समाचार 01 फ़ोटो 01
खाना के विवाद पर पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर किया घायल, आरोपी पति फांसी लगाकर की आत्महत्या
*महिला का जिला अस्पताल में चल रहा है इलाज*
अनूपपुर
अमरकंटक थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित बैंक टोला में पति-पत्नी के बीच खाना देने में देरी को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। शराब के नशे में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के अगले ही दिन पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी पर हमले केI मामले में प्रकरण दर्ज करने के साथ पति की मौत के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 37 वर्षीय धन सिंह उरेती पुत्र फूल सिंह उरेती, मूल निवासी सरईटोला गिरारी और वर्तमान में वार्ड क्रमांक 11 बैंक टोला में रहकर मजदूरी करता था। धन सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना समय पर नहीं देने की बात को लेकर पत्नी पार्वती बाई से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने पास रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के बाएं गाल और कान के पास वार कर दिया। हमले में पार्वती बाई गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके चेहरे से खून बहने लगा। गाल पर दो गहरे घाव आए हैं और 18 टांके लगे हैं।
घटना की जानकारी पड़ोसी सुमन सिंह ने पुलिस को दी। रात को घर से रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे, जहां पार्वती बाई घायल अवस्था में मिली। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। बताया गया कि उसके गाल पर कुल्हाड़ी के दो गहरे घाव हैं।
इधर, पत्नी पर हमले के बाद अमरकंटक थाना पुलिस ने रात करीब 2 बजे धन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 118 (1) और 351 के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस महिला के उपचार और मामले की कार्रवाई में जुटी थी, इसी दौरान धन सिंह घर से कहीं चला गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वह पुलिस कार्रवाई और जेल जाने के भय से तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी
धन सिंह की बेटी घर पहुंची तो उसने पिता को फांसी के फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाम को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
समाचार 02 फ़ोटो 02
बीपीएल खाते में 9 करोड़ के लेंन देंन के मामले में में आयकर विभाग ने मारा छापा, हुंडई शोरूम से जुड़ा मामला
अनूपपुर
कोतमा नगर में आयकर विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। आयकर विभाग की टीम पुलिस बल के साथ नगर पहुंची और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामले में चार लोगों को पूछताछ के लिए जनपद पंचायत कार्यालय ले गई। यहां उनके बैंक खातों, आय के स्रोत, संपत्तियों और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
मामले में सबसे अधिक चर्चा एक ऐसे बैंक खाते को लेकर है, जिसमें 9 करोड़ रुपये से अधिक के कथित लेन-देन होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति का नाम सरकारी रिकॉर्ड में बीपीएल राशन कार्डधारक के रूप में दर्ज है। हालांकि, इस संबंध में आयकर विभाग या प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आयकर विभाग एवं पुलिस की टीम बुधवार सुबह करीब 8 बजे कोतमा पहुंची। इसके बाद चार लोगों से पूछताछ शुरू की गई। कार्रवाई की जानकारी फैलते ही नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्रारंभिक जानकारी में कोमल नामक व्यक्ति का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि उसका संबंध कोतमा नगर क्षेत्र स्थित हुंडई शोरूम की जमीन से भी है। हालांकि जमीन के स्वामित्व और बैंक लेन-देन से संबंधित तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
आयकर विभाग द्वारा फिलहाल मामले में गोपनीयता बरती जा रही है। बैंक खातों, संपत्तियों, आय के स्रोत और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन का वास्तविक स्वरूप क्या है और इसमें आय से संबंधित कोई विसंगति या वित्तीय अनियमितता है या नहीं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
गूझी में तालाब में तीन दिन बाद मृत मिला अधेड का शव, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर
जैतहरी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहार के गूझी गांव में एक अधेड का शव तीन दिन बाद तालाब में मृत स्थिति में मिलने की सूचना पर जैतहरी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जैतहरी थाना क्षेत्र से 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत बैहार के गूझी गांव में 3 दिन पूर्व 17 अगस्त से लापता 46 वर्षीय चंदू बैगा पिता बैसाखू बैगा निवासी ग्राम बैहार का शव तालाब में मृत स्थिति में मिलने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों द्वारा थाना जैतहरी को सूचित किए जाने पर पुलिस के द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कथन ले कर जैतहरी अस्पताल में पी,एम, हेतु भेजते हुए जांच प्रारंभ की।
ग्राम पंचायत के सरपंच सम्भर बैगा ने बताया कि चंदू बैगा 17 अप्रैल को पड़ोस के गूझी गांव में स्थित अपने खेत गया रहा जहां से वह वापस नहीं आने पर दो दिनों तक निरंतर परिजनों द्वारा खोजबीन की गई, दोपहर ग्रामीणों द्वारा गूझी गाव के तालाब में चंदू बैगा को मृत स्थिति में पानी के अंदर देखे जाने पर सूचना दी गई रही है जिससे संभावना व्यक्त की जा रही है कि चंदू बैगा की मौत तालाब में डूबने के कारण हो सकती है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर ABVP ने सौंपा ज्ञापन जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
अनूपपुर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जिला इकाई अनूपपुर द्वारा 'प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस' तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में व्याप्त विभिन्न शैक्षणिक व मूलभूत समस्याओं को लेकर महाविद्यालय प्रशासन एवं प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि तुलसी महाविद्यालय को ‘प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस’ का दर्जा तो दे दिया गया है, लेकिन धरातल पर छात्रों को सुविधाओं के नाम पर केवल असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों की मुख्य माँगें व समस्याएँ है जैसे महाविद्यालय कक्षाओं का नियमित संचालन: समय-सारणी के अनुसार सभी कक्षाओं का नियमित कठोरात्मक संचालन सुनिश्चित हो। मूलभूत सुविधाओं में सुधार: पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय एवं प्रयोगशाला (लैब) में आवश्यक उपकरणों व रसायनों की उपलब्धता कराई जाए। पुस्तकालय सुविधा: ग्रंथालय में नई शिक्षा नीति (NEP) के पाठ्यक्रम के अनुसार पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएँ ताकि छात्रों को अध्ययन में परेशानी न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी के जिला कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि महाविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द इन जनहित और छात्रहित की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं करता है, तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रबंधन की होगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समाचार 05 फोटो 05
