समाचार 01 फ़ोटो 01
प्राथमिक विद्यालय में समय से पहले स्कूल में ताला जड़कर गायब हुए शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल
*छात्रों ने खोली स्कूल की सच्चाई*
अनूपपुर
जिले के जनपद अनूपपुर के शासकीय प्राथमिक विद्यालय दलदल में शिक्षा विभाग के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। जहाँ एक ओर सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए बड़े-बड़े प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार शिक्षक ही निर्धारित समय से पहले विद्यालय बंद कर अपने कर्तव्यों से पल्ला झाड़ रहे हैं। इस लापरवाही के कारण न केवल बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, बल्कि सरकारी नियमों की धज्जियाँ भी उड़ाई जा रही हैं।
*निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले ही लगा ताला*
शिक्षा विभाग के नियमानुसार शासकीय प्राथमिक विद्यालयों का संचालन सुबह 10:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक होना अनिवार्य है। लेकिन दलदल प्राथमिक विद्यालय का हाल कुछ और ही है। विद्यालय का समय समाप्त होने के काफी पहले ही दोपहर 3:00 बजे स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ मिला और शिक्षक परिसर से नदारद थे। अपनी जिम्मेदारी छोड़कर समय से पहले स्कूल बंद करने की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
*शिक्षक का अजीब तर्क, बीएलओ कार्य का बहाना*
जब स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों ने वहां मौजूद शिक्षक सेO समय से पूर्व विद्यालय बंद करने का कारण पूछा, तो उनका जवाब बेहद गैर-जिम्मेदाराना था। शिक्षक ने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए सारा दोष बीएलओ कार्य पर मढ़ दिया। उनका कहना था कि उन्हें चुनाव संबंधी कार्य करना है, इसलिए उन्होंने स्कूल जल्दी बंद कर दिया। हालांकि, शिक्षण कार्य के दौरान अन्य प्रशासनिक कार्यों को प्राथमिकता देना शिक्षा नियमों के विरुद्ध है।
*छात्रों ने खोली सच्चाई, रोज की है मनमानी*
विद्यालय में अध्ययनरत मासूम बच्चों से जब इस संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने जो बताया वह बेहद चौंकाने वाला था। बच्चों के अनुसार, विद्यालय का 3:00 बजे बंद हो जाना कोई इकलौती घटना नहीं है, बल्कि यहां की एक नियमित प्रक्रिया बन चुकी है। छात्रों का कहना है कि रोज ही स्कूल समय से पहले बंद कर दिया जाता है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।
*कार्रवाई की मांग*
जिले के इस प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की इस घोर लापरवाही ने बच्चों के भविष्य को अधर में डाल दिया है। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है, इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इनका कहना है।
विद्यालय का समय 10 से शाम 4:30 बजे तक है अगर शिक्षक ने समय से पूर्व विद्यालय बंद किया है तो कार्रवाई की जाएगी।
*रघुवंश प्रसाद नागेश, संकुल प्रभारी*
समाचार 02 फ़ोटो 02
टक्कर से युवक की हुई मौत, महिला घायल, लोगों ने ट्रैक्टर में लगा दी आग, सड़क पर शव रखकर जताई नाराजगी
शहडोल
जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के पाथर गांव में अवैध रेत परिवहन से जुड़ी एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। जयसिंहनगर क्षेत्र के दरैन निवासी एक युवक की रेत से लदे ट्रैक्टर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रेत से लदे ट्रैक्टर में आग लगा दी और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस पर अवैध उत्खनन को सह देने के आरोप लग रहे हैं। मौके पर पुलिस बल और गोहपारू थाना प्रभारी पहुंचे, लेकिन तब तक हालात काफी तनावपूर्ण हो चुके थे। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रैक्टर मालिक की तत्काल गिरफ्तारी और अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत का कारोबार खुलेआम चल रहा है, जिसकी जानकारी सबको है। रेत से भरे वाहनों से नियमित वसूली की जाती है, जिसके कारण खनन माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। यदि समय रहते अवैध खनन और तेज रफ्तार रेत वाहनों पर सख्ती की गई होती तो एक युवक की जान नहीं जाती। लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दुर्घटना में शामिल रेत से लदा ट्रैक्टर ग्राम लामर किसी यादव नामक व्यक्ति का है। उल्लेखनीय है कि 30 जून के बाद भी प्रदेश में प्रतिबंध के बावजूद कई क्षेत्रों में अवैध रेत खनन और परिवहन जारी है।
समाचार 03 फ़ोटो 03
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, चोरी की 8 मोटरसाइकिल बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली पुलिस लंबे समय से मोटरसाइकिल चोरी के मामलों की जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील वर्मा 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोटमा, थाना सोहागपुर; मोहम्मद अहमद 38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 4, कल्याणपुर, थाना कोतवाली; शुभम सरवारी उर्फ पापे 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 28, सौखी मोहल्ला, थाना कोतवाली; सुधीर केवट उर्फ छोटू 32 वर्ष, निवासी जमुई, थाना सोहागपुर, सागर जायसवाल उर्फ शिवम जायसवाल 24 वर्ष, निवासी जमुई, थाना सोहागपुर तथा विजय जायसवाल 31 वर्ष, निवासी जमुई, थाना सोहागपुर शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। बरामद मोटरसाइकिल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा।
