सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक ने ग्रामीणों के साथ सड़क पर किया चक्काजाम, आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
अनूपपुर
पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के समर्थन में कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को भी सड़क पर धरने पर बैठ गए। विधायक और ग्रामीणों के चक्काजाम के चलते राजेंद्रग्राम से डिंडौरी-जबलपुर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
बताया गया कि ग्राम लखौरा से बोदा तक सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति काफी समय पहले हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं किया गया है। सड़क की खराब स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण नहीं होने से आवागमन में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को भी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनके साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
चक्काजाम के कारण राजेंद्रग्राम से डिंडौरी और जबलपुर जाने वाले यात्रियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक मार्ग बाधित रहने से आवागमन प्रभावित रहा।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने विधायक और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों की ओर से सड़क निर्माण से संबंधित मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया। तहसीलदार ने उनकी मांग को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद विधायक और ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करने पर विचार करेंगे।