1 किमी सड़क के लिए तरस रहे ग्रामीण, कीचड़ से भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं बच्चे, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी
शहडोल
बुढार जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटिया के डोंगरी टोला का रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और इसी मुश्किल रास्ते से होकर मासूम बच्चे स्कूल जाने को मजबूर हैं। समस्या प्रशासन तक पहुंचाने के लिए इन बच्चों ने भी नया तरीका इजाद किया है। बच्चों ने खुद अपने बदहाल रास्ते का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, देखते ही देखते वीडियो सुर्खियों में आ गया। बच्चों की यह पहल सवाल खड़ा कर रही है कि जब छोटे-छोटे बच्चे अपनी आवाज खुद उठाने को मजबूर हैं, तो आखिर जिम्मेदारों की नजर कब इस सड़क पर पड़ेगी।
अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटिया के डोंगरी टोला में सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए लंबे समय से परेशानी का सबब बनी हुई है। मुख्य सड़क से महज करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बसे इस टोले तक पहुंचने के लिए आज भी ग्रामीणों को कच्चे और खराब रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।
बारिश शुरू होते ही यही रास्ता कीचड़ और पानी से लबालब हो जाता है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। जिन हाथों में किताबें और कॉपियां होनी चाहिए, उन्हीं बच्चों को रोज कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल का सफर तय करना पड़ता है। कई बार रास्ते की हालत इतनी खराब हो जाती है कि दोपहिया वाहन तक निकलना मुश्किल हो जाता है।
मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह बदहाल रास्ता किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और प्रशासन से गुहार लगाई जा चुकी है। यहां तक कि अपनी मांग को लेकर ग्रामीण चुनाव बहिष्कार तक कर चुके हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका।
समाचार 06 फ़ोटो 06
लगातार हो रही बारिश से बनास नदी का बढ़ा जलस्तर, पुल के ऊपर से बह रहा पानी, सुरक्षा के कारण सड़क मार्ग किया बंद
शहडोल
जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह देवलौंद थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में बनास नदी उफान पर आ गई और पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। सूचना मिलते ही देवलौंद पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आवागमन रोकते हुए मार्ग को कुछ समय के लिए बंद करा दिया।
बनास नदी पर बना यह पुल शहडोल और सीधी जिले को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। इसी रास्ते से देवलौंद से ब्यौहारी सहित दोनों जिलों के बीच लोगों का आवागमन होता है। पुल के ऊपर पानी बहने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को रोक दिया। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण प्रशासन ने लोगों से पुल पार नहीं करने की अपील की है।
स्थिति की जानकारी मिलने पर तहसीलदार और देवलौंद थाना प्रभारी दिलीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि पुल के ऊपर पानी बहने के दौरान किसी भी स्थिति में इसे पार न करें। तेज बहाव के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बनास नदी का जलस्तर बढ़ा है। गुरुवार सुबह पुल के ऊपर पानी बहने लगा था, जिसके चलते तत्काल मार्ग बंद कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। बनास नदी का पुल दो जिलों की सीमा को जोड़ता है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
सिकल सेल-थैलेसीमिया बच्चों के लिए युवा टीम की पहल, रक्तदान शिविर में युवाओं ने किया रक्तदान
उमरिया
सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की मदद के उद्देश्य से युवा टीम उमरिया मध्यप्रदेश के द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बिरसिंहपुर पाली स्थित बिरासिनी मंदिर के मेला ग्राउंड के पास आयोजित इस शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंद बच्चों के लिए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
डॉ. मुकुल तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।युवा टीम उमरिया मध्यप्रदेश के हिमांशु तिवारी ने बताया कि सिकल सेल एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय-समय पर रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। युवा टीम उमरिया का प्रयास है कि जरूरतमंद मरीजों और बच्चों की मदद के लिए समाज के अधिक से अधिक युवा आगे आएं और रक्तदान के प्रति जागरूक हों।
उन्होंने कहा कि “रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की किरण बन सकता है। युवाओं की छोटी-सी पहल किसी परिवार के लिए बहुत बड़ी मदद साबित हो सकती है। युवा टीम उमरिया मध्यप्रदेश ने सभी रक्तदाताओं, स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों की सहायता और जनहित से जुड़े ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।
समाचार 08 फ़ोटो 08
घोरछत्र नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
उमरिया
नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम हड़हा स्थित घोरछत्र नदी में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी के निचले हिस्से में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। प्राथमिक दृष्ट्या शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शव जिस स्थान पर मिला है, वहां तक पहुंचना भी काफी मुश्किल बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मृतक कौन है और वह घोरछत्र नदी तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शव से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
समाचार 09
धूमधाम से निकली कलश वंदन यात्रा
समानता, समरसता और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है संत रविदास का जीवन, विधायक मनीषा सिंह ने शहडोल के जय स्तम्भ चौक स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ किया एवं ‘कलश यात्रा’ बैंड बाजे के साथ निकाली गई।