समाचार 04 फ़ोटो 04
2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा से स्थायी छूट देने की मांग, सांसद को सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिला अनूपपुर ने वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के हितों की रक्षा को लेकर लोकसभा क्षेत्र शहडोल की सांसद हिमाद्री सिंह को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने मांग की है कि 23 अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से स्थायी रूप से मुक्त किया जाए तथा उनकी सेवा, वरिष्ठता, पदोन्नति और अन्य सेवा लाभों को पूर्ण संरक्षण प्रदान किया जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा 23 अगस्त 2010 को जारी अधिसूचना और 29 मई 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद देशभर के लाखों शिक्षकों में भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। शिक्षक संघ का तर्क है कि किसी भी नए नियम या पात्रता मानदंड को पूर्व प्रभाव से लागू करना न्यायसंगत नहीं होगा, क्योंकि इन शिक्षकों की नियुक्तियां उस समय प्रभावी नियमों के अनुरूप की गई थीं।
संघ ने सांसद से केंद्र सरकार के समक्ष विषय उठाकर आवश्यक विधायी या नीतिगत हस्तक्षेप कराने का आग्रह किया है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने वाले शिक्षकों के अनुभव और योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए तथा उनके परिवारों के भविष्य को अनिश्चितता में नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में 23 अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET से स्थायी छूट, सेवा एवं वरिष्ठता का पूर्ण संरक्षण, आवश्यक होने पर विधायी संशोधन तथा सभी राज्यों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग शामिल की है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
स्वर्ण व रजत पदकों की चमक से बढ़ाया जिले का मान, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन
*शहडोल बना ओवरऑल उपविजेता*
शहडोल
अशोकनगर में 3 से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित 12वीं राज्य स्तरीय जूनियर सेपकटकरा प्रतियोगिता में शहडोल जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए शहडोल ने ओवरऑल उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
जिला सेपकटकरा संघ के सचिव रामकिशोर चौरसिया ने बताया कि प्रतियोगिता में शहडोल के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। बालक वर्ग ने टीम इवेंट में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि रेगु इवेंट में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं बालिका वर्ग ने क्वाड इवेंट में रजत पदक अर्जित कर टीम को ओवरऑल उपविजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जूनियर राज्य स्तरीय सेपक टेकरा प्रतियोगिता में सेंट्रल एकेडमी विद्यालय के 2 छात्र 3 छात्रा शामिल थे व विजयी रहे जिसमें 4 सिल्वर मेडल 2 गोल्ड मेडल प्राप्त किया गया ।
संघ के सहसचिव संजय सिंह कंघीकार ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले से 12 बालक एवं 11 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय जूनियर सेपकटकरा प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा, जिससे जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के दौरान शहडोल जिले के चार प्रशिक्षकों संजय सिंह कंघीकार, पंकज सिंह राजपूत, इशिका वर्मा एवं साहिल जायसवाल का चयन निर्णायक मंडल (रेफरी) के रूप में किया गया। रामकिशोर चौरसिया ने मुख्य टीम मैनेजर, अमृतांजलि पटेल ने बालिका कोच तथा उत्तम हलवाई ने बालक कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इस शानदार उपलब्धि पर जिला सेपकटकरा संघ के अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा, सचिव रामकिशोर चौरसिया, सहसचिव संजय सिंह कंघीकार, शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के संचालक राजन शर्मा, टाइम पब्लिक स्कूल की प्राचार्य रूबी जितेंद्र शुक्ला, सेंट्रल एकेडमी स्कूल के प्राचार्य संजय मिश्रा सहित खिलाड़ियों के परिजनों एवं खेल प्रेमियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
समाचार 06 फ़ोटो 06
पवित्र नगरी में चार दिनों से झमाझम बारिश, मौसम हुआ अत्यंत सुहावना
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक में विगत चार दिनों से झमाझम मूसलाधार वर्षा का सिलसिला लगातार जारी है। अषाढ़ माह के आगमन के साथ ही क्षेत्र का मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है तथा प्रकृति अपने वास्तविक एवं मनोहारी स्वरूप में नजर आ रही है।
