37 लाख की सड़क पर फर्जी भुगतान का आरोप, मजदूरी हड़पने की शिकायत, भाजपा जिलाध्यक्ष व महामंत्री कटघरे में
शहडोल
जनपद पंचायत गोहपारू क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरा में करीब 37 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत ग्रेवल मार्ग को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत सेमरा के सरपंच ने जिला कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक को शिकायत देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दयाराम के घर से वाले के घर तक प्रस्तावित ग्रेवल मार्ग का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं कराया गया और कागजों में कार्य पूर्ण दर्शाकर भुगतान कर दिया गया।
सरपंच के अनुसार, निर्माण कार्य में वास्तविक रूप से काम करने वाले मजदूरों को अब तक उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। आरोप है कि फर्जी मस्टर रोल तैयार कर मजदूरों के नाम पर राशि का आहरण किया गया। मजदूरी नहीं मिलने के कारण संबंधित मजदूरों द्वारा लगातार सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें की जा रही हैं।
शिकायत में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सरपंच का आरोप है कि मार्ग पर निर्धारित मोटाई के स्थान पर महज करीब एक इंच डस्ट की परत डालकर खानापूर्ति की गई। वहीं करीब चार इंच सिक्स एमएम सामग्री के फर्जी बिल लगाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक निर्माण के दौरान किसी भी परत पर रोलर नहीं चलाया गया तथा बिना टेस्ट रिपोर्ट के खराब गुणवत्ता की ग्रेवल और मुरूम का उपयोग किया गया।
बताया गया है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति खराब होने लगी है और कई स्थानों पर मार्ग बह रहा है। शिकायत में निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार कर्मचारियों तथा कार्य करा रहे ठेकेदारों की भूमिका की जांच की मांग की गई है।
सरपंच ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराकर वास्तविक मजदूरों को मजदूरी दिलाने, गुणवत्ता की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरेश चतुर्वेदी और गोहपारू मंडल महामंत्री नरेंद्र मिश्रा की भूमिका पर भी आरोप लगाए गए हैं।
