समाचार 01 फ़ोटो 01
टोरंट पॉवर के 922 एकड़ भूमि का मामला केंद्र तक पहुंचा, एनजीटी ने टोरेंट पावर समेत अन्य लोगो को भेजा नोटिस, मांगा जवाब
*रक्सा-कोलमी-दैकाल थर्मल पावर प्रोजेक्ट के जमीन हस्तांतरण से लेकर पर्यावरण मंजूरी तक उठे सवाल*
अनूपपुर।
जिले के रक्सा, कोलमी और दैकाल क्षेत्र में प्रस्तावित टोरेंट पावर के 2×800 मेगावाट क्षमता वाले कोल आधारित अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्रोजेक्ट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। करीब 1600 मेगावाट के इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट से जुड़ी 922 एकड़ भूमि के हस्तांतरण और पर्यावरणीय स्वीकृति को लेकर मामला अब केंद्र सरकार और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) तक पहुंच गया है।
अनूपपुर तहसील के रक्सा और कोलमी क्षेत्र की लगभग 476.788 हेक्टेयर, यानी करीब 922 एकड़ भूमि को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं। शिकायत के अनुसार यह भूमि पूर्व में पावर प्लांट की स्थापना के उद्देश्य से किसानों से अधिग्रहित की गई थी। आरोप है कि सितंबर 2025 में न्यू जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा यह भूमि टोरेंट पावर लिमिटेड को हस्तांतरित कर दी गई।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य बुद्धसेन राठौर ने इस संबंध में 7 अगस्त 2026 को केंद्र सरकार के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में राष्ट्रीय पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति-2007 के प्रावधानों का हवाला देते हुए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई गई है। आरोप लगाया गया है कि कंपनी परिवर्तन के बाद प्रभावित किसानों के लिए नए सिरे से मुआवजे और पुनर्वास संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं किया गया।
शिकायत के बाद भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। विभाग के निदेशक सर्वदानंद बरनवाल ने 13 अगस्त 2026 को मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव, राजस्व को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच और संबंधित रिकॉर्ड के सत्यापन की आवश्यकता बताई है। पत्र में NRRP-2007 की प्रयोज्यता, वर्ष 2012 के पुनर्वास आदेश तथा 13 जून 2025 को हुई बैठक की वैधानिक स्थिति की जांच का उल्लेख किया गया है। इसकी प्रति कलेक्टर अनूपपुर को भी भेजी गई है।
इधर, इसी परियोजना को 17 अप्रैल 2026 को मिली पर्यावरणीय स्वीकृति को भी एनजीटी में चुनौती दी गई है। बुद्धसेन राठौर द्वारा दायर अपील क्रमांक 13/2026 पर 25 अगस्त को एनजीटी की सेंट्रल जोन बेंच, भोपाल में सुनवाई हुई। जस्टिस शेओ कुमार सिंह और सुधीर कुमार चतुर्वेदी की बेंच ने टोरेंट पावर सहित सभी संबंधित प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
एनजीटी ने पक्षकारों को छह सप्ताह के भीतर ई-फाइलिंग पोर्टल पर खोज योग्य पीडीएफ प्रारूप में दस्तावेज और जवाब दाखिल करने को कहा है। अपीलकर्ता को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक दस्तावेजों की तामील कराने के निर्देश दिए गए हैं। मामले से जुड़े देरी माफी, अंतरिम राहत और अनुवादित दस्तावेजों से संबंधित आवेदनों पर भी नोटिस जारी किया गया है। मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर 2026 को निर्धारित की गई है। अब इस मामले में केंद्र सरकार के स्तर पर होने वाला रिकॉर्ड सत्यापन और एनजीटी में दाखिल होने वाले जवाब महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
समाचार 02 फ़ोटो 02
दो मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर, दो की लोगो की घटनास्थल में हुई मौत, महिला समेत दो बच्चे घायल
*घायलो का जिला अस्पताल में चल रहा है इलाज*
अनूपपुर
कोतमा थाना क्षेत्र के कोतमा-निगवानी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक महिला और उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सड़क से उठाकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचाया, जहां घायलों का प्राथमिक उपचार बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जहां रात में पहुंचे घायलों का ड्यूटी डॉक्टर ने जांच की बाद इलाज आरंभ कर दिया है। हालांकि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच करते दोनों शवों का पोस्टमार्डम कराकर शव को दाह संस्कार के लिए परिजनों को कराया जाएगा।
