समाचार 01 फ़ोटो 01

रेलवे अंडरब्रिज में तीन फीट पानी, मजबूरी में जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार कर रहे ग्रामीण

*बिलासपुर-कटनी मार्ग के रेलवे अंडरब्रिज क्रमांक 60 की बदहाली से 15-20 गांव प्रभावित*

अनूपपुर

बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर स्थित रेलवे  अंडरब्रिज क्रमांक 60 इन दिनों आसपास के ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बने हुए हैं। बरसात के मौसम में अंडरब्रिज क्रमांक 60 में तीन फीट से अधिक पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, शिक्षकों-कर्मचारियों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस समस्या से हर्री, बर्री, भगतबांध, सेन्दुरी, चरतरिहा, बिजौड़ी, जल्दा टोला, पसला, मयटोला, मौहरी, अमगवां, महुदा, चांदपुर, छकाड़िया सहित लगभग 15 से 20 गांवों की आबादी प्रभावित हो रही है। इन गांवों के लोगों के लिए अनूपपुर शहर से जुड़ने का यह प्रमुख मार्ग है, लेकिन अंडरब्रिज में पानी भरने के कारण सामान्य आवागमन तक मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि अंडरब्रिज में कई दिनों तक पानी जमा रहने से लोग मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करते हैं। सबसे अधिक चिंता विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं, किसानों, कर्मचारियों, शिक्षकों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर है। ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन लगातार बना रहता है, ऐसे में रेलवे ट्रैक पार करना किसी बड़े हादसे को निमंत्रण देने से कम नहीं है।

ग्रामीणों ने सवाल किया है की यदि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई और किसी दिन रेलवे ट्रैक पार करते समय कोई दुर्घटना हो गई तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

अंडरब्रिज क्रमांक 60 से जुड़ा बिलासपुर-कटनी मार्ग का रेलवे रोड भी वर्तमान में अत्यंत जर्जर हालत में है। बारिश के कारण पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे पैदल चलना और दोपहिया अथवा अन्य वाहनों से आवागमन करना मुश्किल हो गया है। एक ओर अंडरब्रिज में पानी भरा है, वहीं दूसरी ओर वैकल्पिक मार्ग की स्थिति भी बदहाल है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज क्रमांक 60 में तत्काल पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए।

समाचार 02 फ़ोटो 02

धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का त्योहार, बहनों ने भाई की कलाई में राखी बांधकर मांगा रक्षा का वादा

अनूपपुर

भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन अनूपपुर जिले में सोमवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिले के अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी, बिजुरी, राजनगर, अमरकंटक सहित ग्रामीण अंचलों में सुबह से ही त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की, वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन के अवसर पर घरों में विशेष तैयारियां की गईं। महिलाओं और युवतियों ने रंग-बिरंगी राखियों से थालियां सजाईं, जिनमें रोली, चंदन, अक्षत, मिठाई और दीपक रखे गए। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों का तिलक कर आरती उतारी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान परिवारों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

शहर के प्रमुख बाजारों में भी रक्षाबंधन को लेकर भारी चहल-पहल रही। राखी, मिठाई, कपड़े और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। बच्चों और युवाओं में रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों द्वारा भी रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर पारंपरिक तरीके से पर्व मनाया। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी इस विशेष अवसर पर एक-दूसरे से मिलने पहुंचे। कई परिवारों ने रक्षाबंधन के अवसर पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।

रक्षाबंधन के इस पावन पर्व ने पूरे अनूपपुर जिले को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और आपसी रिश्तों की मिठास से सराबोर कर दिया। जगह-जगह लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और खुशियां बांटीं। कुल मिलाकर रक्षाबंधन का त्योहार जिलेभर में परंपरा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

समाचार 03 फ़ोटो 03

सावन की रंगत में रंगा बनगवां, मधुवन क्लब में उमड़ा महिलाओं का सैलाब, महिलाओं के उत्साह ने बांधा समां

अनूपपुर

सावन की फुहार, उत्साह से भरी महिलाएं और रंग-बिरंगे माहौल के बीच नगर परिषद बनगवां का भव्य सावन महोत्सव यादगार बन गया। मधुवन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को भव्य रूप दे दिया। कार्यक्रम स्थल पर देर तक उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय मंत्री दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। सावन एवं रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। मधुवन क्लब में महिलाओं की भारी भीड़ के चलते आयोजन स्थल पूरी तरह उत्सवी रंग में नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद बनगवां की अध्यक्ष एवं उपस्थित महिलाओं ने मंत्री दिलीप जायसवाल को यादगार स्वरूप मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के इस अवसर पर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने महिला सहभागिता और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

