छात्रों ने खोला मोर्चा, स्कूल में पानी टपकने से परेशान छात्र पहुँच गए कलेक्टर से मिलने, कहा हमारी समस्या सुनिए साहब
शहडोल
शहडोल में एक बार फिर छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। कक्षा 11वीं आर्ट के छात्र-छात्राएं स्कूल से पैदल कलेक्ट्रेट पहुंच गए और कलेक्टर से दो टूक कहा, पहले हमारी समस्या सुनिए कलेक्टर साहब अरबसीधे मुलाकात कर अपनी समस्या बताने पर अड़ गए।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें जर्जर स्कूल भवन में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है, जहां बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है और कई बार क्लासरूम में पानी तक भर जाता है। बारिश के बीच पानी टपकते क्लासरूम में पढ़ाई करने को मजबूर छात्रों का कहना है कि किताब-कॉपी और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे हालात में किसी अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है।
छात्रों की सबसे बड़ी नाराजगी इस बात को लेकर है कि स्कूल की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो चुकी है, इसके बावजूद उन्हें वहां शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। छात्रों के मुताबिक नई बिल्डिंग का ठेकेदार द्वारा अभी तक हैंडओवर नहीं किया गया है, जिसके चलते तैयार भवन का उपयोग नहीं हो पा रहा और दूसरी ओर विद्यार्थी पुराने जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर हैं।
लगातार तीसरे दिन छात्रों के कलेक्ट्रेट पहुंचने से स्कूल भवन, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सवाल यह है कि जब नई बिल्डिंग तैयार है, तो आखिर छात्र-छात्राओं को जर्जर भवन में कब तक पढ़ाया जाएगा और तैयार भवन का हैंडओवर कब होगा।
वही इस पूरे मामले में उत्कर्ष विद्यालय और रघुराज विद्यालय क्रमांक-2 के प्रभारी प्राचार्य मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि सीमित कक्षा होने के कारण क्लासरूम में पानी भर गया है, उसकी सफाई करा व्यवस्था बनाई जा रही थी , तभी बच्चे बिना बताए चले गए।