दुर्घटना में मृतक की पहचान 45 वर्षीय मनोज केवट, निवासी ग्राम जमुनिया थाना केशवाही जिला शहडोल और 35 वर्षीय मान सिंह पुत्र छोटेलाल सिंह निवासी रेउला कोतमा अनूपपुर के रूप में हुई है। मृतक मनोज केवट का चचेरा साला संदीप केवट निवासी बेलिया कोतमा ने बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर उसकी चचेरी बहन दोपहर अपने पति मनोज एवं दो बच्चे 10 वर्षीय मयंक केवट और 7 वर्षीय सत्यम केवट के साथ उसके घर आई थी, जहां राखी बांधकर अपने मायका छतई मन्टोलिया जा रही थी, अभी वह बेलिया से 10-12 किलोमीटर दूर ही गई थी कि घर पर सूचना मिली कि उसकी बहन का दुघर्टना हो गई है, जब तक घटना स्थल पहुंचते लोगों ने सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया था, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा पहुंचकर देखा तो बहन के साथ दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल थे, वहीं घटना में घायल हुए मनोज केवट की भी मौत हो गई थी। जबकि इसी घटना में दूसरे बाइक सवार मान सिंह निवासी रेऊला कोटमी से अपने बच्चों और पत्नी को उनकी नानी के घर छोड़कर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान निगवानी रोड स्थित ग्राम ठोडहा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार की मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा के डॉक्टरों ने महिला की हालत को गंभीर बताते प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल ही जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में महिला के साथ दोनों बच्चों को भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन का त्योहार, बहनों ने भाई की कलाई में राखी बांधकर मांगा रक्षा का वादा
अनूपपुर
भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन जिले में सोमवार को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिले सहित ग्रामीण अंचलों में सुबह से ही त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की, वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर जीवनभर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन के अवसर पर घरों में विशेष तैयारियां की गईं। महिलाओं और युवतियों ने रंग-बिरंगी राखियों से थालियां सजाईं, जिनमें रोली, चंदन, अक्षत, मिठाई और दीपक रखे गए। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों का तिलक कर आरती उतारी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान परिवारों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
शहर के प्रमुख बाजारों में भी रक्षाबंधन को लेकर भारी चहल-पहल रही। राखी, मिठाई, कपड़े और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। बच्चों और युवाओं में रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों द्वारा भी रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर पारंपरिक तरीके से पर्व मनाया। दूर-दराज में रहने वाले भाई-बहन भी इस विशेष अवसर पर एक-दूसरे से मिलने पहुंचे। कई परिवारों ने रक्षाबंधन के अवसर पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।
रक्षाबंधन के इस पावन पर्व ने पूरे जिले को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और आपसी रिश्तों की मिठास से सराबोर कर दिया। जगह-जगह लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और खुशियां बांटीं। कुल मिलाकर रक्षाबंधन का त्योहार जिलेभर में परंपरा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अवैध रूप से सागौन के दरवाजे ले जा रही एक पिकअप को वन विभाग की टीम ने किया जप्त
उमरिया