सावन महोत्सव में शामिल होने वाली महिलाओं के लिए नगर परिषद की ओर से स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। आयोजन में उमड़ी महिलाओं की बड़ी संख्या ने कार्यक्रम की सफलता पर मुहर लगा दी। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सावन और रक्षाबंधन के अवसर पर मंत्री दिलीप जायसवाल एवं उनकी धर्मपत्नी अर्चना जायसवाल ने कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं। साड़ी वितरण के दौरान महिलाओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। इस पहल ने आयोजन को और भी खास बना दिया। सावन महोत्सव महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के उत्साह, सम्मान और सहभागिता का बड़ा मंच बनकर सामने आया। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

ओजस्विनी ने देशसेवकों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र, थाने में पुलिसकर्मियों के साथ मनाया रक्षाबंधन

शहडोल

रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं महिला परिषद ओजस्विनी इकाई धनपुरी द्वारा धनपुरी थाना परिसर में देश एवं समाज की सुरक्षा में निरंतर समर्पित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता एवं उत्साह के साथ मनाया गया। ओजस्विनी की बहनों ने देशसेवा में समर्पित पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। 

रक्षाबंधन के इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। पुलिसकर्मी त्योहारों के अवसर पर भी अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे देशसेवकों के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके प्रति सम्मान प्रकट करने की एक भावपूर्ण पहल रही।

इस अवसर पर मेहुल श्रीवास्तव जी ने भी सभी बहनों एवं देशसेवकों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा, “व्यक्तिगत कारणों से मैं इस अवसर पर उपस्थित नहीं हो सका, लेकिन भावनात्मक रूप से मैं अपनी सभी बहनों के साथ हूं। मैं सभी बहनों को रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। देश और समाज की सुरक्षा में समर्पित हमारे पुलिसकर्मी हमारे लिए सम्मान और गौरव का विषय हैं। उनके साथ रक्षाबंधन मनाना निश्चित रूप से एक सराहनीय एवं भावपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक दायित्व की भावना का प्रतीक भी है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05

बुजुर्ग दंपति पर सरिया से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार,  दो साल पुरानी रंजिश में किया वारदात

उमरिया

जिले के चिल्हारी गांव में 25 अगस्त को बुजुर्ग दंपति पर सरिया से हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी सत्यम साहू 23 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में करीब दो वर्ष पुरानी रंजिश सामने आई है। तस्वीर में अमरपुर चौकी उमरिया के बाहर पुलिसकर्मी और सिविल कपड़ों में खड़े लोग एक संदिग्ध व्यक्ति के साथ नजर आ रहे हैं। उमरिया के इंदवार थाना क्षेत्र की अमरपुर चौकी अंतर्गत चिल्हारी गांव में बुजुर्ग दंपति पर दिनदहाड़े सरिया से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सत्यम साहू (23) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हमले में घायल जानकी और मोहन का कटनी में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त को चिल्हारी गांव के बाजार में किसी पुरानी बात को लेकर सत्यम साहू और मोहन के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर सरिया से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हमले में जानकी और मोहन के सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें कटनी रेफर किया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही अमरपुर चौकी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपी की तलाश में जुट गई। लगातार छानबीन के बाद पुलिस ने सत्यम साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के पीछे करीब दो वर्ष पुरानी रंजिश बताई जा रही है। लगभग दो साल पहले सत्यम कथित रूप से चोरी के इरादे से मोहन के घर में घुसा था। इस मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। इसी घटना को लेकर सत्यम और मोहन के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। 25 अगस्त को पुरानी बात फिर सामने आने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और सत्यम ने सरिया से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। एसडीओपी पीएस परस्ते ने बताया कि आरोपी सत्यम साहू को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

समाचार  06 फ़ोटो 06

युवा टीम की संवेदनशील पहल, राखी बाँधकर बहनों को दिया स्नेह, सम्मान और अपनत्व का उपहार

उमरिया

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर युवा टीम उमरिया, मध्यप्रदेश द्वारा एक अनूठी एवं संवेदनशील पहल करते हुए जरूरतमंद बहनों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार प्रेम, स्नेह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों से राखी बंधवाकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को साझा किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की खुशियाँ बाँटी गईं।कार्यक्रम का उद्देश्य केवल राखी बंधवाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद बहनों तक स्नेह, अपनत्व और खुशियों का संदेश पहुँचाना था। युवा टीम के सदस्यों ने बहनों के साथ समय बिताया और उन्हें यह एहसास कराया कि समाज में उनके सुख-दुख को साझा करने वाले लोग भी उनके अपने हैं।इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी पंडित प्रकाश पालीवाल , पाली पुलिस से आरक्षक अमन गौतम जी एवं सुदीप पटेल तथा युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग रहा।

