मकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, शासकीय उचित मूल्य दुकान में भी लगी आग

मकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, शासकीय उचित  मूल्य दुकान में भी लगी आग


अनूपपुर 

धार्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक के नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 11, बैंक टोला में जंगल में लगी आग ने एक कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगल में गिरे सूखे पत्तों में आग लगा दी गई। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास ही स्थित लल्लूराम उसराठे (उम्र 64 वर्ष) के कच्चे मकान तक पहुंच गई।

घटना के समय लल्लूराम की पत्नी उचित मूल्य की दुकान से राशन लेने गई थीं, जबकि वे स्वयं नर्मदा मंदिर के सामने कार्य हेतु गए हुए थे। सूचना मिलने पर दोनों तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मकान का एक बड़ा हिस्सा आग की लपटों में घिर चुका था। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और नगर परिषद को भी सूचना दी गई। अग्निशमन दल के पहुंचने से पहले ही घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। बाद में आग पर काबू पा लिया गया।

इस आगजनी में घर का लाखों रुपये का सामान जल गया, जिसमें घरेलू उपयोग की वस्तुएं, बर्तन, कांच के सामान एवं बेटे के दहेज में मिला पलंग आदि शामिल हैं। घटना के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, किंतु प्रारंभिक तौर पर जंगल में लगाई गई आग को ही इसका कारण माना जा रहा है।

*शासकीय उचित मूल्य दुकान में अचानक लगी आग*

अनूपपुर जिले के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति पैक्स दुलहरा अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकान ग्राम कांसा में अचानक आग लग गई। मोहल्ले के लोगों ने विक्रेता चौकीदार एवं डायल 112 को जानकारी दी गई। दुकान विक्रेता राकेश पटेल जब उचित मूल्य दुकान पहुंचे तो ताला खोले इसके पश्चात मोहल्ले के लोगों ने पाइप पानी की व्यवस्था करके आग बुझाया गया।स्थान पर मौजूद लोगों ने बताया कि अनाज का वितरण तीन दिवस पूर्ण हो चुका था। उचित मूल्य दुकान में अनाज के खाली बोरे रखे हुए थे जिसमें आग लगी हुई थी जिसे बुझाया गया एवं दो कमरों में 20-20 बोरी अनाज वितरण हेतु बची थी, जिसमें आग ना पहुंच पाने से सुरक्षित रहा, आग में अनाज के खाली वारदाने और कुर्सी जलकर खाक हुई है। दुलहरा समिति पैक्स प्रबंधक मनोज विश्वकर्मा मौका स्थल पर पहुंचकर विक्रेता राकेश पटेल को समस्त जले हुए सामग्रियों की पंचनामा सूची बनाकर रखने का सलाह दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान के पीछे एक छोटा सा तालाब है, जहां पर भारी मात्रा में कचरा उगा रहता है वही किसी कारणवश आग लगने के कारण रोशनदान से हवा में आग की लपटे उड़कर पहुंची, जिसके कारण आग लग गई। डायल 112 के आरक्षक द्वारा बताया गया कि इस संबंध लक्ष्मी राठौर के द्वारा जानकारी दी गई जिसका इवेंट हमें भोपाल से प्राप्त हुआ, नगर पालिका अनूपपुर को फायर ब्रिगेड भेजने की जानकारी दिया गया परंतु कहीं और व्यस्त होने के कारण समय से नहीं आ पाया। उक्त फायर ब्रिगेड सभी प्रकार के आग पर काबू पाए जाने के 2 घंटे पश्चात घटनास्थल पर पहुंची। बाकी कोई किसी प्रकार की जनधन हानि/अप्रिय घटना नहीं हुई है।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget