रेलवे स्टेशन में पार्किंग ठेकेदार द्वारा अवैध बेरीकेडिंग और वसूली पर रोक लगाने की मांग पर सौपा ज्ञापन
अनूपपुर
रेलवे स्टेशन अनूपपुर परिक्षेत्र में अवैध रूप से बेरीकेडिंग लगाकर आम जनता को परेशान कर ठेकेदार के अपरिचित व्यक्तियों द्वारा की जा रही वसूली पर रोक लगाने की मांग पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष अनूपपुर जीवेन्द्र सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राम खेलावन राठौर एवं जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह ने एम.पी.शर्मा मुख्य स्टेशन अधीक्षक अनूपपुर को डी.आर.एम. बिलासपुर, SECR (द.पू.म.रेलवे) के नाम पर ज्ञापन सौंपकर किया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अनूपपुर रेलवे स्टेशन के पार्किंग ठेकेदार के अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दक्षिणी छोर पर अवैध रूप से वसूली किया जा रहा है, रेलवे द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा पूरे रेलवे परिक्षेत्र में बांस -बल्ली/बेरीकेट्स लगाकर अवरोध उत्पन्न किया गया है, दिव्यांग जनों के लिए बनाएं गए प्लेटफार्म नंबर 03और 04 की ओर जाने वाले रास्ते को भी बांस -बल्ली /बेरीकेट्स लगाकर अवरोध पैदा किया गया है।
ठेकेदार द्वारा अनेकों अनजान व्यक्तियों को पार्किंग शुल्क वसूली हेतु लगाया गया है जिनके पास कोई भी वैद्य परिचय पत्र नही है और न ही पुलिस वेरिफिकेशन है। इन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा झुंड बनाकर रेलवे कैंपस में आम जनमानस को अनावश्यक परेशान करके डरा - धमकाकर पार्किंग शुल्क वसूली किया जा रहा है।
क्या ठेकेदार को रेलवे स्टेशन परिक्षेत्र में बेरीकेट्स लगाने का अधिकार है.....? बेरीकेडिंग रेलवे स्टेशन अनूपपुर जंक्शन के दोनों ओर अर्थात दक्षिणी छोर एवं मुख्य द्वार उत्तरी छोर में किया गया है। केवल पार्किंग स्थल पर ही शुल्क वसूली करने हेतु आदेशित किया जाए एवं वसूली करने वाले व्यक्तियों का पुलिस वेरिफिकेशन और परिचय पत्र अनिवार्य किया जाए। अवांछित तत्वों को स्टेशन परिसर में पार्किंग शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए एवं ठेकेदार द्वारा लगाए गए बेरीकेडिंग को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