5 जुलाई 2026, रविवार से तेज गर्जना, बादलों की गड़गड़ाहट और रुक-रुककर हो रही मूसलाधार वर्षा का क्रम प्रारंभ हुआ, जो लगातार चौथे दिन 8 जुलाई 2026, बुधवार तक भी जारी रहा। वर्षा के कारण अमरकंटक आने वाले पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों की संख्या में सामान्य दिनों की अपेक्षा कमी देखी गई। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेती-किसानी के कार्यों, जुताई एवं बुवाई में जुट गए हैं, जिससे बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल दिखाई दी।
लगातार हो रही वर्षा, चारों ओर फैली हरियाली, बादलों की आवाजाही, घना कोहरा और रिमझिम फुहारों ने अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्र में बहते झरने, हरे-भरे वन और वर्षा से सराबोर प्राकृतिक दृश्य श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं प्रकृति प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
समाचार 07
सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत गिंजरी के सरपंच को किया पद से पृथक
उमरिया
सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 40 का प्रयोग करते हुए नन्हू सिंह सरंपच ग्राम पंचायत गिंजरी, जनपद पंचायत पाली को कर्तव्यों के प्रति घोर उपेक्षा किए जाने पर पद से पृथक कर दिया है।विदित हो कि ग्राम पंचायत गिंजरी जनपद पंचायत पाली अंतर्गत महात्मा गांधी राश्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से वित्तीय वर्श 2025- 26 में स्वीकृत कार्य अमृत सरोवर जोगी नाला ग्राम बरबसपुर ग्राम पंचायत गिंजरी के संबंध में सियाराम महरा ग्राम बरबसपुर व्दारा सीपी ग्राम पोर्टल पर ट्रेक्टर ट्राली कि भाडा राशि 219300 लगभग 8 माह से भुगतान हेतु लंबित है। आवेदन पत्र व कलेक्टर, कमिश्नर जनसुनवाई मे आवेदन किया गया , किंतु ग्राम पंचायत में राशि उपलब्ध होने के पश्चात भी सरपंच एवं सचिव व्दारा भुगतान नही किया गया। जिस पर यह कार्यवाही की गई है।
समाचार 08
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी ने मरीज को 5 हजार दी आर्थिक सहायता
उमरिया
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा उमरिया ने मानवीय सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए गंभीर बीमारी से पीड़ित एक जरूरतमंद मरीज के उपचार के लिए 5,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। ग्राम पटौरियाखुर्द, तहसील बिलासपुर निवासी नरेश महर ने रेडक्रॉस सोसायटी को आवेदन देकर बताया था कि उनकी माता श्रीमती रत्नी बाई महर लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उनका उपचार उमरिया, शहडोल, जबलपुर और नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में कराया जा चुका है। चिकित्सकों ने उनके ऑपरेशन की सलाह दी है, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने तथा मजदूरी पर निर्भर रहने के कारण उपचार का खर्च उठाना संभव नहीं हो पा रहा था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला अध्यक्ष राखी सहाय के निर्देशानुसार रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा मरीज के उपचार के लिए 5,000 का सहायता चेक प्रदान किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रत्यूष श्रीवास्तव , जिला सचिव राकेश शर्मा,एवं सभापति अखिलेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। रेडक्रॉस सोसायटी ने कहा कि संस्था सदैव जरूरतमंद, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी मानव सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
समाचार 09
10 हजार रूपये का ईनाम घोषित
उमरिया
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भागवानी ने थाना पाली जिला उमरिया के गुम इंसान क्रमांक 56/22 दिनांक 10 अगस्त 2022 के गुमशुदा राजेश प्रजापति पिता स्व. छोटेलाल प्रजापति उम्र 23 साल निवासी वार्ड नंबर 9 थाना पाली पर उदघोषणा की है कि जो कोई व्यक्ति ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर गुमशुदा की दस्तयाबी संभव हो, उसे 10 हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। ईनाम वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक उमरिया का अंतिम निर्णय होगा।
समाचार 10
जिले में बीते 24 घंटे में 2.3 मिमी वर्षा
उमरिया
अधीक्षक भू अभिलेख ने बताया कि बीते 24 घंटे में 2.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बांधवगढ़ तहसील में 3.4 मिमी, चंदिया तहसील में 3.6 मिमी, करकेली तहसील में 5.8 मिमी, बिलासपुर तहसील में 3.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले में 1 जून से लेकर 8 जुलाई तक 217.4 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है जिसमें बांधवगढ़ तहसील में 270.7 मिमी, मानपुर तहसील में 142.1 मिमी, पाली तहसील में 254.4 मिमी, नौरोजाबाद तहसील 248.6 मिमी, चंदिया तहसील में 161.6 मिमी, करकेली तहसील में 275.6 मिमी, बिलासपुर तहसील में 168.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जबकि गत वर्ष इसी दिनांक तक जिले में कुल 498.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई थी जिसमें बांधवगढ़ तहसील में 467.2 मिमी, मानपुर तहसील में 460.3 मिमी, पाली तहसील में 457.2 मिमी, नौरोजाबाद तहसील 448.4 मिमी, चंदिया तहसील में 613.8 मिमी, करकेली तहसील में 424.1 मिमी, बिलासपुर तहसील में 616.8 मिमी वर्षा शामिल है।