लोकायुक्त ने स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
शहडोल
जिले में लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उफरी में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जयसिंहनगर बस स्टैंड पर की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार उमरिया जिले के पटनार खुर्द निवासी वीरेंद्र सिंह ने 18 मई 2026 को रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी पत्नी के सलग्नीकरण आदेश को निरस्त कराने और रवानगी नहीं देने के एवज में मेडिकल ऑफिसर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी पहले 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष 5 हजार रुपये की मांग कर रहा था। सत्यापन के आधार पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
आरोपी को तय स्थान पर बुलाया गया। जैसे ही उसने 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया और निरीक्षक एस. राम मरावी के नेतृत्व में की गई।
लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
