समय से जानकारी न देना, जीन्स पहनकर आना पड़ा भारी, आईजी2 ने 3 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
शहडोल
पुलिस महानिरीक्षक, शहडोल जोन के जारी एक आदेश में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जरुरी सूचनाएं समय पर न देने और वर्दी की जगह जींस पहनकर वरिष्ठ अधिकारी के सामने पहुंचने की वजह से की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल ने 3 अप्रैल 2025 को उप पुलिस अधीक्षकों के थाना भ्रमण और बैठक से संबंधित जानकारी मांगी थी। इस संबंध में शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों से संबंधित जानकारी समय पर नहीं दी गई, जबकि इसकी समीक्षा कई बार की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए 16 मार्च 2026 को संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण के लिए बुलाया गया था।
पूछताछ के दौरान प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी जींस पहनकर पहुंचे जिसे पुलिस विभाग की अनुशासनहीनता और वर्दी संबंधी नियमों का उल्लंघन माना गया। इसके अलावा, रीडर शाखा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक परवेज खान, प्रधान आरक्षक प्रवीण तिवारी और आरक्षक गौरव सिंह ने जरुरी जानकारी समय पर नहीं दी, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया।
प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर पुलिस महानिरीक्षक ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनकी मूल इकाई में वापसी के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए धनपुरी एसडीओपी को निर्देशित किया गया है कि वे 10 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और समयबद्ध कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
