छात्र-छात्राओं ने स्वर्ण व रजत पदक जीतकर बढ़ाया मान, बना ओवरऑल उपविजेता, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में होगा चयन
*खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर*
शहडोल
अशोकनगर में 3 से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय जूनियर सेपकटकरा प्रतियोगिता में शहडोल जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए शहडोल ने ओवरऑल उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
जिला सेपकटकरा संघ के सचिव रामकिशोर चौरसिया ने बताया कि प्रतियोगिता में शहडोल के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। बालक वर्ग ने टीम इवेंट में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि रेगु इवेंट में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं बालिका वर्ग ने क्वाड इवेंट में रजत पदक अर्जित कर टीम को ओवरऑल उपविजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जूनियर राज्य स्तरीय सेपक टेकरा प्रतियोगिता में सेंट्रल एकेडमी विद्यालय के 2 छात्र 3 छात्रा शामिल थे व विजयी रहे जिसमें 4 सिल्वर मेडल 2 गोल्ड मेडल प्राप्त किया गया ।
संघ के सहसचिव संजय सिंह कंघीकार ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले से 12 बालक एवं 11 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय जूनियर सेपकटकरा प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा, जिससे जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के दौरान शहडोल जिले के चार प्रशिक्षकों संजय सिंह कंघीकार, पंकज सिंह राजपूत, इशिका वर्मा एवं साहिल जायसवाल का चयन निर्णायक मंडल (रेफरी) के रूप में किया गया। रामकिशोर चौरसिया ने मुख्य टीम मैनेजर, अमृतांजलि पटेल ने बालिका कोच तथा उत्तम हलवाई ने बालक कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इस शानदार उपलब्धि पर जिला सेपकटकरा संघ के अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा, सचिव रामकिशोर चौरसिया, सहसचिव संजय सिंह कंघीकार, शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के संचालक राजन शर्मा, टाइम पब्लिक स्कूल की प्राचार्य रूबी जितेंद्र शुक्ला, सेंट्रल एकेडमी स्कूल के प्राचार्य संजय मिश्रा सहित खिलाड़ियों के परिजनों एवं खेल प्रेमियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