वन परिक्षेत्र उमरिया की टीम ने रात अवैध रूप से सागौन के दरवाजे ले जा रही एक पिकअप को जप्त किया है। वाहन से सागौन के चार दरवाजे बरामद हुए हैं। दरवाजों से संबंधित कोई दस्तावेज चालक के पास नहीं मिले। वन विभाग ने पिकअप को सुरक्षित डिपो में खड़ा कराकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नौरोजाबाद की ओर से पिकअप क्रमांक एमपी 21 जी 1611 दरवाजे लोड कर उमरिया की तरफ आ रही थी। वन विभाग की टीम ने नेशनल हाईवे-43 पर वाहन को रोकने का प्रयास किया। टीम को देखकर चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन वन विभाग के कर्मचारियों ने पीछा कर स्वर्णिम गार्डन के पास पिकअप को रोक लिया।
पिकअप पूरी तरह पैक थी और उसमें सामान को तिरपाल से बांधा गया था। वन विभाग की टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें सागौन के चार दरवाजे मिले। इनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। मौके पर चालक से दरवाजों के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
वन विभाग ने वाहन को जप्त कर डिपो में सुरक्षित खड़ा कराया है। हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में वाहन के नौरोजाबाद क्षेत्र से आने की जानकारी सामने आई है। वाहन किसी अशोक गुप्ता का बताया जा रहा है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि सागौन के दरवाजे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था।
समाचार 05 फोटो 05
सड़क मार्ग पर वीडियो बना रहे कार चालक पर भीड़ देखकर बाघिन ने हमला करने के लिए लगाई दौड़, मचा हड़कंप
उमरिया
जिले से लगे घुंनघुटी वन परिक्षेत्र में इन दिनों वन्य जीवों की आवाजाही बढ़ गई है, इसी बीच घुंनघुटी और शहडोल के बीच ऋतुवन ढाबा के पास नेशनल हाईवे 43 पर एक बाघिन दिखाई देने की सूचना से राहगीरों में हड़कंप मच गया, हरे भरे जंगल से निकाल कर बाघिन सड़क पार करते नजर आई, मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसका वीडियो बनाना शुरू किया, लोगों की भीड़ बढ़ने पर बाघिन अचानक आक्रामक नजर आई और मुंह खोलकर लोगों की तरफ दौड़ पड़ी, इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति भी बन गई।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है, वीडियो में बाघिन सड़क के पास दिखाई दे रही है, बाघिन को देखने के लिए लोगों ने अपने वाहनों को रोक दिए, जिसके कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर भी जाम हो गया था।
घुंघुटी रेंजर धरमु सिंह ने बताया कि, नेशनल हाईवे 43 के पास एक बाघिन दिखाई देने की सूचना मिली थी, उन्होंने यह भी बताया कि, बाघिन के साथ उसके बच्चे भी हैं, वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और बाघिन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, वहीं सुरक्षा के लिए वन अमला मौके पर तैनात भी है।
स्थानीय निवासी विपिन शिवहरे ने बताया कि, घुंनघुटी क्षेत्र के आसपास कुछ समय से बाघिन और अन्य जीवों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है, घुंनघुटी से शहडोल के बीच हरे-भरे जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, इसके अलावा शहडोल-मजगामा से घुंनघुटी के बीच तथा घुनघुटी से जमुडी, पतनार खुर्द और आसपास की जंगल क्षेत्र में भी वन्यजीवों की आए दिन दिखाई देते हैं, घुनघुटी से गांधीग्राम के बीच बाघिन का मूवमेंट देखने को मिला है। ऐसा माना जाता है, यदि बाघिन अपने बच्चों के साथ हो और उसे खतरा महसूस होता है तो वह अधिक आक्रामक हो सकती है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
मोबाईल दुकान में चोरी का सामान जब्त, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
चौकी वेंकटनगर पुलिस द्वारा मोबाईल दुकान में चोरी का किया गया खुलासा,आरोपी गिरफ्तार मोबाईल एवं अन्य सामान कीमती लगभग 120000/- रूपये बरामद किया है।