युवा टीम उमरिया के हिमांशु तिवारी ने बताया कि टीम द्वारा हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी जरूरतमंद बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी पर एहसान करना नहीं, बल्कि समाज की उन बहनों के साथ खड़ा होना है, जिन्हें स्नेह, सम्मान और अपनत्व की आवश्यकता है।उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास भले ही छोटा हो, लेकिन किसी जरूरतमंद बहन के चेहरे पर आई मुस्कान हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है। रक्षाबंधन हमें केवल रिश्तों को निभाने का नहीं, बल्कि इंसानियत के रिश्तों को मजबूत करने का संदेश भी देता है।कार्यक्रम में राहुल सिंह, नेहा सिंह, दामिनी प्रधान एवं रुद्र प्रधान सहित अन्य सहयोगियों की उपस्थिति रही। वहीं बहनों में रागिनी बैगा, रुक्मणी कोल, माधुरी कोल एवं संध्या कोल सहित लगभग 30 जरूरतमंद बहनों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान बहनों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी और मुस्कान ने पूरे आयोजन को भावपूर्ण बना दिया। राखी के इस पावन पर्व पर स्नेह और अपनत्व का यह प्रयास समाज में मानवता एवं भाईचारे का सुंदर संदेश देता नजर आया। सेवा, समर्पण और संवेदना के भाव के साथ भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

समाचार 07 फ़ोटो 07

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मनाया गया श्रावणी पर्व, पुरोहितों-ब्राह्मणों ने मां नर्मदा के रामघाट में लगाई पुण्य की डुबकी

अनूपपुर

प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रावण मास की पूर्णाहुति के अवसर पर शुक्रवार, 28 अगस्त 26 को श्रावण पूर्णिमा एवं शतभिषा नक्षत्र के पावन संयोग में श्रावणी पर्व श्रद्धा, आस्था और वैदिक परंपराओं के अनुरूप मनाया गया। इस अवसर पर नगर के पुरोहितों, ब्राह्मणों, पंडितों एवं विप्रजनों ने पतित पावनी पुण्य सलिला मां नर्मदा के रामघाट तट पर विधि-विधानपूर्वक श्रावणी कर्म संपन्न किया।

भारतीय सनातन परंपरा में श्रावण पूर्णिमा का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व माना गया है। यह दिवस वैदिक संस्कारों, ऋषि परंपरा, स्वाध्याय, संकल्प और आत्मशुद्धि से जुड़ा हुआ है। ब्राह्मण समाज द्वारा इस अवसर पर श्रावणी कर्म एवं उपाकर्म की परंपरा का निर्वहन किया जाता है। वैदिक परंपरा में श्रावण पूर्णिमा को ऋषियों के प्रति श्रद्धा अर्पित करने, वेदाध्ययन की पुनर्स्मृति तथा आत्मिक शुद्धि का पावन अवसर माना गया है।

श्रावणी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रातःकाल से ही रामघाट पर धार्मिक वातावरण दिखाई दिया। मां नर्मदा के तट पर पहुंचे पुरोहितों एवं ब्राह्मणों ने सर्वप्रथम पुण्य सलिला नर्मदा का स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक स्नान किया। नर्मदा की पवित्र जलधारा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद शास्त्रोक्त विधि से श्रावणी कर्म प्रारंभ किया गया।

रामघाट पर मंत्रोच्चार के साथ श्रावणी कर्म का आयोजन हुआ। वैदिक ऋचाओं एवं मंत्रों की गूंज से नर्मदा तट का वातावरण आध्यात्मिक हो उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्राचीन ऋषि परंपरा और वैदिक संस्कृति स्वयं मां नर्मदा के तट पर साकार हो उठी हो।

समाचार 08 फ़ोटो 08

जिला जेल में बहनों ने अपने भाई को बांधी राखी

शहडोल

जेल अधीक्षक जिला जेल शहडेाल ने जानकारी दी है कि मध्यपेदश शासन जेल विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल के आदेशानुसार जेलों में परिरूद्ध बंदी भाईयों को उनकी बहनों के द्वारा राखी बाँधने हेतु प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात कराने की अनुमति प्राप्त होने एवं जेल मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल के आदेश के परिपालन में रक्षाबन्धन के पावन अवसर पर जिला जेल शहडोल में निरूद्ध पुरूष बंदियों को उनकी बहनों से एवं महिला बंदियों को उनके भाई से सुबह 08ः00 बजे से दोपहर 03ः00 बजे तक खुली (प्रत्यक्ष) मुलाकात कर माथे में तिलक लगाकर राखियां बांधी। 180 पुरूष बंदी एवं 08 महिला बंदी कुल 188 बंदियों से उनके परिजन बहन/भाई एवं बच्चे सहित कुल 785 परिजनों ने प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात की हैं।

समाचार 09 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 29 को 

शहडोल 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे जन विश्वास शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त को जनपद पंचायत ब्यौहारी क्षेत्र के विभिन्न क्लस्टरों में जन विश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिसके नोडल अधिकारी एसडीएम ब्यौहारी सुश्री अर्चना मिश्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी सीईओ जनपद पंचायत ब्यौहारी होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्लस्टर आखेटपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन आखेटपुर में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आखेटपुर, खड्डा, खरपा, चरखरी, बरहा टोला, बोचरो, भमरहा प्रथम, मैरे टोला, रसपुर, सरवाही कला एवं साखी ग्राम शामिल हैं। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget