समाचार 01 फ़ोटो 01
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा वाटरशेड मिशन, रात के अंधेरे में अवैध ब्लास्टिंग से थर्राया गांव, घरों में आई दरारें
*देवरा का स्टॉप डैम बना ग्रामीणों के लिए 'काल'*
अनूपपुर
पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम देवरा मझगंवा में इन दिनों 'विकास' के नाम पर मौत का खेल खेला जा रहा है। बमणार नदी पर वाटरशेड मिशन के तहत निर्माणाधीन स्टॉप डैम ग्रामीणों के लिए सुविधा के बजाय दहशत का सबब बन चुका है। भ्रष्टाचार और घोर लापरवाही का आलम यह है कि नियमों को ताक पर रखकर घनी आबादी के बीच रात के सन्नाटे में भारी ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है। निर्माण कार्य में लागत कम करने और समय सीमा की आड़ में सुरक्षा मानकों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि रात के अंधेरे में भारी मात्रा में बारूद का इस्तेमाल किया जा रहा है। धमाकों के कारण पत्थर के बड़े टुकड़े उड़कर सीधे लोगों के घरों की छतों पर गिर रहे हैं।
कई ग्रामीणों के पक्के मकानों की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे घर कभी भी जमींदोज हो सकते हैं। धमाकों की गूंज और जान जाने के डर से ग्रामीण रात भर जागकर अपने मासूम बच्चों की सुरक्षा कर रहे हैं। ब्रेकर' का बहाना, 'बम' का निशाना।
विभागीय इंजीनियर सुशील मिश्रा की कार्यप्रणाली इस पूरे मामले में संदिग्ध नजर आ रही है। ग्रामीणों की शिकायतों पर मरहम लगाने के बजाय इंजीनियर साहब बेतुके तर्क दे रहे हैं। यदि निर्माण कार्य में नियमानुसार 'ब्रेकर' मशीन का उपयोग हो रहा है, तो पत्थर उड़कर छतों तक कैसे पहुँच रहे हैं? मौके पर बिखरा मलबा और क्षतिग्रस्त दीवारें चीख-चीख कर ब्लास्टिंग की गवाही दे रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
आबादी क्षेत्र में ब्लास्टिंग के लिए विस्फोटक अधिनियम के तहत जिला प्रशासन से अनुमति ली गई। कार्यस्थल पर अनिवार्य 'वर्क बोर्ड' (सूचना पटल) क्यों नहीं लगाया गया? लागत और ठेकेदार की जानकारी क्यों छिपाई जा रही है। जिम्मेदार अधिकारी आखिर ग्रामीणों की गुहार सुनने और फोन उठाने से क्यों कतरा रहे हैं। जनहित का दावा करने वाले सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पीड़ितों के नुकसान पर आँखें क्यों मूंद ली हैं।
यदि कार्य पारदर्शी है, तो ब्रेकर की लॉग-बुक और बिलों का भौतिक सत्यापन कराने से प्रशासन क्यों डर रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए निम्नलिखित मांगें रखी हैं की निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की जाए। पीड़ित परिवारों को उनके मकानों में हुए नुकसान का तत्काल मुआवजा मिले। दोषी इंजीनियर और ठेकेदार के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज हो।
समाचार 02 फ़ोटो 02
संकल्प ग्रुप ऑफ कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार संपन्न, वैश्विक दृष्टिकोण और नवाचार पर हुई सार्थक चर्चा
अनूपपुर
संकल्प महाविद्यालय कॉलेज में वैश्विक परिप्रेक्ष्य और नवाचार: भविष्य को आकार देना विषय पर एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक शिक्षा, नवाचार, शोध और अंतरराष्ट्रीय करियर अवसरों से जोड़ना तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना रहा।
आज के प्रतिस्पर्धी और तेजी से बदलते समय में विद्यार्थियों के लिए केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। उन्हें वैश्विक दृष्टिकोण, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और नई तकनीकों की समझ की आवश्यकता होती है। इसी सोच के साथ इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को विश्व स्तर की शिक्षा और अवसरों की जानकारी मिल सके।
सेमिनार में विदेशी विद्यार्थियों ने भारत में अपने अध्ययन अनुभव साझा करते हुए बताया कि भारतीय विश्वविद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक विविधता और व्यावहारिक ज्ञान का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि भारत में पढ़ाई करना उनके लिए सीख और अनुभव से भरपूर रहा है।
कार्यक्रम में चार देशों से आए अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने विशेष रूप से भाग लिया। ये सभी विद्यार्थी वर्तमान में भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययन कर रही हैं। विद्यार्थियों ने अपने देश की शिक्षा प्रणाली, संस्कृति और करियर अवसरों के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक भाग इंटरैक्टिव सत्र रहा, जिसमें भारतीय और विदेशी विद्यार्थियों ने खुलकर संवाद किया। चर्चा के प्रमुख विषयों में शामिल रहे। जिसमे वैश्विक शिक्षा प्रणाली और उच्च अध्ययन के अवसर, नई तकनीकों और नवाचार की भूमिका, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाएँ, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने के रास्ते।
समाचार 03 फ़ोटो 03
ऑल इंडिया वालीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट मैच का हुआ समापन, हरियाणा व उत्तराखंड की टीम ने मारी बाजी
अनूपपुर
ऑल इंडिया वालीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट का फाईनल मैच पौराधार वॉलीबॉल ग्राउंड मे 15 अप्रैल को संपन्न हुआ । समापन मैच का शुभारंभ भारत माता के छाया चित्र पर पुष्प सुमन अर्पित कर, दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रगान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत किया गया । कार्यक्रम मे महाप्रबंधक हसदेव क्षेत्र एसईसीएल मनोज विश्वनोई, भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम,अध्यक्ष नगर परिषद एवं जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया, हसदेव क्षेत्र श्रद्धा महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सरोज बाला बिश्नोई एवं समिति के अन्य महिला पदाधिकारियों के के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
सभी अतिथियों का आयोजकर्ता, फ्रेंड्स यूनियन क्लब पौराधार एवं परिषद कर्मचारियों द्वारा तिलक वंदन,माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। ऑल इंडिया व्हालीबॉल चैलेंजर्स टूर्नामेंट का आयोजन फ्रेंड्स यूनियन क्लब पौराधार के तत्वाधान, नगर परिषद डूमरकछार एवं संधान ट्रस्ट के सहयोग से किया गया, 04 दिनो से चल रहे टूर्नामेंट मे कुल 10 टीमो ने भाग लिया जिसमे डब्लूसीआर रेलवे जबलपुर,नदीयाड एकैडमी गुजरात, जयपुर (राजस्थान) देहरादून एकैडमी (उत्तराखंड) गुड़गांव (हरियाणा) एवं महिला टीम में रायपुर (छत्तीसगढ़) रविंद्र भारती एकैडमी (कोलकाता) उत्तराखंड एकेडमी गर्ल्स टीम, जयपुर (राजस्थान) और आर.एन.सी क्लब (नागपुर) की टीम शामिल रहे। समापन मैच मे पुरूष टीम हरियाणा विरुद्ध राजस्थान, महिला टीम उत्तराखंड विरुद्ध रायपुर के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ,जिसमे हरियाणा टीम ने 3-1 से राजस्थान, उत्तराखंड टीम में 3-0 से रायपुर को हराकर मैच के विजेता बने, पुरुष विजेता/उपविजेता टीम, महिला विजेता /उपविजेता टीम को नकद पारितोषिक और और ट्रॉफी प्रदान किया गया।
श्री विश्नोई महाप्रबंधक हसदेव क्षेत्र ने अपने संबोधन में कहा कि इस छोटे से जगह में इतना बड़ा आयोजन करना अपने आप में बड़ी बात है सीमित साधनों में आयोजन समिति ने इस कार्य को किया है। वही श्री चौरसिया ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा की इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओ को खेल के प्रति रूचि लाना और प्रोत्साहित करना था,खेल समाज का अभिन्न अंग है । खेल से व्यक्तित्व का विकास भी होता है ,खेल मे बेहतर प्रदर्शन आपको एक दिन राज्य और देश के लिए प्रतिनिधित्व का मौका भी दे सकता है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
जंगल के खेत मे महिला का मिला संदिग्ध हालत में शव, घटना स्थल में मिला मोबाइल, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
धनपुरी थाना क्षेत्र के सोनहा जंगल में स्थित एक खेत की झोपड़ी के पास 40 वर्षीय महिला का संदिग्ध हालत में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने शव देखा और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार शव के पास एक मोबाइल फोन मिला, जिसके आधार पर मृतका की पहचान फूल मति के रूप में की गई, जो अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि जहां शव मिला है, वह खेत जंगल के बीच स्थित है और वहां आमतौर पर कोई निवास नहीं करता।
ग्रामीणों ने बताया कि महिला का शव झोपड़ी के पास पड़ा था और उसके शरीर से खून निकल रहा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मर्ग कायम कर पुलिस हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला वहां कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, इसलिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ की हुई मौत, किया गया शव दाह, विभाग की जांच जारी
उमरिया
जिले के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व में फिर बाघ की मौत हुई हैँ। वर्ष 2026 बांधवगढ़ में बाघो के लिए अनुकूल नहीं साबित नहीं हो रहा है। बांधवगढ टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र पनपथा कोर की बीट बघडो में एक बाघ शावक के मृत होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना होने पर तत्काल एनटीसीए प्रोटोकॉल के अनुसार मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में डाग स्क्वाड बुलाकर क्षेत्र की सघन सचिग करायी जाकर मेटल डिटेक्टर से जांच करायी गई। उसके उपरांत निर्धारित एसओपी का पालन करते हुए वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, बांधवगढ टाइगर रिजर्व एवं खंड पशु चिकित्सा अधिकारी, मानपुर की टीम द्वारा शव परीक्षण किया गया। शव परीक्षण उपरांत विभागीय सक्षम अधिकारियों प्रभारी क्षेत्र संचालक एवं उपसंचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उमरिया , राजस्व अधिकारी, एनटीसीए प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में शवदाह किया गया। शव परीक्षण में प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण आपसी संघर्ष में मृत्यु होना पाया गया है। क्षेत्र में विभागीय कैंप हाथियों की सहायता से सर्च कराया जा रहा है तथा विवेचना जारी है।
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व सहित उमारिया जिले के सामान्य वन मण्डल में अब तक सात बाघ मारे जा चुके हैँ, जिनमे चार की मौत टाइगर रिज़र्व क्षेत्र सीमा पर एवं तीन सामान्य वन मण्डल की सीमा पर मारे गए है।
समाचार 06 फ़ोटो 06
12वीं 10वीं परीक्षा परिणाम में टाइम्स पब्लिक स्कूल ने फिर मारी प्रदेश में बाजी, छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
शहडोल
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में विद्यार्थियों ने इस वर्ष उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विशेष कर पिछले 10 वर्षों से शहडोल जिले में शिक्षा का क्षेत्र में अग्रणी संस्था टाइम्स पब्लिक स्कूल के छात्रों का कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों में ही उत्तीर्ण प्रतिशत संतोषजनक रहा है, जो विद्यार्थियों की मेहनत एवं टाइम्स स्कूल के प्राचार्य जितेंद्र शुक्ला एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
शहडोल टाइम्स पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता साबित की है। इस वर्ष विद्यालय की छात्रा निशिका गुप्ता ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया, जिससे स्कूल और जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। वहीं, जानवी उपाध्याय ने 95.8 प्रतिशत अंक के साथ जिला मेरिट में स्थान बनाया। कक्षा 10वीं में सृष्टि गौतम ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर लगातार तीसरे वर्ष विद्यालय को स्टेट मेरिट दिलाने का गौरव दिलाया है। वहीं विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह सफलता केवल अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी का परिणाम है। स्कूल "न छल, न कपट, न नकल-सिर्फ मेहनत" के सिद्धांत पर कार्य करता है, जिसका परिणाम छात्रों की उपलब्धियों में साफ दिखाई देता है। खास बात यह है कि छात्र IIT-JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ बोर्ड परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी विद्यालय की छात्रा तिथा जसूजा ने स्टेट मेरिट में स्थान बनाया था। इसके अलावा कई छात्रों का चयन MBBS और IIT-JEE में हुआ है। इस सफलता से स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावकों में खुशी की लहर है। मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले सफल विद्यार्थियों को लोगो ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
नगर में ‘स्वच्छता मिशन’ फेल, वार्ड 8 में सफाई व्यवस्था चरमराई , नहीं है डस्टबिन, लोग परेशान
अनूपपुर
कोतमा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 8 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। वार्ड में कचरा निस्तारण के लिए लगाए गए ट्विन-बिन (नीला और हरा डस्टबिन) या तो पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं हैं या फिर सही स्थानों पर स्थापित नहीं किए गए हैं। इसके कारण कचरा संग्रहण और उसके उचित निपटान की प्रक्रिया बाधित हो गई है, जिससे सड़कें, गलियां और खाली स्थान गंदगी से भरते जा रहे हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के उचित प्रबंधन ( निस्तारण )के लिए डस्टबिन व्यवस्था अनिवार्य मानी गई है, लेकिन वार्ड 8 में यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पा रही है। नतीजतन लोग मजबूरी में कचरा खुले स्थानों पर फेंक रहे हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है और मच्छरों का प्रकोप तेज हो गया है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी गंभीर रूप लेता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उषा त्रिपाठी और सविता सोनी ने आरोप लगाया कि सफाई के नाम पर बजट खर्च होने के बावजूद उसका लाभ जमीन पर दिखाई नहीं देता और पूरी व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह गई है। वहीं कुंज गुप्ता, बुल्लू सोनी और इकबाल हुसैन का कहना है कि नियमित सफाई और निगरानी के अभाव में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं तथा आवारा पशु भी कचरा फैलाकर समस्या को और गंभीर बना रहे हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया है कि वार्ड में स्थिति सुधारने के लिए नए डस्टबिन लगाने और ट्विन-बिन को उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही कचरा उठाव को नियमित और प्रभावी बनाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
समाचार 08 फ़ोटो 08
हाई स्कूल परीक्षा में अश्विनी मिश्रा ने 96.6 प्रतिशत हासिल कर नाम किया रोशन
अनूपपुर
मॉडल स्कूल कोतमा के होनहार छात्र अश्विनी मिश्रा ने हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा मे 500 में से 478 अंक हासिल कर 95.6 प्रतिशत लाकर विद्यालय तथा जिले का नाम रोशन किया है। छात्र अश्विनी की सफलता ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि, जहां चाह है वहां राह है, शासकीय हायर सेकेंडरी मॉडल स्कूल कोतमा का यह छात्र विषम परिस्थिति में भी अपने लक्ष्य की और अग्रसर रहते हुए सफलता प्राप्त की। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ जनों विद्यालय के गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए के छात्र अश्वनी के उज्जवल भविष्य की कामना की है। वही भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहां की जिले के सभी होनहार छात्रों को बेहतर शिक्षा देने उद्देश्य के साथ प्रदेश की भाजपा सरकार संकल्पित है। टॉपर छात्रों की शिक्षा के राह पर कोई भी व्यवधान उत्पन्न ना हो, इसके लिए सरकार कई योजनाओं के माध्यम से छात्रों का भविष्य सावरकर हर संभव मदद के लिए तैयार है। इस अवसर पर बिसाहूलाल सिंह विधायक अनूपपुर, गुड्डू चौहान जिला अध्यक्ष कांग्रेस, रामदास पुरी पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष, अनिल गुप्ता पूर्व अध्यक्ष विंध्य विकास प्राधिकरण, सुनील सराफ पूर्व विधायक कोतमा, पत्रकार आनंद पांडे, नीरज गुप्ता, विजय तिवारी, विजय कुमार पंडा, राहुल मिश्रा एवं चीनी मित्र मंडली द्वारा माता एवं पिता सतीश मिश्रा को बधाई प्रेषित करते हुए अश्वनी मिश्रा के उज्जवल भविष्य की कामना की है।