जर सड़कों और उनसे जुड़ी दुर्घटना की आशंकाओं को लेकर मीडिया के माध्यम से रिपोर्टें सामने आई हैं।
नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि जबलपुर की सड़कों की स्थिति को लेकर लगातार शिकायतें और विरोध सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले भी बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया गया था। शहर में सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्यों की गुणवत्ता, उनकी निगरानी और समयबद्धता पर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है। नागरिकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारियों में होना चाहिए और सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर शुक्ला ने कहा कि “जबलपुर के विकास का प्रमाण कागजों पर तैयार किए गए आंकड़े नहीं, बल्कि शहर की सड़कों पर चलने वाला आम नागरिक देता है। आज स्थिति यह है कि सड़क पर वाहन चलाना सफर कम और गड्ढों से बचने की चुनौती ज्यादा बन गया है। हमने यह ट्रॉफी इसलिए दी है ताकि नगर निगम को यह याद दिलाया जा सके कि शहर के नागरिकों की सबसे बुनियादी जरूरतों में सुरक्षित और अच्छी सड़क भी शामिल है।”
प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस अदनान अंसारी ने कहा कि “स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को तीसरा स्थान मिला है, लेकिन जिस तरह इन आंकड़ों को उपलब्धि के रूप में पेश किया जा रहा है, उससे शहर की जमीनी हकीकत नहीं बदल जाती। हमारा सवाल है कि अगर आंकड़ों में शहर इतना शानदार दिखाई देता है, तो सड़कों पर नागरिकों को गड्ढे, उखड़ा डामर और धूल क्यों दिखाई देती है? आंकड़ों की बाजीगरी से जनता को गुमराह करने की कोशिश हो सकती है, लेकिन सड़क पर रोज चलने वाला नागरिक अपनी आंखों से वास्तविकता देखता है।”
उन्होंने कहा कि “यह ट्रॉफी किसी उपलब्धि का वास्तविक पुरस्कार नहीं, बल्कि नगर निगम की सड़क व्यवस्था पर जनता की व्यंग्यात्मक टिप्पणी है। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि “मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान” कोई आधिकारिक अथवा सरकारी रैंकिंग नहीं है, बल्कि शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर किया गया व्यंग्यात्मक एवं सांकेतिक विरोध है।
युवा कांग्रेस ने मांग की कि जबलपुर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, नए सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रभावी निगरानी और जवाबदेही तय की जाए, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सागर शुक्ला, अदनान अंसारी, रिजवान अली कोटी, सोनू कुकरेल बादल पंजवानी, प्रियंका केशरवानी, उवेश अंसारी, अभियूत बाजपेयी, नितिन सिंह, सौरभ सिंह, प्रतीक गौतम, शफी खान, एजाज अंसारी, सक्षम दुबे, इमरान खान, अनुराग शुक्ला, शिशांत ठाकुर, शादाब खान, अंकित कोरी, अदील अहमद, अमित सिंह, मोहसिन खान, जमन अंसारी, मोहित प्यासी आदि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
