बड़ी लापरवाही, खड़ी पीकप से भिड़ा बाइक सवार, युवक के शरीर से सरिया हुई आर- पार, हुई मौत
*मामला हुआ दर्ज*
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खटखरिया तालाब के पास शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि आखिर युवक को कैसे निकाला जाए।
पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे सरिया (लोहे की छड़) से लोड एक पिकअप वाहन खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा बाइक सवार युवक सीधे पिकअप के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में लोड दो सरिया युवक के गर्दन और पेट में घुस गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास खड़े लोग घटना को देख स्तब्ध रह गए। कुछ लोग मदद के लिए आगे बढ़े, लेकिन सरिया युवक के शरीर में फंसे होने के कारण उसे निकालना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को पीछे खींचकर युवक के शरीर से सरिया निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अछू कोल (30 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2, ब्यौहारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
घटना के बाद एक बार फिर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहनों की नियमित जांच और सख्ती नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। खासतौर पर सरिया लोड करने वाले वाहन चालक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते और सरिया के पीछे किसी प्रकार का चेतावनी संकेत या कपड़ा नहीं बांधते, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पिकअप वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
