समाचार 01 फ़ोटो 01
छात्रावास में छात्र के ऊपर गिरा पंखा, घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अनूपपुर
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के गुरु गोविंद बालक छात्रावास में एक छात्र के ऊपर सीलिंग फैन गिरने की घटना सामने आई है। हादसे में छात्र के सिर पर चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद छात्रावास में रह रहे अन्य छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में छात्र अपने कमरे में मौजूद था। इसी दौरान सीलिंग फैन गिर गया, जिसकी चपेट में आने से छात्र घायल हो गया। उसके सिर में चोट लगने के बाद तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
घटना के बाद छात्रावास में रहने वाले छात्रों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई है। छात्रों का कहना है कि छात्रावास के कमरों में लगे पंखों और अन्य विद्युत उपकरणों की समय-समय पर जांच और रखरखाव किया जाना जरूरी है। यदि समय रहते उपकरणों की स्थिति की जांच की जाती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था।
इस घटना ने विश्वविद्यालय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किए हैं। छात्रावास में बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की है। ऐसे में छात्र के ऊपर सीलिंग फैन गिरने की घटना को गंभीरता से लेते हुए छात्रावास के अन्य कमरों में लगे पंखों की भी जांच कराने की मांग उठ रही है।
घटना के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, छात्रों और उनके परिजनों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि छात्रावास में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारी क्या कदम उठाते हैं। घायल छात्र की स्थिति और घटना के कारणों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
15 दिन से ट्रांसफार्मर बंद, पानी-बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीण, पंचायत ने भी नए ट्रांसफार्मर की मांग की
*जेई कार्यालय में दिया धरना, जेई पर रुपये मांगने का आरोप*
अनूपपुर
ग्राम पंचायत रक्सा के वार्ड क्रमांक 16 में पिछले करीब 15 दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर बंद होने के कारण ग्रामीणों को बिजली और पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का निराकरण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्युत विभाग के जेई कार्यालय पहुंचकर धरना दिया। वहीं, ग्राम पंचायत रक्सा की ओर से भी विद्युत विभाग को शिकायत पत्र सौंपकर वार्ड में नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की गई है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 16 में लगा ट्रांसफार्मर करीब 15 दिनों से बंद है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पानी की सप्लाई से जुड़ी मोटर भी संचालित नहीं हो पा रही है, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत रक्सा की ओर से भी विद्युत विभाग को शिकायत पत्र सौंपा गया है। शिकायत में वार्ड क्रमांक 16 में नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की गई है। पंचायत एवं ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि विद्युत बिल नियमित रूप से जमा किए जाने के बावजूद उन्हें सुचारू विद्युत सुविधा नहीं मिल पा रही है।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के जेई मनीष जोशी पर ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए कथित रूप से पैसे मांगने तथा अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने इन आरोपों की विभागीय स्तर पर निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्या के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन ट्रांसफार्मर चालू नहीं होने के कारण उन्हें धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलकर विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था बहाल की जाए। साथ ही जेई पर लगाए गए पैसे मांगने और कथित अभद्र व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से करीब 15 दिनों तक वंचित रहना गंभीर जनहित का विषय है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
लाइक बटोरने सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड करना पड़ा भारी, चार युवक गिरफ्तार
शहडोल
सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड करना चार युवकों को भारी पड़ गया। फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र के बिरुहली गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बिरुहली निवासी सुमित केवट, सत्यम केवट, किशन लेवर और राहुल केवट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अश्लील वीडियो अपलोड किया था। बताया जा रहा है कि वीडियो कई दिनों तक सोशल मीडिया पर उपलब्ध रहा। इसकी जानकारी जैसे ही बुढ़ार पुलिस को मिली तो सोशल मीडिया पर अपलोड की गई सामग्री को संज्ञान में लिया और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री अपलोड करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है और आपत्तिजनक सामग्री सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अखिल भारतीय हिंदू युवा मंच की राष्ट्रीय महामंत्री निर्वाचित हुईं डॉ. नूतन सिंह चौहान
शहडोल
राष्ट्रीय अधिवेशन में संतों, महंतों एवं महामंडलेश्वरों की उपस्थिति में अखिल भारतीय हिंदू युवा मंच की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। श्री 1008 पूज्य स्वामी रूपेन्द्रप्रकाश महाराज के समक्ष राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रस्ताव पर कोर कमेटी के अनुमोदन के बाद डॉ. नूतन सिंह चौहान को आगामी दो वर्षों के लिए अखिल भारतीय हिंदू युवा मंच का राष्ट्रीय महामंत्री निर्वाचित किया गया।
राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. नूतन सिंह चौहान के निर्वाचन का स्वागत किया। इस अवसर पर संत समाज की उपस्थिति में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
डॉ. नूतन सिंह चौहान को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन के कार्यों को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
अखिल भारतीय हिंदू युवा मंच के आगामी दो वर्षों के कार्यकाल के लिए डॉ. नूतन सिंह चौहान का निर्वाचन संगठन के लिए महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला पुरुष की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर, कार चालक हुआ फरार
अनूपपुर
कोतवाली थाना से 12 किलोमीटर दूर रामपुर-कोदैली मार्ग पर एक कार और स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी सवार एक महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की हाईवे टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों घायलों को तुरंत वाहन से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया। वहीं कार छोड़कर चालक मौके फरार हो गया।
स्थानिय लोगो के अनुसार दो पहिया वाहन रामपुर-कोदैली गांव के भीतर के रास्ते सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग में आया जहां से गुजर रहीं कार से जा टकराया टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कार सड़क किनारे खेत में घुस गई। और दो पहिया वाहन चालक दुर्गेश बैगा पुत्र निराला बैगा और पीछे बैठी सरवरिया बैगा पति रघुनाथ बैगा के रूप में घायल हो गये। दोनों रामपुर, थाना अमलाई, जिला शहडोल के रहने वाले हैं। सरवरिया बैगा रिश्ते में दुर्गेश की मामी हैं और धनपुरी ओसीएम में काम करती हैं। जिन्हे यातायात पुलिस और ग्रमीणों की मदद से दोनों घयलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। कार चालक की पहचान 28 वर्षीय एराज खान पुत्र सफीक खान निवासी धनपुरी, शहडोल जो घटना के बाद से फरार है।
सरवरिया बैगा के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनका बायां हाथ टूट गया है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें हैं। वहीं, दुर्गेश बैगा के दोनों पैरों में चोटें आई हैं और शरीर में अंदरूनी चोटें हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि कार शहडोल की ओर से रामपुर आ रही थी। स्कूटी सवार रामपुर-कोदैली गांव के भीतर के रास्ते रामपुर से कोदैली की ओर जा रहे थे, जहां सीधे हाईवे पहुंचे और से सामने से गुजर रही कार से उनकी टक्कर हो गई। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है, लेकिन उसका चालक अभी फरार है। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें शहडोल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में एक लय एक स्वर में गूंजा वन्दे मातरम गीत
शहडोल
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नई दिल्ली के तत्वावधान में पूरे भारत वर्ष के कोने कोने में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में 25 सितंबर 2026 को नमामि भारतम् (वन्देमातरम् सामूहिक गायन) एक समय, एक लय, एक स्वर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस तारतम्य में सरस्वती शिशु मंदिर पाण्डवनगर शहडोल विद्यालय के श्री गुरुजी सभागार में भी नमामि भारतम् (वन्देमातरम् सामूहिक गायन) कार्यकम का आयोजन सुबह 11.00 बजे किया गया।