रावेन्द्र गुप्ता पिता राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सिंघौरा थाना जैतहरी जिला अनूपपुर द्वारा पुलिस चौकी वेंकटनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सिंघौरा में मेरी मोबाईल दुकान है, सुबह दुकान खोला तो देखा कि मेरी दुकान के पीछे का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था एवं दुकान के पीछे ओर की टीन सेट उखडा हुआ था। दुकान से लगभग 8 मोबाइल, 07 नग बड्स ब्लूटूथ, 05 नग चार्जर एडाप्टर एवं केबल, 09 नग नेक बेंड ब्लूटूथ हेडफोन एवं कुछ नगद रूपये नही थे चोरी हो गये थे, कोई अज्ञात व्यक्ति दुकान का टीन सेट उखाडकर दुकान में घुसकर मेरा उपरोक्त सामान कीमती लगभग 120000/- रूपये का चोरी हो गया है,पुलिस ने अपराध क्र.295/26 धारा 331(4), 305(a) BNS का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मुखबिर से सूचना के आधार पर संदेही को अभिरक्षा में लेकर पूछतांछ की गई जो पूछतांछ पर अपना नाम राजा शंकर शाह परस्ते पिता रमेश सिंह उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम कपरिया थाना जैतहरी को होना बताया एवं ग्राम सिंघौरा मोबाईल दुकान में घुसकर चोरी करना एवं चोरी किये हुये मोबाईल, हेडफोन, चार्जर एवं पैसा अपने घर के कमरे में झोला में भरकर रखना बताया। आरोपी की निशादेही पर चोरी का सामान व नगद 415 रूपये को जप्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया जिसे न्यायालय ने आरोपी को जेल भेज दिया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
जनप्रतिनिधियो व अधिकारियों ने ऐतिहासिक गोदवाल धाम का किया भ्रमण
शहडोल
सांसद संसदीय क्षेत्र सीधी डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री शरद कोल, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने आज जनपद पंचायत ब्यौहारी के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण एवं ऐतिहासिक गोदवाल धाम का भ्रमण किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गोदवाल धाम में स्थापित मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर नागरिकों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
भ्रमण के दौरान गोदवाल धाम को और अधिक विकसित करने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर को अवगत कराया गया कि गोदवाल धाम में प्रत्येक वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर मेले का आयोजन किया जाता है, ट्रस्ट समिति गठित की गई है, सहित अन्य गोदवाल धाम के बारे में जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री अर्चना मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
समाचार 08 फ़ोटो 08
बढ़े बस किराए से छात्रों पर बढ़ा आर्थिक बोझ, विधायक से लगाई गुहार, पास व्यवस्था की मांग
शहडोल
महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए बढ़ता बस किराया अब गंभीर आर्थिक परेशानी का कारण बनता जा रहा है। दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्रतिदिन बसों के माध्यम से शहडोल पहुंचकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने बढ़े हुए किराए को लेकर चिंता जताई है। इसी समस्या को लेकर छात्र-छात्राओं ने जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह को मांग पत्र सौंपकर विद्यार्थियों के लिए रियायती बस किराया लागू करने तथा प्रभावी विद्यार्थी बस पास व्यवस्था शुरू कराने की मांग की है
छात्रों का कहना है कि शहडोल जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से अध्ययन करने आते हैं। इनमें कई विद्यार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति सीमित है। ऐसे में लगातार बढ़ता परिवहन खर्च उनके परिवारों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रहा है। विद्यार्थियों के अनुसार बस किराए में हुई वृद्धि का सीधा असर उनकी नियमित पढ़ाई और उच्च शिक्षा जारी रखने की क्षमता पर पड़ रहा है।
छात्रों का कहना है कि पढ़ाई के साथ-साथ प्रतिदिन इतना अधिक परिवहन खर्च वहन करना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए कठिन होता जा रहा है। यदि किराए में राहत नहीं मिलती है तो कई विद्यार्थियों को नियमित रूप से कॉलेज आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
छात्र-छात्राओं द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर विधायक मनीषा सिंह ने भी पहल करते हुए मुख्य जिला परिवहन अधिकारी को पत्र लिखा है। विधायक ने विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उनके बस किराए में डिस्काउंट देने की बात कही है। साथ ही छात्रों की मांगों को प्रशासनिक एवं शासन स्तर पर रखने का आश्वासन भी दिया गया है।