कायक्रम में उपस्थित अतिथियों के द्वारा माँ सरस्वती की पूजा अर्चन एवं दीप प्रज्जवलन के साथ विद्यालय के अग्रेसर बहिनों के साथ सभागार में उपस्थित करीब 500 छात्र / छात्राओं की उपस्थिति में ज्ञान की देवी माँ सरस्वती जी की वंदना गाई गयी।
इस अवसर पर विद्यालय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मुकेश तिवारी, पूर्व कुलपति शिक्षाविद पं. शंभूनाथ विश्वविद्यालय शहडोल, कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुन्द्रिका सिंह संयुक्त आयुक्त विकास शहडोल सभाग, श्रीमती भारती गुप्ता अध्यक्ष सरस्वती शिशु मंदिर शहडोल, महेन्द्र सराफ वरिष्ठ अधिवक्ता, योगेन्द्र प्रकाश चतुर्वेदी राजनीतिक समाजसेवी, संतोष लोहानी पूर्व व्यवस्थापक सरस्वती शिशु मंदिर शहडोल, विष्णुकान्त मिश्रा व्यवस्थापक सरस्वती सरस्वती शिशु मंदिर शहडोल, गौतम राज समिति सदस्य, सौरभ गोले समिति सदस्य एवं संस्था के प्राचार्य अनिल कुमार द्विवेदी, विद्यालय परिवार आचार्य एवं दीदीयों सहित विद्यालय के समस्त भैया / बहिनों की उपस्थिति रही।
समाचार 07 फ़ोटो 07
कन्या पूजन के साथ बरबसपुर को 3.70 करोड़ के छात्रावास की सौगात, विधायक मीना सिंह ने किया शिलान्यास
उमरिया
जिले के शैक्षणिक इतिहास में यह दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया। भोई बाबा की पावन और पुण्य भूमि बरबसपुर में शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और युगांतकारी सौगात मिली। शासकीय छात्रावास बरबसपुर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और कन्या पूजन के साथ 50 सीटर बालक और 50 सीटर बालिका छात्रावास के नवीन, सर्वसुविधायुक्त भवन का भव्य शिलान्यास किया गया। इस महत्वाकांक्षी कार्य के लिए शासन द्वारा 370 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से प्रथम चरण में 2 करोड़ 70 लाख रुपये से छात्रावास भवन का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण की जिम्मेदारी अनुभवी ठेकेदार धर्मेन्द्र विश्वकर्मा को सौंपी गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय मांडल उमा विद्यालय बरबसपुर की प्रतिभाशाली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात अतिथियों का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण और गौरव का क्षण तब आया जब कक्षा 10वीं में 98 प्रतिशत अंक लाकर पूरे अंचल का नाम गौरवान्वित करने वाली होनहार छात्राएं अर्पिता द्विवेदी और आराधना मेहरा को मंच पर सम्मानित किया गया।
विधायक मीना सिंह ने कहा कि पहले हमारे क्षेत्र में शिक्षा के लिए सुविधाओं का घोर अभाव था। पूरे क्षेत्र में एक ही हायर सेकेंडरी विद्यालय होता था, उसी में सभी बच्चों को कठिनाइयों के साथ अध्ययन करना पड़ता था, विशेषकर हमारी बेटियों को। लेकिन जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति आ गई है।
बरबसपुर विद्यालय के लिए 10 एकड़ भूमि स्वीकृत हो गई है। इसे अब संदीपनी और सीएम राइज जैसे अत्याधुनिक विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विद्यालय सर्व सुविधा युक्त होगा, जहां एक ही विषय के एक से अधिक योग्य शिक्षक रहेंगे, स्मार्ट क्लास, लैब, लाइब्रेरी सब होगा।
समाचार 08 फ़ोटो 08
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
उमरिया
स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, लोगों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत बनौदा के शासकीय विद्यालय परिसर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर राखी सहाय एवं जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह के मार्गदर्शन में युवा टीम उमरिया मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय, संवाद और संदेश के माध्यम से ग्रामीणों को खुले में कचरा नहीं फेंकने, घर एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने, सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश भी दिया कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, विद्यालय, सड़क, सार्वजनिक स्थल और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता का ध्यान रखे तो गांव, शहर और पूरा समाज स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति को देखकर कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा। नुक्कड़ नाटक के दौरान स्वच्छता से संबंधित विभिन्न संदेशों को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया।